दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स



प्रारंभिक परीक्षा

व्हाइट-बेलीड हेराॅन एवं कलई-II परियोजना

  • 09 Jan 2026
  • 50 min read

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

चर्चा में क्यों?

अरुणाचल प्रदेश (AR) में लोहित नदी पर प्रस्तावित 1,200 मेगावाट की कलई-II जलविद्युत परियोजना को प्रदान की गई पर्यावरणीय स्वीकृति (Environmental Clearance- EC) ने पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (Environmental Impact Assessment- EIA) में गंभीर कमियों को लेकर चिंता उत्पन्न की है। यह चिंता विशेषत: गंभीर रूप से लुप्तप्राय व्हाइट-बेलीड हेराॅन के संरक्षण से संबंधित है।

व्हाइट-बेलीड हेराॅन क्या है?

  • परिचय: व्हाइट-बेलीड हेराॅन (Ardea insignis), जिसे इंपीरियल हेरॉन या ग्रेट व्हाइट-बेलीड हेरॉन भी कहा जाता है, आर्डेइडे (Ardeidae) कुल की बगुला प्रजाति है। यह विश्व का दूसरा सबसे बड़ा बगुला माना जाता है।
  • पर्यावास: यह प्रजाति पूर्णतः पूर्वी हिमालय की मुक्त-प्रवहमान एवं तीव्र प्रवाह वाली नदी पारितंत्र पर निर्भर करती है, जहाँ मानव हस्तक्षेप/गतिविधियाँ न्यूनतम हों। यह प्रजाति मुख्यतः नदी की तीव्र धाराओं (Rapids) में उपलब्ध मछलियों पर निर्भर रहती है, जिसके कारण यह बांधों के निर्माण तथा नदी प्रवाह व्यवस्था में होने वाले परिवर्तनों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होती है।
  • रूपात्मक विशेषताएँ: इसकी गर्दन लंबी एवं लचीली तथा अत्यंत तीक्ष्ण दाँतेदार (Serrated) चोंच होती है, जो इसे गहरे जल में मछलियाँ पकड़ने में विशेष रूप से सक्षम बनाती है।
    • इसका सुगठित (कॉम्पैक्ट) शरीर तथा अपेक्षाकृत छोटी टाँगें तीव्र नदी धाराओं में स्थिरता बनाए रखने में सहायक होती हैं। इसकी लंबी एवं फैली हुई पैर की उँगलियाँ फिसलन भरी चट्टानों को मज़बूती से पकड़ने में सक्षम बनाती हैं, जो अशांत एवं प्रवहमान नदी पर्यावास के प्रति एक महत्त्वपूर्ण अनुकूलन है।
  • अनुसूची-I में आने वाली प्रजाति (भारत में सर्वोच्च विधिक संरक्षण) — वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत।
    • भूटान वैश्विक प्रजातियों के लगभग 45% को आश्रय देता है, जहाँ 3–5 सक्रिय प्रजनन युग्मक प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिससे यह देश इस प्रजाति का अंतिम सशक्त गढ़ बन गया है।
    • नेपाल में इसे विलुप्त माना जाता है और बांग्लादेश में भी इसके विलुप्त होने की आशंका है।
  • संरक्षण स्थिति: IUCN रेड लिस्ट के अनुसार यह एक गंभीर रूप से लुप्तप्राय (Critically Endangered) प्रजाति है।
  • वैश्विक एवं क्षेत्रीय आकलन: यह प्रजाति हिमालयी मीठे जल के पारितंत्रों में लगभग 1,65,000 वर्ग किमी. क्षेत्र में विस्तृत है, जिसमें भूटान, भारत, म्याँमार, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं। वर्तमान में वनों में 60 से भी कम प्रजातियाँ शेष हैं।
  • भारत में वितरण: यह प्रजाति अरुणाचल प्रदेश के लोहित, अंजॉ और चांगलांग ज़िलों में पाई जाती  हैं। नामदफा टाइगर रिज़र्व (AR) और कामलांग टाइगर रिज़र्व (AR) के आसपास इसकी उपस्थिति दर्ज की गई है। लोहित नदी के संपूर्ण प्रवाह क्षेत्र में इसके प्रवास के प्रमाण मिले हैं।
  • व्यवहार: यह प्रजाति प्रायः एकाकी रहती है, भोर और संध्या के समय गहरी आवाज़ में टर्राहट करती है तथा ऊँचे वृक्षों पर घोंसला बनाती है।
  • पारिस्थितिक महत्त्व: यह प्रजाति हिमालय के मीठे जलीय पारितंत्र के लिये एक जैव-संकेतक (bio-indicator) के रूप में कार्य करती है, जो जल गुणवत्ता, मत्स्य आबादी, प्रदूषण और आवास की अखंडता जैसे कारकों को प्रतिबिंबित करती है। इसका पतन व्यापक पारितंत्र क्षरण और खाद्य शृंखलाओं के विघटन का संकेत देता है।
  • मुख्य खतरे: जलविद्युत बांध (आवास विखंडन, नदी प्रवाह में परिवर्तन), आवासन हानि, शिकार और मानवजनित व्यवधान। इसके अतिरिक्त अत्यंत छोटा जीन पूल और सीमित वितरण क्षेत्र भी गंभीर चुनौतियाँ हैं।

कलाई-II जलविद्युत परियोजना क्या है?

  • परिचय: यह अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ ज़िले में स्थित ब्रह्मपुत्र की एक प्रमुख सहायक नदी लोहित नदी पर प्रस्तावित 1,200 मेगावाट की रन-ऑफ-रिवर जलविद्युत परियोजना है, जिसमें तालाब (कम  भंडारण क्षमता) भी शामिल है।
    • इसका विकास टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है ।
  • विकास का इतिहास: प्रारंभ में एक प्राइवेट डेवलपर को आवंटित यह परियोजना वर्षों तक गैर-संचालित बनी रही, फिर वर्ष 2023-24 में इसे पुनरुज्जीवित किया गया और अरुणाचल प्रदेश सरकार द्वारा THDC इंडिया लिमिटेड को हस्तांतरित कर दिया गया ।
    • यह उन 13 रुकी हुई जलविद्युत परियोजनाओं में से एक है जिन्हें तेज़ी से क्रियान्वयन के लिये केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को पुनः आवंटित किया गया है।

लोहित नदी

  • परिचय: लोहित नदी ब्रह्मपुत्र नदी के दाहिने तट की एक सहायक नदी है। इसका उद्गम पूर्वी तिब्बत की कांगरी कार्पो पर्वतमाला से होता है, जहाँ इसे जायुल चू (Zayul Chu) कहा जाता है।
  • प्रवाह मार्ग: यह नदी अरुणाचल प्रदेश के किबिथू (भारत का सबसे पूर्वी आबाद क्षेत्र) के पास भारत में प्रवेश करती है, अंजॉ और लोहित ज़िलों में मिश्मी पहाड़ियों से होकर दक्षिण की ओर बहती है और अंततः परशुराम कुंडसादिया के निकट असम के मैदानों में प्रवेश करती है।
    • यह नदी कमलांग वन्यजीव अभयारण्य (Kamlang Wildlife Sanctuary) और मेहाओ वन्यजीव अभयारण्य (अरुणाचल प्रदेश) जैसे संरक्षित क्षेत्रों से होकर प्रवाहित होती है।
  • संगम: यह असम के कोबो के पास सियांग (ऊपरी ब्रह्मपुत्र) और दिबांग नदियों से मिलकर ब्रह्मपुत्र नदी की मुख्यधारा का निर्माण करती है।
  • जलविद्युत परियोजनाएँ: कलाई–II जलविद्युत परियोजना (1,200 मेगावाट), डेमवे लोअर जलविद्युत परियोजना (1,750 मेगावाट, वर्तमान में रुकी हुई), हटोंग (प्रस्तावित) और डेमवे अपर (प्रस्तावित)।

Lohit_River

EIA

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. व्हाइट-बेलीड हेराॅन का संरक्षण की स्थिति क्या है?
यह IUCN रेड लिस्ट में गंभीर रूप से लुप्तप्राय (Critically Endangered) श्रेणी में शामिल है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत अनुसूची–I (Schedule-I) की प्रजाति है।

2. भारत में व्हाइट-बेलीड हेरॉन कहाँ पाया जाता है?
मुख्य रूप से अरुणाचल प्रदेश में लोहित, अंजॉ और चांगलांग ज़िले, जिनमें नामदफा और कमलांग टाइगर रिज़र्व शामिल हैं।

3. हाइड्रोपावर बांध व्हाइट-बेलीड हेरॉन के लिये खतरा कैसे हैं?
नदी के प्रवाह में बदलाव, आवासों के विखंडन, मछलियों की उपलब्धता में कमी और मानव गतिविधियों में वृद्धि के माध्यम से।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQs)

प्रश्न. मरुभूमि राष्ट्रीय उद्यान के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं? (2020) 

  1. यह दो ज़िलों में विस्तृत है।
  2. उद्यान के अंदर कोई मानव बस्ती नहीं है।
  3. यह ग्रेट इंडियन बस्टर्ड के प्राकृतिक आवासों में से एक है। 

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 2 

(b) केवल 2 और 3 

(c) केवल 1 और 3 

(d) 1, 2 और 3 

उत्तर: C


प्रश्न. निम्नलिखित नेशनल पार्कों में से किस एक की जलवायु उष्णकटिबंधीय से उपोष्ण, शीतोष्ण और आर्कटिक तक परिवर्तित होती है? (2015)

(a) कंचनजंघा नेशनल पार्क

(b) नंदादेवी नेशनल पार्क

(c) नेवरा वैली नेशनल पार्क

(d) नामदफा नेशनल पार्क

उत्तर: (d)

close
Share Page
images-2
images-2