दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 16 दिसंबर, 2022

  • 16 Dec 2022
  • 5 min read

विजय दिवस

वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की विजय की स्मृति में प्रतिवर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस (Vijay Diwas) मनाया जाता है। वर्ष 2020 में विजय दिवस के 52 वर्ष पूरे हो गए हैं और सरकार इस अवसर को मनाने के लिये ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक उन सभी सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने आज़ादी के बाद देश की रक्षा के लिये अपना जीवन बलिदान कर दिया। साथ ही यह स्मारक उन सैनिकों को भी याद करता है जिन्होंने शांति अभियानों में बलिदान दिया। भारत सरकार ने 3 दिसंबर, 1971 को बंगाली मुसलमानों और हिंदुओं की रक्षा के लिये पाकिस्तान के साथ युद्ध लड़ने का निर्णय लिया। यह युद्ध भारत तथा पाकिस्तान के मध्य 13 दिनों तक लड़ा गया था। 16 दिसंबर, 1971 को पाकिस्तानी सेना के 93 हज़ार सैनिकों ने संयुक्त सेना के समक्ष बिना शर्त समर्पण कर दिया था। मुक्ति वाहिनी उन सशस्त्र संगठनों को संदर्भित करती है जो बांग्लादेश मुक्ति युद्ध के दौरान पाकिस्तान सेना के विरुद्ध लड़े थे। यह एक गुरिल्ला प्रतिरोध आंदोलन था। इसी दिन बांग्लादेश की उत्पत्ति हुई थी। इसलिये बांग्लादेश प्रत्येक वर्ष 16 दिसंबर को स्वतंत्रता दिवस (बिजोय डिबोस) मनाता है।

एम्स, नई दिल्ली ‘तंबाकू मुक्त क्षेत्र‘ घोषित

राजधानी नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को ‘तंबाकू मुक्त क्षेत्र‘ घोषित किया गया है। अस्पताल परिसर में धूम्रपान करते या तंबाकू चबाते पाए जाने वाले चिकित्सकों, स्थायी या संविदा कर्मचारियों तथा सुरक्षा कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एम्स, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास द्वारा जारी एक कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से इस विषय में जानकारी दी गई है। सभी विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों को दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहें। एम्स, नई दिल्ली (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़, दिल्ली) एक मेडिकल कॉलेज और मेडिकल रिसर्च पब्लिक यूनिवर्सिटी है जो नई दिल्ली, भारत में स्थित है। एम्स की स्थापना 1956 में हुई थी और यह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन है। अन्य अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स भुवनेश्वर, जोधपुर, पटना, रायपुर, ऋषिकेश, भोपाल और नवनिर्मित एम्स नागपुर हैं।

हुरुन ग्लोबल 500 सूची 2022 

हाल ही में हुरुन ग्लोबल 500 सूची 2022 जारी की गई है, जिसमें भारत 5वें स्थान पर है। हुरुन ग्लोबल 500 सूची विश्व की शीर्ष 500 सबसे मूल्यवान गैर-राज्य नियंत्रित कंपनियों का आकलन है। इसे हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा जारी किया गया है। इस सूची में कंपनियों को उनके बाज़ार पूंजीकरण (सूचीबद्ध) और मूल्यांकन (गैर-सूचीबद्ध) के आधार पर रैंक प्रदान किया गया है। हुरुन ग्लोबल 500 सूची के 2022 संस्करण में भारत 9वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुँच गया है। देश में 20 कंपनियाँ हैं जिन्हें इस सूची में शामिल किया गया है। इन 20 कंपनियों में से 11 मुंबई में, 4 अहमदाबाद में और 1-1 नोएडा, नई दिल्ली, बंगलूरू और कोलकाता में स्थित हैं। 202 बिलियन अमेरिकी डॉलर के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज़ भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी है, इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ के पास 139 बिलियन अमेरिकी डॉलर वैल्यूएशन है। 260 कंपनियों के साथ इस सूची में अमेरिकी कंपनियाँ शीर्ष प्रदर्शनकर्त्ता हैं। 35 कंपनियों के साथ चीन दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला देश है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow