इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 27 अप्रैल, 2023

  • 27 Apr 2023
  • 6 min read

जल प्रबंधन पर भारत-हंगरी संयुक्त कार्य समूह

जल प्रबंधन सहयोग के लिये भारत-हंगरी संयुक्त कार्य समूह की पहली बैठक नई दिल्ली में हुई जहाँ दोनों देशों ने जल क्षेत्र में चुनौतियों और पहलों पर चर्चा की। भूजल के अति-दोहन के मुद्दे और भारत में उचित जल प्रबंधन प्रथाओं की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित किया गया। सहयोग के लिये प्राथमिकता स्तर पर छह क्षेत्रों की पहचान की गई जिसमें चरम घटनाओं का प्रबंधन, भूजल की खोज एवं प्रबंधन और जल संसाधनों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करना शामिल है। भविष्य में सहयोग को लेकर दिशा-निर्देश हेतु तीन वर्ष की कार्ययोजना पर हस्ताक्षर किये गए। हंगरी और भारत ने जल प्रबंधन में अपनी तकनीकी, वैज्ञानिक और प्रबंधन क्षमताओं को मज़बूत करने के लिये समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये हैं। दोनों देश एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन, जल तथा अपशिष्ट जल प्रबंधन और जल संबंधी शिक्षा, अनुसंधान एवं विकास में सहयोग करेंगे। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन योजना की सफलता को दिखाने के लिये हंगरी के विशेषज्ञों के लिये एक फील्ड विज़िट का आयोजन किया गया था।

वन अर्थ वन हेल्थ - एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023 मीट

प्रधानमंत्री ने ‘वन अर्थ वन हेल्थ - एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023’ मीट के छठे संस्करण का उद्घाटन किया तथा न केवल अपने नागरिकों हेतु बल्कि पूरे विश्व के लिये स्वास्थ्य सेवा को सुलभ और किफायती बनाने के लिये भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों हेतु एक एकीकृत, समावेशी एवं संस्थागत वैश्विक प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर चर्चा की गई तथा भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें तनाव एवं जीवन-शैली संबंधी कई बीमारियों का उपचार शामिल है। दो दिवसीय सम्मेलन में कई देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों और सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों के अन्य हितधारकों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य मूल्य-आधारित स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज सुनिश्चित करने के लिये वैश्विक सहयोग एवं साझेदारी को बढ़ावा देना है। इस आयोजन का उद्देश्य मूल्य-आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने वाले स्वास्थ्य सेवा कार्यबल के निर्यातक के रूप में चिकित्सा क्षेत्र में भारत की क्षमता को प्रदर्शित करना तथा विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवा एवं देखभाल हेतु भारत को एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
और पढ़ें… भारतीय स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र का अवलोकन

पूर्वोत्तर गैस ग्रिड परियोजना

प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर गैस ग्रिड परियोजना द्वारा एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने पर उसकी प्रशंसा की है। इस परियोजना में ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे क्षैतिज दिशात्मक ड्रिलिंग (Horizontal Directional Drilling- HDD) विधि का उपयोग करके 24 इंच व्यास वाली प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का निर्माण किया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, इस पाइपलाइन ने एशिया में सबसे लंबी रिवर क्रॉसिंग हाइड्रोकार्बन पाइपलाइन होने के साथ विश्व में दूसरी सबसे लंबी पाइपलाइन का रिकॉर्ड बनाया है। पूर्वोत्तर गैस ग्रिड परियोजना का उद्देश्य भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को स्वच्छ और किफायती ऊर्जा प्रदान करना है, साथ ही यह देश के गैर-नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता को कम करने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना भारत के ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी बढ़ाने तथा राष्ट्रीय गैस ग्रिड विकसित करने के सरकार के दृष्टिकोण का हिस्सा है।
और पढ़ें…द बिग पिक्चर: वन नेशन, वन गैस ग्रिड

ज़ीरो शैडो डे

बंगलूरू में 25 अप्रैल, 2023 को दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर एक विचित्र घटना हुई जिसे ज़ीरो शैडो डे का नाम दिया गया है, इसमें सबसे खास बात यह रही कि इस समय इमारतों और वृक्षों की लंबवत परछाई नहीं बनी। ऐसा इसलिये हुआ क्योंकि इस समय सूर्य ठीक ऊपर होता है जिस कारण कोई भी परछाई नहीं बन पाती है। यह घटना प्रतिवर्ष दो बार पृथ्वी पर कर्क रेखा और मकर रेखा के बीच हर बिंदु पर होती है। बंगलुरू में अगला ज़ीरो शैडो डे 18 अगस्त को है। कर्क और मकर रेखाओं के बीच के इन क्षेत्रों के अतिरिक्त यह घटना कही और देखने को नहीं मिलती। यह घटना इसलिये होती है क्योंकि सूर्य की किरणें सीधे सतह पर लंबवत पड़ती हैं, जिससे एक b सबसोलर बिंदु का स्थान बदलता रहता है और पृथ्वी की धुरी के झुकाव के ही कारण मौसम में बदलाव होता है। ज़ीरो शैडो डे एक महत्त्वपूर्ण घटना है क्योंकि यह पृथ्वी के अक्षीय झुकाव को मापने में मदद करता है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2