उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का सबसे लंबा कार्यकाल
- 29 Jul 2025
- 19 min read
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर बने रहने का नया रिकॉर्ड बनाया है।
प्रमुख बिंदु
- योगी आदित्यनाथ का कार्यकाल:
- उन्होंने 8 वर्ष, 4 माह और 10 दिन का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है, जिससे उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत द्वारा बनाए गए 8 वर्ष और 127 दिन के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
- गोविंद बल्लभ पंत, जिन्होंने वर्ष 1947 से 1954 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री थे और उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रारंभिक राजनीतिक संरचना में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
- योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक यात्रा:
- योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब उन्होंने विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत से जीत प्राप्त की।
- इसके पश्चात वे वर्ष 2022 में पुनः सत्ता में लौटे, जिससे वे पिछले 37 वर्षों में पहले ऐसे व्यक्ति बने जिन्होंने उत्तर प्रदेश में लगातार दो बार मुख्यमंत्री पद प्राप्त किया और उनका कार्यकाल बिना किसी व्यवधान के जारी रहा।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल
- योगी आदित्यनाथ: 8 वर्ष, 4 महीने और 10 दिन (वर्तमान)
- गोविंद बल्लभ पंत: 8 वर्ष, 127 दिन (संयुक्त प्रांत के प्रधानमंत्री (1946-1950) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (1950-1954)
- मायावती: 7 वर्ष, 16 दिन
- मुलायम सिंह यादव: 6 वर्ष, 274 दिन (3 बार मुख्यमंत्री रहे)
- संपूर्णानंद: 5 साल 345 दिन
- अखिलेश यादव: 5 साल, 4 दिन
- नारायण दत्त तिवारी: 3 वर्ष, 314 दिन (3 बार मुख्यमंत्री रहे)
योगी आदित्यनाथ के बारे में
- जन्म एवं प्रारंभिक जीवन:
- योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड में हुआ।
- उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विज्ञान विषय में ली, परंतु सामाजिक समस्याओं से उत्पन्न असंतोष के कारण मात्र 22 वर्ष की आयु में सांसारिक जीवन का त्याग कर संन्यास ग्रहण किया।
- आध्यात्मिक यात्रा:
- महंत अवैद्यनाथ जी महाराज के मार्गदर्शन में योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 1994 में मात्र 22 वर्ष की आयु में गोरक्षनाथ पीठ के उत्तराधिकारी व पीठाधीश्वर का पद ग्रहण किया।
- नाथ पंथ परंपरा में निहित उनका आध्यात्मिक मार्ग सामाजिक सुधारों, हिंदू पुनर्जागरण और आध्यात्मिक विकास पर केंद्रित था।
- राजनीतिक जीवन:
- वर्ष 1998 में 26 वर्ष की आयु में योगी आदित्यनाथ सबसे कम उम्र के सांसद के रूप में गोरखपुर से लोकसभा के लिये निर्वाचित हुए।
- इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 1999, 2004, 2009 और 2014 में लगातार गोरखपुर से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक स्थिति को मज़बूत किया।