इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 14 दिसंबर, 2021

  • 14 Dec 2021
  • 5 min read

हरनाज़ कौर संधू

इजराइल के इलियट (Eilat) में आयोजित 70वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत की मॉडल हरनाज कौर संधू को मिस यूनिवर्स चुना गया है। उल्लेखनीय है कि 21 वर्षों के बाद मिस यूनिवर्स का खिताब किसी भारतीय मॉडल ने जीता है। इससे पहले वर्ष 2000 में लारा दत्ता ने यह खिताब जीता था। 70वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत की मिस इंडिया हरनाज़ कौर संधू के साथ मिस साउथ अफ्रीका और मिस पराग्वे टॉप-3 में शामिल थीं। भारत ने तीसरी बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीता है। गौरतलब है कि सुष्मिता सेन वर्ष 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली प्रथम भारतीय मॉडल थीं।

गणतंत्र दिवस पर पाँच मध्य एशियाई देशों के प्रमुख मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित

आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 2022) समारोह के लिये भारत ने पाँच मध्य एशियाई देशों कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। यह पहला अवसर है जब सभी पाँच मध्य एशियाई देशों के प्रतिनिधियों को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इससे पहले वर्ष 2018 के गणतंत्र दिवस समारोह में आसियान देशों के नेताओं को आमंत्रित किया था और सभी ने समारोह में भाग लिया था। वर्ष 2021 के गणतंत्र दिवस में कोई भी मुख्य अतिथि नहीं था। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था लेकिन बाद में कोविड महामारी के कारण उन्हें यह यात्रा करनी पड़ी थी।

पशुपालन स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज

डॉ वर्गीस कुरियन की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुजरात के आणंद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पशुपालन और डेयरी विभाग ने स्टार्टअप इंडिया के साथ साझेदारी में 'पशुपालन स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज' का दूसरा संस्करण लॉन्च किया। स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज का पहला संस्करण 12 सितंबर, 2019 को प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया था। पशुपालन स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज 2.0 को पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के सामने आने वाली छह समस्याओं के समाधान के लिये नवीन और व्यावसायिक रूप से व्यवहारिक हल को तलाशने के लिये लॉन्च किया गया है।

सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज़ दिवस

प्रतिवर्ष 12 दिसंबर को सार्वभौमिक हेल्थ कवरेज़ दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पूरे विश्व में कही भी प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने हेतु सभी देशों का आह्वान करने की संयुक्त राष्ट्र की सर्वसम्मत संकल्प की सबसे पहली वर्षगाँठ को चिह्नित करता है। सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज़ में संयुक्त राष्ट्र द्वारा नए सतत् विकास लक्ष्य अपनाने को शामिल किया गया है। सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज़ का अर्थ है देश के किसी भी भाग में बसे नागरिक की आय के स्तर, सामाजिक स्थिति, लिंग, जाति या धर्म के बिना सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज़ का न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित करना। इसका उद्देश्य वहनीय, उत्तरदायी, गुणवत्तापूर्ण एवं यथोचित स्वास्थ्य सेवाओं जिसमें रोकथाम, उपचार एवं पुनर्वास देखभाल शामिल हैं, के आश्वासन को सुनिश्चित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, विश्वभर में कम-से-कम लगभग एक अरब लोग आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को प्राप्त करने में असमर्थ हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2