इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 27 अप्रैल, 2022

  • 27 Apr 2022
  • 7 min read

दूध वाणी

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात दौरे के समय दूध वाणी नामक एक सामुदायिक रेडियो स्टेशन का उद्घाटन किया गया जो सामुदायिक रेडियो स्टेशन पशुपालन को समर्पित है। बनास डेयरी सामुदायिक रेडियो स्टेशन को बनासकांठा ज़िले में सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ द्वारा स्थापित किया गया है जिसे बनास डेयरी के नाम से भी जाना जाता है। यह देश का पहला सामुदायिक रेडियो स्टेशन है जो पूरी तरह से पशुपालकों को समर्पित है। दूध वाणी सामुदायिक रेडियो स्टेशन की स्थापना किसानों को आवश्यक वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है जो पशुपालन और कृषि के लिये प्रासंगिक है। बनास डेयरी की स्थापना वर्ष 1969 में हुई थी तथा यह गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ का एक प्रभाग है जिसका स्वामित्व सहकारिता मंत्रालय, गुजरात सरकार के पास है। यह गुजरात के बनासकांठा ज़िले में स्थित है और यह एशिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक संघठन है। बनास डेयरी का मुख्यालय पालनपुर में स्थित है।

एमैनुअल मैक्रों

फ्राँस में एमैनुअल मैक्रों को दूसरे कार्यकाल के लिये राष्‍ट्रपति चुना गया है। उन्‍होंने 58.2 प्रतिशत मत प्राप्त करके राष्‍ट्रपति चुनाव में विजय प्राप्त की है। उनकी प्रतिद्वंद्वी दक्षिणपंथी मारिन लोपेन को 41.8 प्रतिशत वोट मिले। 44 वर्षीय मैक्रों बीस वर्ष में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिये चुने जाने वाले पहले राष्‍ट्रपति हैं। जनवरी 1998 में शीत युद्ध की समाप्ति के बाद फ्राँस उन पहले देशों में से एक था जिसके साथ भारत ने ‘रणनीतिक साझेदारी’ पर हस्ताक्षर किये थे। वर्ष 1998 में परमाणु हथियारों के परीक्षण के भारत के फैसले का समर्थन करने वाले देशों में से फ्राँस एक था। वर्तमान में फ्राँस आतंकवाद और कश्मीर से संबंधित मुद्दों पर भारत का सबसे विश्वसनीय भागीदार बनकर उभरा है। हाल ही में भारतीय वायु सेना (IAF) में फ्रेंच राफेल बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान को शामिल किया गया है। भारत ने वर्ष 2005 में एक प्रौद्योगिकी-हस्तांतरण व्यवस्था के माध्यम से भारत के मझगाँव डॉकयार्ड में छह स्कॉर्पीन पनडुब्बियों के निर्माण के लिये फ्राँसीसी कंपनी के साथ अनुबंध किया। दोनों देशों ने पारस्परिक ‘लॉजिस्टिक्स सपोर्ट एग्रीमेंट’ (Logistics Support Agreement- LSA) के प्रावधान के संबंध में भी समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम-2021

खेलो इंडिया यूथ गेम-2021 इस बार 4-13 जून, 2022 तक आयोजित किये जाएंगे। इनमें देशभर से 8500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अंडर-18 वर्ग के 25 खेलों में पाँच भारतीय खेल भी शामिल हैं। खेल प्रतियोगिताएँ पंचकूला के अलावा शाहबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगी। आठ मई को पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में इस प्रतियोगिता का शुभांकर एवं लोगो लॉन्च किया जाएगा। खेलों में स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए साफ- सफाई का पूरा प्रबंध किया जाएगा। इस दौरान हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आज़ादी के अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य सेनानियों की कहानियाँ व प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का परिचय प्रदर्शनी के ज़रिये दिया जाएगा। खेलो इंडिया योजना का उद्देश्य पूरे देश में खेलों को प्रोत्साहित करना तथा इस प्रकार बच्चों और युवाओं का समग्र विकास, सामुदायिक विकास, सामाजिक एकीकरण, लैंगिक समानता, स्वस्थ जीवन-शैली, राष्ट्रीय गौरव एवं खेलों के विकास से जुड़े आर्थिक अवसरों के माध्यम से खेल क्षमताओं का दोहन करना है।

पूर्वोत्‍तर महोत्‍सव

सरकार ‘आज़ादी का अमृत महोत्‍सव’ के अंतर्गत 28 अप्रैल से सभी आठ पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में पूर्वोत्‍तर महोत्‍सव का आयोजन करेगी। पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के अनुसार, सात दिन के इस महोत्‍सव का उद्देश्‍य ‘हम किसी से कम नहीं’ की भावना के साथ पूर्वोत्‍तर क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है। महोत्‍सव के दौरान पूर्वोत्‍तर के सौंदर्य और विभिन्‍न क्षेत्रों में इसकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। ये कार्यक्रम पूर्वोत्‍तर के विकास के लिये महत्त्वपूर्ण सभी क्षेत्रों में आयोजित होंगे। इनमें बुनियादी सुविधाएँ, निवेश क्षमता, ऊर्जा ज़रूरतें और पूर्वोत्‍तर के विकास में महिलाओं की भूमिका शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार, पिछले आठ वर्षों में पूर्वोत्‍तर क्षेत्र ने संपर्क स्‍थापित करने के मामले में काफी प्रगति की है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्‍यम से दूर-दराज़ के क्षेत्रों में संपर्क स्‍थापित करने में तेज़ी आई है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow