इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 09 अक्तूबर, 2021

  • 09 Oct 2021
  • 6 min read

भारतीय अंतरिक्ष संघ

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष और उपग्रह क्षेत्र में संलग्न कंपनियों के एक समूह- ‘भारतीय अंतरिक्ष संघ’ (ISA) का शुभारंभ किया है। ‘भारतीय अंतरिक्ष संघ’ अंतरिक्ष एवं उपग्रह प्रौद्योगिकियों में उन्नत क्षमताओं वाले घरेलू और वैश्विक निगमों का प्रतिनिधित्व करता है। इसके संस्थापक सदस्यों में भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, नेल्को (टाटा ग्रुप), वनवेब, मैपमायइंडिया, वालचंदनगर इंडस्ट्रीज़ तथा अनंत टेक्नोलॉजी लिमिटेड शामिल हैं। यह भारत में उन्नत वैज्ञानिक एवं अनुसंधान कार्य करने के लिये एक मज़बूत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र की सुविधा प्रदान करेगा। गौरतलब है कि हाल ही सरकार द्वारा भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थानों और अनुसंधान संस्थानों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये एक नए निकाय- ‘भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्द्धन तथा प्रमाणीकरण केंद्र’ का गठन किया है। इस निकाय के गठन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) अपनी आवश्यक गतिविधियों जैसे- अनुसंधान एवं विकास, ग्रहों के अन्वेषण और अंतरिक्ष के रणनीतिक उपयोग आदि पर ध्यान केंद्रित कर सके तथा अन्य सहायक कार्यों को निजी क्षेत्र को हस्तांतरित कर दिया जाए। ज्ञात हो कि भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र वर्तमान में काफी हद तक ‘भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन’ (इसरो) द्वारा संचालित किया जाता है।

विश्व डाक दिवस 

विश्व भर में प्रतिवर्ष 9 अक्तूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ का आयोजन किया जाता है। विश्व डाक दिवस का उद्देश्य विश्व भर में लोगों के दैनिक जीवन, व्यापार और सामाजिक तथा आर्थिक विकास में डाक की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। विश्व डाक दिवस का आयोजन वर्ष 1874 में स्विट्ज़रलैंड की राजधानी ‘बर्न’ में ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ (UPU) की स्थापना की याद में मनाया जाता है। वर्ष 1969 में टोक्यो (जापान) में आयोजित ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ काॅन्ग्रेस द्वारा इसे ‘विश्व डाक दिवस’ के रूप में घोषित किया गया था। ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ एक वैश्विक संचार क्रांति पर केंद्रित है जिसका उद्देश्य दुनिया भर में लोगों के मध्य पत्र व्यवहार की संस्कृति विकसित करना है। भारत में सर्वप्रथम वर्ष 1541 में शेरशाह सूरी ने बंगाल और सिंध के बीच (2000 मील की दूरी के लिये) घोड़ों के माध्यम से डाक सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 1766 में रॉबर्ट क्लाइव ने एक नियमित डाक प्रणाली की स्थापना की। भारत वर्ष 1876 में ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ (UPU) में शामिल हुआ। 

नोबेल शांति पुरस्कार

इस वर्ष के नोबेल शांति पुरस्‍कार हेतु फिलीपींस की पत्रकार ’मारिया रसा’ और रूस के पत्रकार ‘दिमित्री मुरातोफ’ को चुना गया है। अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता के लिये संघर्ष में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह पुरस्‍कार प्रदान किया जा रहा है। नॉर्वे की नोबेल पुरस्‍कार समिति ने शांति और लोकतंत्र की रक्षा में इन दोनों पत्रकारों के निर्भीक योगदान का उल्‍लेख करते हुए कहा है कि दोनों पत्रकारों ने अपने देश में सच्‍चाई और प्रेस की स्‍वतंत्रता हेतु निर्भय होकर कार्य किया है। नोबेल पुरस्कार भौतिकी, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में दिये जाने वाले वार्षिक पुरस्कारों की एक शृंखला है। स्वीडिश वैज्ञानिक ‘अल्फ्रेड नोबेल’ की वसीयत के माध्यम से वर्ष 1895 में पाँच श्रेणियों में नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई थी। नोबेल शांति पुरस्कार ‘नोबेल फाउंडेशन’ द्वारा विश्व स्तर पर शांति के लिये किये गए प्रयासों हेतु प्रदान किया जाता है। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में संयुक्त राष्ट्र के ‘विश्व खाद्य कार्यक्रम’ (WFP) को ‘नोबेल शांति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow