इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

नागोर्नो-काराबाख संघर्ष

  • 05 Oct 2023
  • 7 min read

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

हाल ही में अज़रबैजान ने विवादित नागोर्नो-काराबाख क्षेत्र में एक सैन्य अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप इस क्षेत्र में कई लोगों की मौत हो गई। यह ऑपरेशन/अभियान इस क्षेत्र को लेकर अज़रबैजान और आर्मेनिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद का हिस्सा है।

नागोर्नो-काराबाख संघर्ष:

  • नागोर्नो-काराबाख, काकेशस क्षेत्र (काला सागर और कैस्पियन सागर के बीच अंतरमहाद्वीपीय क्षेत्र) में पहाड़ी भूमि से घिरा क्षेत्र है, इसे अर्मेनियाई लोग आर्टाख (Artsakh) के नाम से जानते हैं।
    • इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अज़रबैजान के हिस्से के रूप में मान्यता प्राप्त है लेकिन इसके निवासी मुख्यतः जातीय रूप से अर्मेनियाई हैं।
    • उनकी अपनी सरकार है जिसका आर्मेनिया के साथ घनिष्ठ संबंध है लेकिन इसे आर्मेनिया अथवा किसी अन्य देश द्वारा आधिकारिक तौर पर मान्यता नहीं दी गई है।
  • 1980 के दशक के उत्तरार्द्ध में सोवियत संघ के पतन के बाद इस क्षेत्र द्वारा अज़रबैजान से स्वतंत्र होने की घोषणा के समय से ही नागोर्नो-काराबाख संघर्ष चला आ रहा है।
    • इस क्षेत्र को लेकर आर्मेनिया और अज़रबैजान के बीच पहला युद्ध 1980 के दशक के उत्तरार्द्ध में हुआ जिसकी समाप्ति वर्ष 1994 में युद्धविराम के साथ हुई, इसके परिणामस्वरुप नागोर्नो-काराबाख तथा आसपास के कुछ क्षेत्र अर्मेनियाई नियंत्रण के अधीन आ गए।
    • दोनों पक्षों ने कई बार इस युद्धविराम का उल्लंघन किया गया और शांतिपूर्ण समाधान के लिये बातचीत के कई प्रयास विफल रहे जिसके परिणामस्वरुप दोनों के बीच वर्तमान में भी संघर्ष जारी है।
  • वर्ष 2020 में अज़रबैजान ने दूसरा युद्ध शुरू किया, जिसमें शानदार जीत हासिल करते हुए आसपास के सात ज़िलों और नागोर्नो-काराबाख के लगभग एक तिहाई हिस्से पर दोबारा नियंत्रण हासिल कर लिया।
    • वर्ष 2020 में दूसरे कराबाख युद्ध के बाद रूस ने एक शांति समझौते में मध्यस्थता की, जिसके  पश्चात इस क्षेत्र में 1,960 रूसी बलों की तैनाती को स्वीकृति दे दी गई।

अज़रबैजान: 

  • अज़रबैजान एशिया महाद्वीप का एक देश है जिसकी सीमा रूस, जॉर्जिया, आर्मेनिया और ईरान से लगती है।
    • इस देश के पूर्व की सीमा कैस्पियन सागर से लगती है।
    • उत्तर और पश्चिम का अधिकांश भाग काकेशस पर्वत से ढका हुआ है।
  • राजधानी शहर: बाकू।
  • अज़रबैजान में तेल और प्राकृतिक गैस की प्रचुरता है।
  • अज़रबैजान के एक प्रसिद्ध स्थान यानार दा में कैस्पियन सागर के निकट 65 वर्षों से अधिक समय से प्राकृतिक रूप से एक शाश्वत आग प्रज्ज्वलित है, ऐसा माना जाता है कि इसके लिये इंधन का स्रोत प्राकृतिक गैसों का रिसाव है। यह अनोखी घटना अज़रबैजान के उपनाम, "द लैंड ऑफ फायर" के अनुरूप है।

 आर्मेनिया:

  • यह काकेशस क्षेत्र में एक भूमि से घिरा देश है, जिसकी सीमाएँ पश्चिम में तुर्किये, उत्तर में जॉर्जिया और पूर्व में अज़रबैजान से लगती हैं।
  • राजधानी: येरेवान
  • आर्मेनिया एक पहाड़ी देश है।
    • सबसे ऊँची चोटी: माउंट अरार्ट

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2023) 

प्रायः समाचारों में उल्लिखित होने वाले क्षेत्र  

समाचारों में होने का कारण 

1. उत्तरी किवू और इटुरी   

आर्मीनिया और अज़रबैजान के बीच युद्ध

2.नागोर्नो-काराबाख

मोज़ाम्बीक में विद्रोह

3. खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया 

इज़रायल और लेबनान के बीच विवाद

उपर्युक्त में से कितने युग्म सही सुमेलित हैं?

(a) केवल एक
(b) केवल दो 
(c) सभी तीन
(d) कोई भी नहीं

उत्तर: (d) 

व्याख्या: 

  • किवू और इटुरी कांगो गणराज्य से संबंधित हैं। कांगो गणराज्य और रवांडा के बीच युद्ध 1994 में 800,000 रवांडन तुत्सी एवं हुतस के नरसंहार के साथ शुरू हुआ। अतः युग्म 1 सही सुमेलित नहीं है।
  • नागोर्नो-काराबाख दक्षिण-पश्चिमी अज़रबैजान का एक क्षेत्र है। इसका उपयोग पूर्व अज़रबैजान सोवियत सोशलिस्ट रिपब्लिक (S.S.R.) के एक स्वायत्त ओब्लास्ट (प्रांत) और स्व-घोषित देश नागोर्नो-काराबाख गणराज्य के लिये किया जाता है, जिसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नहीं है। पुराने स्वायत्त क्षेत्र ने लगभग 1,700 वर्ग मील (4,400 वर्ग किमी.) के क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया था, जबकि नागोर्नो-काराबाख के स्व-घोषित गणराज्य की सेना वर्तमान में लगभग 2,700 वर्ग मील (7,000 वर्ग किमी) पर कब्ज़ा कर चुकी है। अतः युग्म 2 सही सुमेलित नहीं है।
  • खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया यूक्रेन से संबंधित हैं तथा वे यूक्रेन एवं रूस के बीच विवाद से संबंधित हैं। अतः युग्म 3 सही सुमेलित नहीं है।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2