राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स
निवेदिता दुबे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की पहली महिला सदस्य बनीं
- 14 Feb 2026
- 12 min read
चर्चा में क्यों?
निवेदिता दुबे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के बोर्ड में नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। यह नियुक्ति भारतीय नागरिक उड्डयन क्षेत्र में नेतृत्व और लैंगिक प्रतिनिधित्व के संदर्भ में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्य बिंदु:
- ऐतिहासिक नियुक्ति: निवेदिता दुबे ने सदस्य (मानव संसाधन) के रूप में पदभार ग्रहण किया है, जो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) बोर्ड में दूसरा सबसे बड़ा पद है। इसके साथ ही वह AAI के बोर्ड में शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
- संगठन: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एक वैधानिक निकाय है, जो भारत में नागरिक उड्डयन अवसंरचना के निर्माण, उन्नयन, रखरखाव और प्रबंधन के लिये उत्तरदायी है।
- पृष्ठभूमि: उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1995 में AAI में प्रबंधन प्रशिक्षु (Management Trainee) के रूप में की थी।
- वर्षों के दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे में एयरपोर्ट मैनेजर सहित विभिन्न भूमिकाएँ निभाईं और क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र) के रूप में भी सेवा दी।
- भूमिका एवं दायित्व: AAI बोर्ड में सदस्य (मानव संसाधन) के रूप में वह नीति निर्माण, कार्मिक प्रबंधन, औद्योगिक संबंधों और संगठन के प्रशासन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
- महत्त्व: उनकी नियुक्ति को भारत में महिलाओं और युवाओं के लिये एक प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में व्यापक रूप से सराहा जा रहा है, विशेष रूप से विमानन क्षेत्र में, जहाँ ऐतिहासिक रूप से वरिष्ठ शासन स्तरों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व सीमित रहा है।
|
और पढ़ें: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) |