इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

आसियान 2026 के लिये म्याँमार की अध्यक्षता को अस्वीकृति

  • 07 Sep 2023
  • 5 min read

स्रोत: टाइम्स ऑफ इंडिया

दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (Association of Southeast Asian Nations- ASEAN) के नेतृत्वकर्त्ताओं ने वर्ष 2026 में म्याँमार को अपने क्षेत्रीय समूह की क्रमिक अध्यक्षता संभालने का अवसर देने से इनकार करने का फैसला किया है।

  • यह निर्णय वर्ष 2021 में हिंसक तरीके से सत्ता पर कब्ज़ा करने के बाद अंतर्राष्ट्रीय मान्यता की मांग करने वाले म्याँमार के सत्तारूढ़ जनरलों के लिये एक बड़ा झटका है।
  • फिलीपींस ने वर्ष 2026 में इंडोनेशिया द्वारा आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय ब्लॉक की अध्यक्षता संभालने को लेकर सहमति जताई है।

म्याँमार को आसियान नेतृत्व से बाहर करने का कारण: 

  • आसियान राजनयिकों ने सुझाव दिया है कि म्याँमार का बहिष्कार देश के भीतर चल रहे नागरिक संघर्ष से संबंधित है।
  • इसके अतिरिक्त ऐसी चिंताएँ जताई जा रही हैं कि म्याँमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार को मान्यता न देने के कारण संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय संघ सहित अन्य अंतर्राष्ट्रीय अभिकर्ताओं के साथ आसियान के संबंधों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

म्याँमार की पृष्ठभूमि और चिंताएँ: 

  • पृष्ठभूमि:
    • वर्ष 2021 में म्याँमार सेना ने आंग सान सू की की लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया, जिसकी व्यापक निंदा हुई और उन्हें हिरासत से तत्काल रिहा करने की मांग की गई।
    • अमेरिका के नेतृत्व वाली पश्चिमी देशों की सरकारें म्याँमार में सैन्य नेतृत्व वाली सरकार के विरोध में मुखर रही हैं।
  • चिंताएँ:
    •  म्याँमार में सेना द्वारा सत्ता अधिग्रहण के बाद से सुरक्षा बलों पर लगभग 4,000 नागरिकों की हत्या करने और 24,000 से अधिक अन्य को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया गया है। 
    • म्याँमार की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है और लगभग आधी आबादी अब गरीबी रेखा से नीचे रह रही है।
    • सैन्य शासन के तहत नागरिकों की रक्षा हेतु सेना के लिये स्पष्ट कानूनी दायित्वों के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय कानून से संबंधित नियमों की लगातार उपेक्षा की गई है।

दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन (ASEAN): 

  • परिचय:
    • यह एक क्षेत्रीय समूह है जो आर्थिक, राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देता है।
    • इसकी स्थापना अगस्त 1967 में बैंकॉक, थाईलैंड में आसियान/ ASEAN के संस्थापक सदस्यों अर्थात् इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड द्वारा ASEAN  घोषणा (बैंकॉक घोषणा) पर हस्ताक्षर के साथ की गई थी।
    • सदस्य राज्यों के अंग्रेज़ी नामों के वर्णमाला क्रम के आधार पर इसकी अध्यक्षता प्रतिवर्ष बदलती रहती है।
    • अप्रैल 2021-फरवरी 2022 की अवधि में भारत और ASEAN क्षेत्र के बीच कमोडिटी व्यापार 98.39 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया। मुख्य रूप से इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम और थाईलैंड के साथ भारत के व्यापारिक संबंध हैं।
  • सदस्य:
    • ASEAN दस दक्षिण-पूर्व एशियाई राज्यों- ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्याँमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम का एक संगठन है।

  यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित देशों पर विचार कीजिये: (2018)

  1. ऑस्ट्रेलिया 
  2. कनाडा 
  3. चीन 
  4. भारत 
  5. जापान 
  6. यूएसए

उपर्युक्त में से कौन आसियान (ASEAN) के 'मुक्त-व्यापार भागीदारों' में शामिल हैं?

(A) केवल 1, 2, 4 और 5
(B) केवल 3, 4, 5 और 6
(C) केवल 1, 3, 4 और 5
(D) केवल 2, 3, 4 और 6

उत्तर: C


प्रश्न. रीजनल कॉम्प्रिहेन्सिब इकोनॉमिक पार्टनरशिप (Regional Comprehensive Economic Partnership) पद प्रायः समाचार में देशों के एक समूह के मामलों के संदर्भ में आता है। देशों के उस समूह को क्या कहा जाता है?

(A) जी20
(B) आसियान
(C) एससीओ
(D) सार्क

उत्तर: (B)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2