प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

जलवायु वित्त पर नया सामूहिक परिमाणित लक्ष्य

  • 04 May 2024
  • 7 min read

स्रोत: डाउन टू अर्थ

चर्चा में क्यों?

हाल ही में जलवायु परिवर्तन के गंभीर खतरे के जवाब में, जलवायु वित्त पर नया सामूहिक परिमाणित लक्ष्य (New Collective Quantified Goal on Climate Finance NCQG) जलवायु चुनौतियों से निपटने के लिये विकासशील देशों के लिये संसाधनों के संग्रहण के उद्देश्य से एक महत्त्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा है।

  • यह संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क सम्मेलन (United Nations Framework Convention on Climate Change UNFCCC) के आगामी 29वें पार्टियों के सम्मेलन (COP29) के लिये एक महत्त्वपूर्ण विषय है, जो वर्ष 2024 के अंत में बाकू, अज़रबैजान में होगा।

जलवायु वित्त पर नया सामूहिक परिमाणित लक्ष्य (NCQG) क्या है?

  • परिचय:
    • NCQG एक नया वार्षिक वित्तीय लक्ष्य है जिसे विकसित देशों द्वारा विकासशील देशों को जलवायु वित्त प्रदान करने के लिये वर्ष 2025 से पूरा करना होगा।
  • NCQG का महत्त्व:
    • विकासशील देशों को सशक्त बनाना: ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कम योगदान देने के बावज़ूद विकासशील देश अक्सर जलवायु परिवर्तन से असंगत रूप से प्रभावित होते हैं।
      • NCQG उन्हें स्वच्छ ऊर्जा, अनुकूलन उपायों और जलवायु-अनुकूल अवसंरचना में निवेश करने के लिये आवश्यक वित्तीय संसाधन प्रदान करता है।
    • जलवायु कार्रवाई में तेज़ी लाना: जलवायु परिवर्तन शमन और अनुकूलन संबंधी कार्यों के लिये महत्त्वपूर्ण निवेश की आवश्यकता है।
      • NCQG पेरिस समझौते के लक्ष्यों के अनुरूप महत्त्वाकांक्षी जलवायु कार्य योजनाओं को लागू करने के लिये विकासशील देशों के लिये आवश्यक वित्तपोषण कर सकता है।
    • एक उचित परिवर्तन को बढ़ावा देना: NCQG कम कार्बन और जलवायु-लचीली अर्थव्यवस्था में एक उचित परिवर्तन का समर्थन कर सकता है, आर्थिक रूप से कमज़ोर समुदायों की रक्षा करते हुए नए रोज़गार के अवसर सृजित कर सकता है।
    • वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना: NCQG को पूरा करने के लिये विकसित और विकासशील देशों के मध्य सहयोग की आवश्यकता है।
      • यह अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देता है और जलवायु परिवर्तन के प्रति वैश्विक प्रतिक्रिया को मज़बूत करता है।

पेरिस जलवायु समझौता:

  • वैधानिक स्थिति: यह जलवायु परिवर्तन पर वैधानिकरूप से बाध्यकारी अंतर्राष्ट्रीय संधि है।
  • अभिग्रहण: इसे दिसंबर, वर्ष 2015 में पेरिस में पार्टियों के सम्मेलन COP 21 में 196 देशों द्वारा अपनाया गया था।
  • लक्ष्य: ग्लोबल वार्मिंग को 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे सीमित करना और पूर्व-औद्योगिक स्तरों की तुलना में इसे अधिमानतः 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करना।
  • उद्देश्य: दीर्घकालिक तापमान लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये, देशों का लक्ष्य सदी के मध्य तक जलवायु-तटस्थ दुनिया को प्राप्त करने के लिये ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के वैश्विक चरम पर पहुँचाना है।
  • भारत पेरिस समझौते का हस्ताक्षरकर्त्ता है। भारत ने अगस्त, वर्ष 2022 में UNFCCC को एक अद्यतन NDC प्रस्तुत करके समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। NDC 2021-2030 के लिये भारत के लक्ष्यों की रूपरेखा तैयार करता है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न   

प्रिलिम्स:

प्रश्न. 'अभीष्ट राष्ट्रीय निर्धारित अंशदान (Intended Nationally Determined Contributions)' पद को कभी-कभी समाचारों में किस संदर्भ में देखा जाता है?  (2016)

(a) युद्ध-प्रभावित मध्य-पूर्व के शरणार्थियों के पुनर्वास के लिये यूरोपीय देशों द्वारा दिये गए वचन
(b) जलवायु परिवर्तन का सामना करने के लिये विश्व के देशों द्वारा बनाई गई कार्य-योजना
(c) एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक) की स्थापना करने में सदस्य राष्ट्रों द्वारा किया गया पूँजी योगदान
(d) धारणीय विकास लक्ष्यों के बारे में विश्व के देशों द्वारा बनाई गई कार्य-योजना

उत्तर: (b)


प्रश्न. वर्ष 2015 में पेरिस में UNFCCC बैठक में हुए समझौते के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं? (2016)

  1. इस समझौते पर UN के सभी सदस्य देशों ने हस्ताक्षर किये और यह वर्ष 2017 से लागू होगा।
  2. यह समझौता ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन को सीमित करने का लक्ष्य रखता है, जिससे इस सदी के अंत तक औसत वैश्विकं तापमान की वृद्धि उद्योग-पूर्व स्तर (pre-industrial levels) से 2°C या कोशिश करें कि 1.5°C से  भी अधिक न हो पाए।
  3. विकसित देशों ने वैश्विक तापन में अपनी ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी को स्वीकारा और जलवायु परिवर्तन का सामना करने के लिये विकासशील देशों की सहायता के लिये 2020 से प्रतिवर्ष 1000 अरब डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये-

(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 2
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (b)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2