छत्तीसगढ़
जनजाति स्वतंत्रता सेनानियों का भारत का पहला डिजिटल संग्रहालय
- 04 Nov 2025
 - 13 min read
 
चर्चा में क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 नवंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर, अटल नगर में भारत के पहले डिजिटल जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया।
- यह संग्रहालय ब्रिटिश उपनिवेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष करने वाले जनजातीय वीरों के साहस, त्याग और विरासत का प्रतीक है।
 
मुख्य बिंदु
- संग्रहालय के बारे में:
- “शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय” नामक यह भारत का पहला पूर्णतः डिजिटल संग्रहालय है, जो जनजातीय वीरों को समर्पित है।
 - यह संग्रहालय उन्नत डिजिटल एवं इंटरैक्टिव प्रौद्योगिकी के माध्यम से जनजातीय नेताओं की वीरता और विद्रोह की गाथा को प्रदर्शित करता है।
 - आगंतुकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिये इसमें VFX डिस्प्ले, इंटरैक्टिव स्क्रीन, डिजिटल प्रोजेक्शन तथा QR-कोड आधारित स्टोरीटेलिंग को एकीकृत किया गया है।
 
 - वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि:
- यह संग्रहालय शहीद वीर नारायण सिंह (1820–1857) को समर्पित है, जो छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद स्वतंत्रता सेनानी और सोनाखान के जमींदार थे।
 - उन्होंने वर्ष 1856–57 के अकाल के दौरान ब्रिटिश अनाज जमाखोरी के विरुद्ध विद्रोह का नेतृत्व किया तथा औपनिवेशिक शोषण के विरुद्ध किसानों और आदिवासियों को संगठित किया।
 - वर्ष 1857 में पकड़े जाने और फाँसी दिये जाने के पश्चात् वे मध्य भारत में आदिवासी प्रतिरोध और स्वशासन के प्रतीक बन गए।
 - रायपुर स्थित वीर नारायण सिंह स्टेडियम का नाम भी उनके सम्मान में रखा गया है।
 
 - प्रदर्शित विद्रोह और आंदोलन: 
- इसमें हल्बा विद्रोह, परलकोट विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भूमकाल आंदोलन, तारापुर और लिंगागिरी विद्रोह, रानी चौरी संघर्ष तथा झंडा और जंगल सत्याग्रह जैसे ऐतिहासिक विद्रोह शामिल हैं।