इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 08-सितंबर, 2022

  • 08 Sep 2022
  • 7 min read

भूपेन हजारिका 

08 सितंबर, 2022 को गूगल ने महान गायक भूपेन हज़ारिका के 96वें जन्म दिवस पर उनके सम्मान में एक डूडल बनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।। भूपेन हजारिका को एक महान गायक, गीतकार, संगीतकार, कवि और फिल्मकार के रूप में जाना जाता है। इसके अलावा वे असम की संस्कृति तथा संगीत के भी काफी अच्छे जानकार थे। भूपेन हजारिका का जन्म वर्ष 1926 में असम के तिनसुकिया (Tinsukia) ज़िले के छोटे शहर सादिया (Sadiya) में हुआ था। वर्ष 1942 में गुवाहाटी से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद भूपेन हजारिका वाराणसी चले गए और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिला लिया। भूपेन हजारिका आदिवासी संगीत से काफी ज़्यादा प्रभावित थे। वर्ष 1939 में ही मात्र 12 वर्ष की उम्र में भूपेन हजारिका ने असमिया फिल्म इंद्रमालती के लिये पहला गीत गाया था। भूपेन हजारिका केवल असमिया संगीत तक सीमित नहीं थे, बल्कि उन्होंने कई बंगाली और हिंदी फिल्मों के लिये भी रचना, लेखन और गायन का कार्य किया। भूपेन हजारिका को वर्ष 1976 में सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि उन्हें वर्ष 1977 में पद्मश्री और वर्ष 1987 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्ष 1999-2004 तक संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष के तौर पर भी कार्य किया। भूपेन हजारिका को वर्ष 2019 में भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था।

कर्तव्‍य पथ का उद्धाटन व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का  अनावरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 08 सितंबर, 2022 को सेंट्रल विस्‍टा के राष्‍ट्रपति भवन से इंडिया गेट के मार्ग- कर्तव्‍य पथ का उद्धाटन करेंगे। केंद्र सरकार के प्रतीक के रूप में इस मार्ग के पूर्ववर्ती नाम राजपथ को बदल कर कर्तव्‍य पथ किया गया है। अब यह नाम जन साधारण की भागीदारी और सशक्तीकरण को दर्शाता है। इस पूरे मार्ग को केंद्र सरकार की महत्‍वकांक्षी सेंट्रल विस्‍टा पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत पुनर्निमित किया गया है। इस क्षेत्र में जन शौचालय, पीने का जल, लोगों के बैठने के लिये सीट और वाहनों की समुचित पार्किंग व्‍यवस्‍था जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। साथ ही गणतंत्र दिवस परेड और अन्‍य राष्‍ट्रीय कार्यक्रमों को इस प्रकार से आयोजित किये जाएँ ताकि लोगों की आवाजाही पर कम से कम बाधित हो और आम जनता को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके। इन्‍ही चिंताओं को ध्‍यान में रखकर इस मार्ग का पुनर्विकास किया गया है। इस अवसर पर श्री मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र  बोस की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। इंडिया गेट के पास छतरी के नीचे 28 फीट ऊँची ग्रेनाइट की प्रतिमा स्‍थापित की गई है। यह प्रतिमा पूरी तरह हस्‍त निर्मित है और इसके निर्माण में पारंपरिक तकनीकों और आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की यह प्रतिमा उनकी होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर स्‍थापित की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष जनवरी में नेताजी की 125वीं जयंती के अवसर पर इस होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया था। यह कदम अमृतकाल में प्रधानमंत्री के नए भारत के लिये पाँच प्रण में से दूसरे प्रण औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति के अनुरूप है।

‘रबी अभियान’ 2022-23’

केंद्रीय कृषि मंत्री ने 7 सितंबर,2022 को राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (National Agricultural Science Complex-NASC), पूसा, नई दिल्ली में ‘रबी अभियान’ 2022-23’ के लिये कृषि पर राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि चौथे अग्रिम अनुमान (2021-22) के अनुसार, देश में खाद्यान्न का उत्पादन 3157 लाख टन होने की संभावना है जो कि वर्ष 2020-21 की अवधि के खाद्यान्न के उत्पादन से 50 लाख टन अधिक है। इस सम्मेलन का उद्देश्य पूर्ववर्ती फसल मौसमों के दौरान फसल की पैदावार की समीक्षा और मूल्यांकन करना तथा राज्य सरकारों के परामर्श से रबी मौसम के लिये फसल-वार लक्ष्य निर्धारित करना, महत्त्वपूर्ण आदानों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ उत्पादन और फसलों की उत्पादकता बढ़ाने की दृष्टि से नवीन तकनीकों को अपनाने की सुविधा प्रदान करना है। सरकार की प्राथमिकता कृषि-पारिस्थितिकी आधारित फसल योजना है, जिसमें चावल और गेहूँ जैसी अतिरिक्त वस्तुओं से तिलहन और दालों जैसी कमी वाली वस्तुओं और उच्च मूल्य वाली फसलों के निर्यात से धन अर्जित करने के लिये भूमि का रकबा बढ़ाया जाता है। जून, 2022 में धर्मशाला में आयोजित मुख्य सचिवों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्यों के परामर्श से दलहन और तिलहन में फसल विविधीकरण तथा आत्मनिर्भरता के लिये लक्ष्य निर्धारित किया था।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow