प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

State PCS Current Affairs


हरियाणा

प्रदेश के चार पुलिसकर्मी डीजीपी उत्तम सेवा पदक के लिये चयनित

  • 04 Nov 2023
  • 4 min read

चर्चा में क्यों?

31 अक्तूबर, 2023 को पुलिस विभाग द्वारा डीजीपी उत्तम सेवा पदक के लिये प्रदेश में चार पुलिसकर्मियों का तथा नकद पुरस्कार के लिये एक अन्य पुलिसकर्मी का नाम चयनित किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिये तीन प्रकार के राज्यस्तरीय अवॉर्ड मंज़ूर किये गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री वीरता पदक, गृह मंत्री उत्कृष्ट अन्वेषण पदक तथा डीजीपी उत्तम सेवा पदक शामिल हैं।
  • मुख्यमंत्री वीरता पदक विजेता को ईनामस्वरूप 2 लाख रुपए,  गृह मंत्री उत्कृष्ट अन्वेषण पदक विजेता को एक लाख रुपए तथा डीजीपी उत्तम सेवा पदक विजेता को  50  हज़ार रुपए की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र/स्क्राल भी मिलेगा।
  • डीजीपी उत्तम सेवा पदक विजेता के तहत हरियाणा प्रदेश में 4 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है, जिन्हें 50 हज़ार रुपए की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही एक अन्य पुलिसकर्मी को 10  हज़ार रूपए की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
  • डीजीपी उत्तम सेवा पदक के लिये चयनित पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, हेड कॉन्स्टेबल अंकुश, इंस्पेक्टर राम कुमार और सब-इंस्पेक्टर अजब सिंह शामिल है। वहीं सब-इंस्पेक्टर शमशेर सिंह को 10  हज़ार रुपए की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
  • आईजी ट्रैफिक एंड हाईवे करनाल कार्यालय में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत् प्रदीप कुमार ने अपनी ड्यूटी के दौरान यातायात व्यवस्था संबंधी अनेक महत्त्वपूर्ण कार्य किये। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में यातायात को लेकर आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन में भी महत्त्वपूर्ण सहयोग दिया।
  • हेड कॉन्स्टेबल अंकुश को साइबर सेल में अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ देने के लिये सम्मानित किया जा रहा है। अंकुश द्वारा साइबर सुरक्षा को लेकर बनाई जाने वाली कार्य योजना के बेहतर क्रियान्वयन में उदाहरणात्मक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही अंकुश ने 1600 से अधिक अध्यापकों तथा विद्यार्थियों और 1250 से अधिक पुलिस कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया।
  • वर्तमान में हिसार ज़िला में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत् राम कुमार ने अपने कार्यकाल में कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करते हुए कई गंभीर मामलों को सुलझाने में अपना सहयोग दिया। उनकी मेहनत व लगन के चलते इन्हें इंस्पेक्टर के पद पर भी पदोन्नति दी गई।
  • ज़िला पंचकूला में कार्यरत् सब-इंस्पेक्टर अजब सिंह सदैव अपनी ड्यूटी को लेकर काफी मेहनती तथा समर्पित रहे, जिसके चलते इन्हें पुलिस विभाग में वर्ष 2017 में पदोन्नत भी किया गया। ड्यूटी के दौरान इनकी कार्य प्रणाली बहुत ही व्यवस्थित तथा निष्पक्ष रही।
  • वर्तमान में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत् शमशेर सिंह ने अपनी ड्यूटी के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित करते हुए कई मामलों में अच्छा प्रदर्शन किया। जिसके चलते इन्हें ईनाम स्वरूप 10  हज़ार रुपए की नकद राशि भेंट की जाएगी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2