रैपिड फायर
पेप्टाइड थेरैपी
- 13 Mar 2026
- 22 min read
बीमारियों के उपचार और स्वास्थ्य संवर्द्धन के लिये पेप्टाइड-आधारित थेरैपी में बढ़ती वैश्विक रुचि ने चिकित्सकीय अवसरों के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी जन्म दिया है और विशेषज्ञों ने अधिक सतर्कता और नियमन की आवश्यकता पर ज़ोर दिया है।
- पेप्टाइड्स: ये अमीनो एसिड की छोटी शृंखलाएँ हैं, जो जीवन का मौलिक निर्माण खंड (Fundamental Building Blocks) मानी जाती हैं।
- ये मूलतः प्रोटीन के संक्षिप्त रूप होते हैं। जबकि प्रोटीन सामान्यतः 50 या उससे अधिक अमीनो एसिड से मिलकर जटिल 3D संरचना में व्यवस्थित होते हैं, वहीं पेप्टाइड्स में आमतौर पर 2 से 50 अमीनो एसिड होते हैं।
- जैविक भूमिका: मानव शरीर में स्वाभाविक रूप से उत्पन्न होने वाले पेप्टाइड्स महत्त्वपूर्ण सिग्नलिंग अणु के रूप में कार्य करते हैं।
- वे हॉर्मोन, न्यूरोट्रांसमीटर और स्थानीय नियामक के रूप में काम करते हैं और कोशिकाओं को चयापचय (Metabolism), प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया तथा ऊतक मरम्मत के संदर्भ में निर्देश देते हैं।
- यह सिंथेटिक या प्राकृतिक पेप्टाइड्स का उपयोग दवाओं के रूप में करती है, जो शरीर के प्राकृतिक सिग्नलिंग अणुओं की नकल करते हैं।
- ये पेप्टाइड्स विशिष्ट सेल रिसेप्टर्स से ‘लॉक-एंड-की’ तंत्र के माध्यम से जुड़ते हैं, जिससे लक्षित जैविक प्रतिक्रियाएँ उत्पन्न होती हैं और पारंपरिक दवाओं की तुलना में कम दुष्प्रभाव होते हैं।
- चूँकि पेप्टाइड्स को पाचन एंज़ाइम आसानी से खंडित कर देते हैं, इसलिये अधिकांश पेप्टाइड थेरैपी मौखिक गोलियों की बजाय उपचर्म (Subcutaneous) इंजेक्शन के माध्यम से दी जाती है।
- प्रमुख चिकित्सकीय अनुप्रयोग: पेप्टाइड-आधारित दवाओं का उपयोग तेज़ी से बढ़ रहा है और इन्हें मधुमेह, कैंसर, बाँझपन, विकास संबंधी विकार और हाॅर्मोनल रोगों के उपचार में प्रयोग किया जाता है।
- एक प्रमुख उदाहरण GLP-1 आधारित पेप्टाइड दवाएँ हैं, जो मधुमेह (diabetes) और मोटापा (obesity) के इलाज में रक्त शर्करा और भूख को नियंत्रित करने के लिये व्यापक रूप से उपयोग की जाती हैं।
- कैंसर चिकित्सा में पेप्टाइड्स ट्यूमर रिसेप्टर्स को लक्षित कर सकते हैं या दवाओं को सीधे कैंसर कोशिकाओं तक पहुँचाने के लिये उपयोग किये जा सकते हैं, जिससे उपचार की सटीकता बढ़ती है।
- पुनर्योजी चिकित्सा (Regenerative Medicine) में माँसपेशियों, नसों और टेंडन में ऊतक मरम्मत के लिये पेप्टाइड्स का अध्ययन किया जा रहा है।
- पेप्टाइड्स का उपयोग त्वचाविज्ञान, घाव भरने, ऑस्टियोपोरोसिस, हृदय संबंधी बीमारियों और वायरल संक्रमणों में भी किया जा रहा है।
- दुरुपयोग का जोखिम: बायोहैकिंग और उम्र बढ़ने को रोकने के रुझानों से प्रेरित होकर कई लोग ऑनलाइन खरीदी गई अप्रयुक्त ‘रिसर्च केमिकल्स’ को स्वयं इंजेक्ट कर रहे हैं।
- चूँकि इनमें मानव नैदानिक परीक्षणों की कमी है, ये गंभीर जोखिमों का सामना करते हैं, जिसमें अंतःस्रावी असंतुलन, चयापचय विकार और गंभीर हृदय संबंधी जोखिम शामिल हैं।
|
और पढ़ें: बायोएक्टिव पेप्टाइड्स |