इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 09 Jun, 2022
  • 13 min read
प्रारंभिक परीक्षा

चंद्रमा का एकीकृत भूगर्भिक मानचित्र

हाल ही में संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने नासा और ‘चंद्र ग्रह संस्थान’ के साथ साझेदारी में चंद्रमा का एक नया व्यापक मानचित्र जारी किया है, जिसे 'चंद्रमा का एकीकृत भूगर्भिक मानचित्र' (Unified Geologic Map of the Moon) कहा जाता है। 

  • नया नक्शा चंद्रमा को 1:50,00,000 पैमाने के आकार में दर्शाता है और दावा किया जाता है कि यह शोधकर्त्ताओं, वैज्ञानिकों, छात्रों तथा आम जनता के काम आएगा। 
  • यह मानचित्र छह अपोलो-युग क्षेत्रीय मानचित्रों से एकत्रित जानकारी की सहायता से बनाया गया है। 
    • इसमें हाल ही में चंद्रमा पर किये गए उपग्रह मिशनों के डेटा का भी उपयोग किया गया है। 

महत्त्व: 

  • भविष्य के मानव मिशन के लिये ब्लूप्रिंट: 
    • यह नया मानचित्र "भविष्य के मानव मिशनों के लिये चंद्रमा की सतह के भूविज्ञान के निश्चित ब्लूप्रिंट" के रूप में कार्य करेगा। 
  • चंद्रमा की सतह को समझने में मदद: 
    • इससे चंद्रमा की सतह को समझने में मदद मिलेगी। 
    • मानचित्र शोधकर्त्ताओं को चंद्रमा की सतह पर स्थित संरचनाओं के पीछे के इतिहास को जानने में भी मदद करेगा। 
      • इससे पहले अंतरिक्ष के माध्यम से उड़ान भरने वाले एक अंतरिक्षयान के बचे हुए टुकड़े ने (चांग'ई 5-टी 1- चीन का एक चंद्र मिशन) कथित तौर पर चंद्रमा की सतह से टकराकर एक नए क्रेटर का निर्माण किया, जो लगभग 65 फीट चौड़ा लूनर क्रेटर हो सकता है। 

चंद्रमा: 

  • परिचय: 
    • चंद्रमा पृथ्वी का एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह है और सौरमंडल का पाँचवाँ सबसे बड़ा चंद्रमा है। 
    • चंद्रमा की उपस्थिति हमारे ग्रह की गति को स्थिर करने और हमारी जलवायु को नियंत्रित करने में मदद करती है। 
    • चंद्रमा की पृथ्वी से दूरी लगभग 240,000 मील है। 
    • चंद्रमा का एक बहुत ही विरल वातावरण है जिसे ‘एक्सोस्फीयर’ कहा जाता है। 
  • चंद्रमा की अवस्थाएँ: 
    • चंद्रमा चार मुख्य चरणों को प्रदर्शित करता है: अमावस्या, प्रथम चतुर्थांश, पूर्णिमा और अंतिम चतुर्थांश 
      • अमावस्या: यह चरण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच होता है, इस प्रकार चंद्रमा का छाया वाला भाग पृथ्वी की ओर होता है। 
      • पूर्णिमा: यह चरण तब होता है जब चंद्रमा सूर्य से पृथ्वी के विपरीत दिशा में होता है और इस प्रकार चंद्रमा का प्रकाशित भाग पृथ्वी की ओर होता है। 
      • पहली और अंतिम तिमाही: इस चरण में आधा चंद्रमा प्रकाशित दिखाई देता है, जब चंद्रमा पृथ्वी से देखे जाने पर सूर्य के संबंध में एक समकोण पर होता है। पृथ्वी, जैसा कि चंद्रमा से देखा गया है, विपरीत क्रम में समान चरणों को दिखाता है, उदाहरण के लिये अमावस्या पर पूरी पृथ्वी पर अंधकार होता है । 
  • संबंधित मिशन: 

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, पिछले वर्ष के प्रश्न (PYQ): 

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों में से कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं? 

     अंतरिक्षयान            :  प्रयोजन 
1- कैसिनी-हाइगेन्स        :  शुक्र की परिक्रमा करना और डेटा को पृथ्वी पर प्रेषित करना 
2- मेसेंजर                  :  बुध का मानचित्रण और अन्वेषण 
3- वॉयेजर 1 और 2       :  बाह्य सौर परिवार का अन्वेषण 

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये: 

(a) केवल 1  
(b) केवल 2 और 3  
(c) केवल 1 और 3   
(d) 1, 2 और 3 

उत्तर: (b) 


प्रश्न. अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के संदर्भ में हाल ही में खबरों में रहा "भुवन" क्या है? (2010) 

(a) भारत में दूरस्थ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये इसरो द्वारा लॉन्च किया गया एक छोटा उपग्रह 
(b) चंद्रयान-II के लिये अगले मार्स प्रोब को दिया गया नाम 
(c) 3डी इमेजिंग क्षमताओं के साथ इसरो का एक जियोपोर्टल 
(d) भारत द्वारा विकसित एक अंतरिक्ष दूरबीन 

उत्तर: (C) 


प्रश्न. हाल ही में चर्चा में रहे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के थेमिस मिशन का क्या उद्देश्य है? (2008) 

(a) मंगल ग्रह पर जीवन की संभावना का अध्ययन करना 
(b) शनि के उपग्रहों का अध्ययन करना 
(c) उच्च अक्षांश आकाश के रंगीन प्रदर्शन का अध्ययन करना 
(d) तारकीय विस्फोटों का अध्ययन हेतु एक अंतरिक्ष प्रयोगशाला बनाना 

 उत्तर: (C) 

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस 


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 09 जून, 2022

मिताली राज 

भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ कही जाने वालीं मिताली राज ने 8 जून, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 26 जून, 1999 को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाली मिताली ने अपने 23 साल के कॅरियर में कई महत्त्वपूर्ण उपलब्धियांँ हासिल कीं। तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कमान संभाल चुकी मिताली के नाम महिला क्रिकेट में सर्वाधिक 10,868 रन हैं। वह रिकॉर्ड छह विश्‍व कप खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं। मिताली 200 एक-दिवसीय मैच खेलने वाली भी इकलौती महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं तथा उन्होंने अपने कॅरियर में 12 टेस्ट मैच, 232 एक-दिवसीय मैच और 89 टी-20 में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने एक-दिवसीय क्रिकेट में 7 शतक और 64 अर्द्धशतकों के साथ 7805 रन, जबकि टेस्ट मैचों में 1 शतक एवं 4 अर्द्धशतकों के साथ 699 रन तथा टी-20 क्रिकेट मैच में 17 अर्द्धशतकों के साथ 2364 रन बनाए। हालांँकि महिला क्रिकेट की सचिन तेंदुलकर कही जाने वाली मिताली राज का वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया। 

विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस 

ब्रेन ट्यूमर के बारे में जागरूकता फैलाने और लोगों को शिक्षित करने के लिये प्रतिवर्ष 8 जून को विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस मनाया जाता है। इस दिवस के आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य आम जनमानस को ब्रेन टयूमर के बारे में जागरूक बनाना और उन्हें इस संबंध में शिक्षित करना है। विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस के लिये वर्ष 2022 की थीम है- ‘टुगेदर वी आर स्ट्राँगर’ (Together We Are Stronger)। विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस का आयोजन पहली बार वर्ष 2000 में लीपज़िग (जर्मनी) स्थित एक गैर-लाभकारी संगठन ‘जर्मन ब्रेन ट्यूमर एसोसिएशन’ द्वारा किया गया था। इस दिवस को दुनिया भर में ब्रेन ट्यूमर के रोगियों और उनके प्रियजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने हेतु एक अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में घोषित किया गया था। ब्रेन ट्यूमर का आशय मस्तिष्क में असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि से है। ब्रेन ट्यूमर के मुख्यतः दो प्रकार होते हैं- कैंसरयुक्त ट्यूमर और गैर-कैंसरयुक्त ट्यूमर। इसमें कैंसरयुक्त ट्यूमर अधिक घातक होता है। ब्रेन ट्यूमर एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन यह पूरी तरह से इलाज योग्य है। ब्रेन ट्यूमर के कुछ सामान्य उपचारों में सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, एंटी-सीज़र दवा, स्टेरॉयड उपचार आदि शामिल हैं। 

फ्रेंच ओपन टेनिस 2022 

फ्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में स्पेन के राफेल नडाल ने नॉर्वे के कास्पर रूड को 6-3, 6-3, 6-0 से हराकर टूर्नामेंट का 14वांँ एकल खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ 36 वर्षीय नडाल, रोलैंड गैरस में खिताब जीतने वाले अब तक के सबसे अधिक आयु के खिलाड़ी बन गए हैं। यह उनका 22वांँ ग्रैंड स्लैम खिताब है। उधर पेरिस में महिला सिंगल्स के फाइनल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वेतिक ने अमेरिका की कोको गॉफ को हराया। 21 वर्ष की इगा स्वेतिक ने गॉफ को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हराकर अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम जीता है। गॉफ ने क्ले कोर्ट में अपना पहला फाइनल खेला। 

फ्रेंच ओपन 2022 के विजेताओं की सूची : 

टाइटल  

विजेता  

उप विजेता  

पुरुष एकल 

राफेल नडाल (स्पेन) 

कास्पर रूड (नार्वेजियन) 

महिला एकल 

इगा स्वेतिक (पोलैंड) 

कोको गॉफ (अमेरिका) 

पुरुष युगल 

मार्सेलो अरवलो (अल सल्वाडोर), 
जीन-जूलियन रोजर (नीदरलैंड) 

इवान डोडिग (क्रोएशियाई), 
ऑस्टिन क्रेजिसेक (अमेरिका) 

महिला युगल 

कैरोलीन गार्सिया (फ्रेंच), 
क्रिस्टीना मलादेनोविक (फ्रांँस) 

जेसिका पेगुला (अमेरिका), 
कोको गॉफ (अमेरिका) 

मिश्रित युगल 

एना शिबहारा (जापान), 
वेस्ले कूलहोफ (नीदरलैंड) 

जोरन व्लिगेन (बेल्जियम), 
उलरिकके ईकेरि (नॉर्वे) 


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2