इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 08 जुलाई, 2022

  • 08 Jul 2022
  • 7 min read

हरियाली महोत्सव

हरियाली महोत्सव-2022 का आयोजन 8 जुलाई को किया जा रहा है। इस अवसर पर “पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय” द्वारा नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव का आयोजन ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के तहत किया जाएगा। इसका आयोजन वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के जीवन को सुरक्षित और खुशहाल रखने में पेड़ों के महत्त्व पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों से निपटने के लिये पेड़ महत्त्वपूर्ण हैं। हरियाली महोत्सव-2022 का आयोजन पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा दिल्ली सरकार, पुलिस व स्कूलों के सहयोग से किया जा रहा है ताकि इस अवसर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा सके। इस आयोजन को चिह्नित करने के लिये पूरे भारत में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किये जाएंगे।

ऑपरेशन नारकोस 

हाल ही में रेलवे सुरक्षा बल ने “ऑपरेशन नारकोस” के तहत 7.40 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थों को बरामद किया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रोपिक पदार्थों के खतरे की ओर ध्यान आकर्षित करने हेतु जून 2022 के महीने में ऑपरेशन नारकोस (NARCOS) शुरू किया। यह अखिल भारतीय अभियान था, जो एक महीने तक रेल के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ शुरू किया गया था। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मिलकर देश भर में ट्रेनों एवं चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर जांँच की जा रही है। RPF एक केंद्रीय सशस्त्र बल है। जो भारतीय रेल, रेल मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। RPF का इतिहास वर्ष 1882 का है, जब विभिन्न रेलवे कंपनियों ने रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिये अपने स्वयं के गार्ड नियुक्त किये थे। वर्ष 1957 में संसद के एक अधिनियम द्वारा रेलवे सुरक्षा बल को एक वैधानिक बल के रूप में मान्यता दी गई, जिसे बाद में वर्ष 1985 में भारत संघ के सशस्त्र बल के रूप में घोषित किया गया। मुख्य रूप से RPF को रेलवे संपत्ति की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

स्टार्टअप स्कूल इंडिया 

6 जुलाई, 2022 को गूगल द्वारा ‘स्टार्टअप स्कूल इंडिया’' पहल की शुरुआत की गई। स्टार्टअप पर प्रासंगिक जानकारी एकत्र करने और इसे एक व्यवस्थित पाठ्यक्रम में तैयार करने के उद्देश्य से स्टार्टअप स्कूल इंडिया पहल को स्थापित किया गया है। इस कदम से टियर 2 और टियर 3 शहरों में 10,000 स्टार्टअप को मदद मिलेगी। यह कार्यक्रम 9 सप्ताह तक वर्चुअल मोड में आयोजित किया जाएगा। इसमें गूगल सहयोगियों और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के नेताओं के बीच फायरसाइड चैट शामिल होंगे। गूगल स्टार्टअप स्कूल इंडिया पहल में फिनटेक, भाषा, नौकरी खोज, सोशल मीडिया एवं नेटवर्किंग, बिज़नेस-टू-कंज़्यूमर ई-कॉमर्स तथा बिज़नेस-टू-बिज़नेस ई-कॉमर्स सहित कई विषय शामिल होंगे। प्रभावी उत्पाद रणनीति, भारतीय बाज़ारों में यूजर्स के लिये एप डिज़ाइन करना, उत्पाद उपयोगकर्त्ता मूल्य और उपयोगकर्त्ता अधिग्रहण को भी निर्देशात्मक मॉड्यूल में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्चुअल पाठ्यक्रम को लचीलापन प्रदान करना है। यह पहल  लोगों को पिक एंड चॉइस मॉड्यूल प्रदान करती है। यह उद्यमियों को एक सफल संस्थापक बनाने जैसी बातों से सीखने का अवसर प्रदान करेगी। भारत दुनिया भर में तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भले ही स्टार्टअप की संख्या बहुत बड़ी है, लेकिन ऑपरेशन के पहले पांँच वर्षों में 90% स्टार्टअप विफल हो जाते हैं। वित्तीय संकट, अक्षम फीडबैक लूप, नेतृत्व की अनुपस्थिति और अनुचित मांग अनुमानों पर कोई नियंत्रण न होने के कारण स्टार्टअप विफल हो रहे हैं।

फील्ड्स  मेडल 2022

5 जुलाई, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय गणितीय संघ (IMU) ने वर्ष 2022 फील्ड मेडल के विजेताओं की घोषणा की। यह गणित के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है और 40 वर्ष से कम आयु के लोगों को दिया जाता है। विजेताओं की घोषणा हेलसिंकी में एक पुरस्कार समारोह में की गई। IMU ने कुल चार विजेताओं की घोषणा की है। यूक्रेन की थिओरिस्ट मैरीना वियाज़ोवस्का चार विजेताओं में से एक है। अन्य विजेताओं में शामिल हैं: जेम्स मेनार्ड: वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी यूके के  सिद्धांतकार हैं जो “अभाज्य संख्याओं की रिक्ति” पर अपने निष्कर्षों के लिये प्रसिद्ध है। जून हुह: वह प्रिंसटन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी से कॉम्बिनेटरिक्स के विशेषज्ञ हैं, इनका योगदान ज्यामितीय संयोजन के क्षेत्र में है। ह्यूगो डुमिनिल-कोपिन- वह फ्रांँस के गणितज्ञ हैं और संभाव्यता सिद्धांत के विशेषज्ञ हैं। गणितज्ञों की अंतर्राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित की जाती है। इस आयोजन के दौरान फील्ड्स मेडल्स पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। वर्ष 2022 कॉन्ग्रेस 6 जुलाई को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में शुरू होने वाली थी। हालांँकि यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के कारण इसे रद्द कर दिया गया था। बाद में इसे हेलसिंकी में वर्चुअल मोड में आयोजित किया गया। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow