दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 17 फरवरी, 2023

  • 17 Feb 2023
  • 5 min read

आदि महोत्सव 

हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में दो सप्ताह तक चलने वाली प्रदर्शनी "आदि महोत्सव" का उद्घाटन किया। यह महोत्सव जनजातीय संस्कृति, शिल्प, व्यंजन, वाणिज्य और पारंपरिक कला की भावना को प्रोत्साहित करता है, यह जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (Tribal Cooperative Marketing Development Federation Limited- TRIFED) की एक वार्षिक पहल है। TRIFED/ट्राइफेड की स्थापना वर्ष 1987 में भारत सरकार द्वारा तत्कालीन भारत कल्याण मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत एक राष्ट्रीय स्तर के सहकारी निकाय के रूप में की गई थी, जिसका मूल उद्देश्य बहु-राज्य सहकारी समिति अधिनियम, 1984 के तहत उनके द्वारा एकत्र किये गए लघु वनोपज (Minor Forest Produce- MFP) और अधिशेष कृषि उत्पाद (Surplus Agricultural Produce- SAP) के व्यापार को संस्थागत बनाकर देश के आदिवासियों का सामाजिक-आर्थिक विकास करना था।

और पढ़ें…  ट्राइफेड, भारत में जनजातियों से संबंधित संवैधानिक प्रावधान और पहल  

हिम तेंदुआ 

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले की दारमा घाटी में लगभग 11,120 फीट की ऊँचाई पर पहली बार एक हिम तेंदुआ देखा गया है। हिम तेंदुओं को "पहाड़ों का भूत (Ghost of Mountains)" भी कहा जाता है। खाद्य शृंखला में शीर्ष परभक्षी के रूप में उनकी स्थिति के कारण वे पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र की व्यवहार्यता के एक संकेतक के रूप में कार्य करते हैं जिसमें वे निवास करते हैं। वे इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंज़र्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) की रेड लिस्ट में सुभेद्य के रूप में सूचीबद्ध हैं। वे वन्यजीवों एवं वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर अभिसमय के परिशिष्ट I और भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची- I में सूचीबद्ध हैं। मध्य एशिया के पहाड़ी क्षेत्रों में उनका वितरण वृहत परंतु खंडित है जिसमें हिमालय के विभिन्न हिस्से जैसे- लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम शामिल हैं।

और पढ़ेंहिम तेंदुए के संरक्षण के लिये भारतीय पहल

अंतर्राष्ट्रीय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी मेला (IETF) 2023

भारत के राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी मेला (IETF) 2023 का उद्घाटन किया। IETF क्रेता-विक्रेता सम्मेलनों, अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों एवं सेमिनारों, व्यापार नेटवर्किंग, प्रौद्योगिकी आकलन, रणनीतिक भागीदारी और विक्रेता विकास के लिये एक मंच है तथा इसमें विश्व भर के आगंतुक भाग लेते हैं। यह आयोजन न केवल इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र में भारत की विकास गाथा का उत्सव है, बल्कि विश्व में सर्वश्रेष्ठ उन्नत प्रौद्योगिकियों के साथ देश के सहयोग का भी प्रमाण है। IETF-2023 में उभरती प्रौद्योगिकियों के 11 क्षेत्र शामिल हैं जिनका हमारी अर्थव्यवस्था और समाज पर गहरा प्रभाव है।

और पढ़ें… भारत और उन्नत कम्प्यूटिंग तकनीक

अभ्यास धर्म गार्जियन  

भारत और जापान के मध्य संयुक्त सैन्य अभ्यास धर्म गार्जियन का चौथा संस्करण 17 फरवरी से 2 मार्च, 2023 तक जापान में आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास जापान के साथ एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है और वर्तमान वैश्विक स्थिति की पृष्ठभूमि में दोनों देशों के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। यह अभ्यास दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाते हुए भारतीय सेना तथा जापानी ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्सेज़ के मध्य रक्षा सहयोग के स्तर को और बढ़ाएगा। भारत एवं जापान के मध्य अन्य सैन्य अभ्यास JIMEX (नौसेना), शिन्यु मैत्री (वायु सेना) और अभ्यास वीर गार्जियन हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow