प्रारंभिक परीक्षा
नव्या पहल
- 07 Oct 2025
- 31 min read
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत शुरू की गई युवा किशोरियों के लिये व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं का पोषण (NAVYA) पहल का उद्देश्य उभरते नौकरी क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करके 16-18 वर्ष की किशोरियों को सशक्त बनाना है।
नव्या पहल क्या है?
- परिचय: 24 जून, 2025 को शुरू की गई नव्या पहल कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (MWCD) के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है।
- वर्तमान में यह पहल 9 राज्यों - महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और हिमाचल प्रदेश के 9 ज़िलों में संचालित की जा रही है।
- नीति आयोग ने इन जिलों को ‘आकांक्षी’ के रूप में चिन्हित किया है।
- वर्तमान में यह पहल 9 राज्यों - महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और हिमाचल प्रदेश के 9 ज़िलों में संचालित की जा रही है।
- लक्ष्य: इस पहल के अंतर्गत 19 राज्यों के 27 आकांक्षी और पूर्वोत्तर ज़िलों की 3850 लड़कियों को शामिल किया जाएगा और वर्तमान में इसे 9 राज्यों के 9 ज़िलों में संचालित किया जा रहा है।
- मुख्य उद्देश्य:
- मांग-आधारित प्रशिक्षण: प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और आधुनिक भूमिकाओं (जैसे, AI, डिजिटल मार्केटिंग) में पाठ्यक्रम उद्योग की ज़रूरतों के अनुरूप।
- समग्र विकास: स्वास्थ्य, स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता, जीवन कौशल और कानूनी जागरूकता (जैसे: POSH और POCSO) पर मॉड्यूल।
- रोज़गारपरकता और उद्यमिता को बढ़ावा देना: इंटर्नशिप, प्रशिक्षुता, नौकरी की व्यवस्था और स्वरोजगार संसाधन।
- लैंगिक-समावेशी कौशल: प्रोत्साहन राशि/स्टाइपेंड और लचीले कार्यक्रम के साथ महिला-अनुकूल प्रशिक्षण स्थान साइबर सुरक्षा जैसे गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में किशोरियों को प्रोत्साहित करते हैं।
- शिक्षा और आजीविका को जोड़ना: शिक्षा को विशेष रूप से दूरस्थ और आकांक्षी ज़िलों में स्थायी आजीविका से जोड़ना।
- महत्त्व:
- लैंगिक अंतर को कम करना: गैर-पारंपरिक कौशल और उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देता है, उभरते क्षेत्रों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देता है।
- अल्पसेवित क्षेत्रों को लक्षित करना: दूरस्थ और कमज़ोर क्षेत्रों की किशोरियों को सशक्त बनाने तथा समान अवसर सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करता है।
- लड़कियों की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देना: आर्थिक विकास में किशोरियों की भागीदारी को बढ़ाता है, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देता है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY)
- 15 जुलाई, 2015 को शुरू की गई प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) युवाओं को कौशल प्रमाणन के लिये निःशुल्क, अल्पकालिक प्रशिक्षण और मौद्रिक पुरस्कार प्रदान करके कौशल विकास को बढ़ावा देती है।
- PMKVY 2016-2020 ने उद्योग प्रासंगिकता और युवा रोज़गार क्षमता को बढ़ाने के लिये मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी राष्ट्रीय पहलों के साथ संरेखित करते हुए अपनी क्षेत्रीय एवं भौगोलिक पहुँच का विस्तार किया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
1. नव्या पहल क्या है?
यह कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (MWCD) का एक संयुक्त प्रयास है, जिसका उद्देश्य 16-18 वर्ष की किशोरियों को कौशल प्रशिक्षण तथा समग्र विकास प्रदान करना है।
2. नव्या किन क्षेत्रों और कौशलों पर केंद्रित है?
नव्या उभरते और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों जैसे AI-सक्षम सेवाओं, साइबर सुरक्षा, डिजिटल मार्केटिंग, ड्रोन असेंबली तथा CCTV स्थापना में प्रशिक्षण प्रदान करती है।
3. नव्या किशोरियों को व्यावसायिक कौशल से परे कैसे सशक्त बनाती है?
यह समग्र विकास और सामाजिक-आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिये जीवन कौशल, स्वास्थ्य और पोषण, वित्तीय साक्षरता, कार्यस्थल सुरक्षा (POSH व POCSO जागरूकता) को एकीकृत करती है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQ)
प्रिलिम्स:
प्रश्न. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2018)
- यह श्रम और रोज़गार मंत्रालय की प्रमुख योजना है।
- यह अन्य बातों के अलावा सॉफ्ट स्किल्स, उद्यमिता, वित्तीय और डिजिटल साक्षरता में प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा।
- इसका उद्देश्य देश के अनियमित कार्यबल की दक्षताओं को राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढाँचे के अनुरूप बनाना है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 2
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर: (c)