रैपिड फायर
युवा संगम
- 07 Apr 2026
- 15 min read
वर्ष 2023 में अपने लॉन्च के बाद से युवा संगम का विस्तार कई चरणों में हुआ है, जिसमें हज़ारों युवाओं ने भाग लिया है और चरण-VI (2026) के लिये हाल के पंजीकरणों ने इस कार्यक्रम को 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विस्तारित कर दिया है।
युवा संगम कार्यक्रम
- परिचय: युवा संगम एक युवा सहभागिता कार्यक्रम है, जो एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के अंतर्गत आता है, जो अनुभवात्मक शिक्षा और अंतर-राज्यीय अनुभव के माध्यम से राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देता है।
- एक भारत श्रेष्ठ भारत, जिसे 31 अक्तूबर, 2015 को राष्ट्रीय एकता दिवस पर लॉन्च किया गया था, का उद्देश्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को संस्कृति, भाषा, पर्यटन एवं ज्ञान के आदान-प्रदान में निरंतर आपसी संबंधों से जोड़कर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है।
- भागीदारी: यह कार्यक्रम 18–30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिये तैयार किया गया है, जिसमें छात्र, NSS स्वयंसेवक, नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS) के सदस्य और युवा पेशेवर शामिल हैं। प्रतिभागी तय किये गए राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की संरचित अध्ययन यात्राओं पर जाते हैं, जहाँ वे स्थानीय संस्कृति, समुदायों, संस्थानों तथा विकास परियोजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ते हैं।
- क्रियान्वयन: यह शिक्षा मंत्रालय द्वारा निर्देशित है और उच्च शिक्षा संस्थानों (HEIs) के माध्यम से कार्यान्वित किया जाता है, जो युवाओं की भागीदारी के लिये एक संरचित मंच प्रदान करता है। यह कार्यक्रम 'संपूर्ण सरकार' दृष्टिकोण का पालन करता है, जिसमें शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन तथा युवा मामलों जैसे कई मंत्रालय और क्षेत्र शामिल हैं।
- महत्त्व: यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है, जो वास्तविक अनुभवों के माध्यम से अनुभवात्मक और अंतः विषय शिक्षण पर बल देती है। साथ ही यह एक ज्ञान-आधारित और भविष्य-उन्मुख पीढ़ी को तैयार कर 'विकसित भारत @2047' के राष्ट्रीय संकल्प को मूर्त रूप देने में सहायक है।
|
और पढ़ें: युवा संगम |
