इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

State PCS Current Affairs


उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग का हुआ शुभारंभ

  • 05 Dec 2023
  • 4 min read

चर्चा में क्यों?

4 दिसंबर, 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग की मशाल को प्रज्ज्वलित कर लीग का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथजी महाराज पंचम अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता-2023 के विजेताओं के लिये पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
  • कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने जेडी एकेडमी नई दिल्ली को हराकर खिताब जीता। मुकाबला समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने विजयी टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
  • मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ स्मृति अखिल भारतीय प्राइजमनी कबड्डी प्रतियोगिता में अगले वर्ष पुरस्कार राशि दोगुनी करने का निर्देश भी खेल विभाग को दिया।
  • मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के सभी विकास खंडों में होगी। इसमें कई तरह की खेल प्रतियोगिताएँ होंगी। ब्लॉक स्तर के बाद ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को जनपद, जोन और प्रदेश स्तर पर मौका मिलेगा। इससे लाखों खिलाड़ी लाभान्वित होंगे।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल के संसाधनों और गतिविधियों को बढ़ाने के लिये सरकार ने कई महत्त्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके तहत हर गाँव में खेल के मैदान व ओपन जिम विकसित किये जा रहे हैं। ज़िला स्तर पर स्टेडियम व ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
  • वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 2 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम हैं। वाराणसी में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है। प्रदेश में 15 सिंथेटिक हॉकी ट्रैक, 3 सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, 67 बहुउद्देश्यीय स्पोर्ट्स हाल, 15 इनडोर बास्केटबॉल हाल, 2 जूडो हाल, 6 शूटिंग रेंज बनाए जा चुके हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश का पहला विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और सांसद खेल स्पर्द्धा से खेल और खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिला है। इसे और गति देने के हर ज़िले में स्पोर्ट्स सेंटर बनाए जा रहे हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिये प्रदेश सरकार पर्याप्त धनराशि देने के साथ उन्हें सरकारी नौकरी दे रही है। डेढ़ लाख रुपए मासिक मानदेय पर कई कोच नियुक्त किये गए हैं। एकलव्य क्रीड़ा कोष से भी खिलाड़ियों को मदद दी जा रही है।
  • उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने और पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को भरपूर पुरस्कार राशि दिया जा रहा है, साथ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वालों को राजपत्रित पदों पर नियुक्ति दी जा रही है। प्रदेश में 500 खिलाड़ियों को नियुक्ति दी जा चुकी है।

   

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2