रैपिड फायर
भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्रियों की तीसरी वार्ता
- 28 Nov 2025
- 15 min read
भारत के रक्षा मंत्री ने इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजाफ्री सजामसोएद्दीन के साथ तीसरे भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्री वार्ता की सह-अध्यक्षता की। इस वार्ता में क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों की समीक्षा के अलावा, बहुपक्षीय मुद्दों और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मज़बूत करने के लिये नई संभावनाओं पर भी बातचीत हुई। जिससे दोनों देशों के रक्षा संबंधों को दिये जाने वाले रणनीतिक महत्त्व को और बल मिलता है।
मुख्य परिणाम:
- भारत-प्रशांत सहयोग: भारत और इंडोनेशिया ने स्वतंत्र और खुले भारत-प्रशांत के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की तथा भारत-प्रशांत पर आसियान दृष्टिकोण और भारत की भारत-प्रशांत महासागर पहल के बीच संरेखण पर ध्यान दिया।
- उन्होंने समुद्री जागरूकता, साइबर तथा हिंद महासागर रिम एसोसिएशन जैसे बहुपक्षीय निकायों के माध्यम से सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की।
- रक्षा और उद्योग सहयोग: इंडोनेशिया ने प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, संयुक्त अनुसंधान और विकास, प्रमाणन सामंजस्य तथा आपूर्ति शृंखला संबंधों को मज़बूत करने के लिये एक संयुक्त रक्षा उद्योग सहयोग समिति की स्थापना में भारत के प्रस्ताव का स्वागत किया।
- सैन्य-से-सैन्य संलग्नता: भारत और इंडोनेशिया ने सुपर गरुड़ शील्ड, गरुड़ शक्ति अभ्यास, पूर्व समुद्र शक्ति अभ्यास और आगामी वायु युद्धाभ्यास सहित भूमि, समुद्री और वायु सेनाओं में संयुक्त अभ्यासों में प्रगति पर प्रकाश डाला।
- भारत-इंडोनेशिया संबंध:
- इंडो-पैसिफिक में इंडोनेशिया की रणनीतिक स्थिति, मलक्का, सुंडा और लोंबोक जलडमरूमध्य जैसे महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्गों की देखरेख, इसे समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय व्यापार प्रवाह के लिये एक आवश्यक साझेदार बनाती है।
- भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2022-23 में 38.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया, जो उनके आर्थिक संबंध को रेखांकित करता है।
- 450 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ब्रह्मोस मिसाइल सौदे और रक्षा सहयोग के विस्तार जैसी संभावनाएँ दोनों देशों के बीच मज़बूत होते आर्थिक और सामरिक संबंधों को दर्शाती हैं।
|
और पढ़ें: भारत-इंडोनेशिया संबंध |
