दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 10 जुलाई, 2021

  • 10 Jul 2021
  • 5 min read

माटेओ बेरेटिनी

विश्व के 9वें नंबर के टेनिस खिलाड़ी माटेओ बेरेटिनी (Matteo Berrettini) विंबलडन के मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में विश्व के18वें नंबर के ह्यूबर्ट हर्काज़ (Hubert Hurkacz) को हराकर विंबलडन इतिहास में सिंगल्स के फाइनल में पहुँचने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बन गए। 25 वर्षीय बेरेटिनी ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुँचने वाले इटली के पहले खिलाड़ी भी हैं।

राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस 

राष्ट्रीय मत्स्य पालन विकास बोर्ड (National Fisheries Development Board- NFDB) के सहयोग से मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मत्स्य विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष 10 जुलाई को राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस (National Fish Farmers’ Day) मनाया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य स्थायी स्टॉक एवं स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करने के लिये देश के मत्स्य संसाधनों के प्रबंधन के तरीके को बदलने पर ध्यान आकर्षित करना है। यह दिवस मत्स्य किसानों, उद्यमियों, मछुआरों, हितधारकों और मत्स्य पालन में योगदान के लिये मत्स्य पालन से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति को सम्मानित करने हेतु मनाया जाता है। यह दिवस वैज्ञानिक डॉ केएच अलीकुन्ही और डॉ एचएल चौधरी की याद में प्रतिवर्ष मनाया जाता है, जिन्होंने जुलाई, 1957 में कार्प मछलियों का प्रेरित प्रजनन का आविष्कार किया था। वर्ष 2021 में 21वाँ राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस मनाया जा रहा है।

आईएनएस तबर

हाल ही में भारतीय नौसेना पोत तबर (INS Tabar) ने इतालवी नौसेना के फ्रंटलाइन फ्रिगेट के साथ सैन्य अभ्यास में भाग लिया। आईएनएस तबर ने 3 जुलाई को भूमध्य सागर में चल रही तैनाती के हिस्से के रूप में  नेपल्स के बंदरगाह में प्रवेश किया। कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन महेश मंगिपुडी (Mahesh Mangipudi) ने अपने प्रवास के दौरान नेपल्स अथॉरिटी के प्रीफेक्ट (फ्राँस), क्षेत्रीय इतालवी नौसेना मुख्यालय और तटरक्षक मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस अभ्यास में कई नौसैनिक ऑपरेशन जैसे- वायु रक्षा प्रक्रियाएँ, संचार अभ्यास, समुद्र में पुनः पूर्ति तथा दिन एवं रात में क्रॉस डेक हेलो ऑपरेशन शामिल थे। यह अभ्यास इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने और समुद्री खतरों के खिलाफ संयुक्त संचालन को मज़बूत करने हेतु पारस्परिक रूप से लाभदायक था।

अमेज़न ने गुजरात में अपना पहला डिजिटल केंद्र लॉन्च किया

अमेज़न (Amazon) ने भारत में गुजरात के सूरत में अपना पहला डिजिटल केंद्र लॉन्च किया है। अमेज़न के डिजिटल केंद्र ऐसे केंद्र हैं जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को ई-कॉमर्स के लाभों के संदर्भ में जानने का अवसर प्रदान करेंगे। MSME अमेज़न डिजिटल केंद्र पर जा सकते हैं और ई कामर्स, GST तथा कराधान समर्थन, शिपिंग एवं रसद समर्थन, कैटलॉगिंग सहायता व डिजिटल मार्केटिंग सेवाओं के लाभों पर प्रशिक्षण सहित तीसरे पक्ष की सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं। कंपनी ने विक्रेताओं को पूरे भारत और वैश्विक स्तर पर ग्राहकों तक पहुँचने में सक्षम बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है तथा प्रौद्योगिकी, रसद वितरण, बुनियादी ढाँचे एवं  डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण निवेश किया है, जिससे अधिक ग्राहकों व व्यवसायों को सामूहिक रूप से ऑनलाइन पहुँच प्रदान करने में मदद मिली है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow