इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (22 जनवरी)

  • 22 Jan 2019
  • 10 min read
  • हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर सहित कुल 12 सांसदों को संसद रत्न- 2019 पुरस्कार दिया गया। इनमें महाराष्ट्र के 6 सांसद हैं। इस पुरस्कार के लिये प्रतिवर्ष सांसदों का चयन संसद की चर्चाओं में शामिल होने की संख्या, उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों की संख्या, विधेयकों को पेश करने की संख्या, संसद में उनकी उपस्थिति और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत फंड के इस्तेमाल के आधार पर किया जाता है। संसद रत्न पुरस्कार की स्थापना 2010 में चेन्नई स्थित प्राइम पॉइंट फाउंडेशन ने की थी। संसद के दोनों सदनों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सांसदों को प्रतिवर्ष संसद रत्न पुरस्कार दिये जाते हैं।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 26 चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार- 2019 प्रदान किये। इनमें नवाचार, शैक्षिक, खेल, कला और संस्कृति, समाज सेवा तथा बहादुरी श्रेणी के तहत बाल शक्ति पुरस्कार के लिये एक संयुक्त पुरस्कार भी शामिल है। यह पुरस्कार दो मुख्य श्रेणियों में दिये गए:
  1. बाल शक्ति पुरस्कार (पूर्व में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार): नवाचार,समाज सेवा, शैक्षिक, खेल, कला और संस्कृति तथा वीरता श्रेणियों में दिये गए।
  2. बाल कल्याण पुरस्कार (पूर्व में राष्ट्रीय बाल कल्याण पुरस्कार): व्यक्तिगत और संस्थागत श्रेणियों में दिये गए।

पुरस्कार विजेताओं के नामों का चयन महिला बाल कल्याण मंत्री मेनका संजय गांधी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चयन समिति ने किया।

  • IIT हैदराबाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के क्षेत्र में देश में पहले B.Tech. प्रोग्राम की शुरुआत करने जा रहा है। 2019-20 के शैक्षणिक सत्र से यह विद्यार्थियों को उपलब्ध होगा। यह किसी भारतीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाया जाने वाला इस तरह का पहला पूर्ण विकसित B. Tech. प्रोग्राम है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी केवल कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जैसे चुनिंदा संस्थान ही इस तरह के प्रोग्राम चला रहे हैं।
  • होम्योपैथिक चिकित्सा उत्पादों के विनियमन और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के लिये गोवा में तीन दिवसीय द्वितीय विश्व एकीकृत चिकित्सा संगोष्ठी, 2019 शुरू हुई। इस संगोष्ठी का आयोजन आयुष मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद के द्वारा किया जा रहा है। होम्योपैथिक/पारंपरिक दवाओं के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय दवा नियामक देश, जैसे- फ्रांस, स्विट्ज़रलैंड, जर्मनी, बेल्जियम, स्पेन, रूस, ब्राज़ील, क्यूबा, ​​दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, मलेशिया, ओमान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश और नेपाल आदि इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
  • इस्पात मंत्रालय द्वारा तीन दिवसीय इंडिया स्टील 2019 (प्रदर्शनी और सम्मेलन) का आयोजन मुम्बई में किया जा रहा है। इंडिया स्टील 2019, नेशनल स्टील पॉलिसी 2000 के अनुरूप विश्व स्तर का प्रतिस्पर्द्धात्मक इस्पात उद्योग विकसित करने के प्रयासों की श्रृंखला का एक हिस्सा है। इस्पात मंत्रालय दो वर्षों में एक बार इंडिया स्टील प्रदर्शनी और सम्मेलन का आयोजन करता है। इसमें बड़ी संख्या में खरीददार, विक्रेता, प्रौद्योगिकी प्रदाता, विनिर्माता, व्यापारी, आयातक और इस्पात क्षेत्र के अन्य संबद्ध संगठन और संस्थान हिस्सा लेते हैं।
  • स्विट्ज़रलैंड के दावोस में 49वें विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum-WEF) के पाँच दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला सम्मेलन के को-चेयरमैन हैं। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल, स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति यूली मॉरर, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे, इटली के प्रधानमंत्री गेसपी कोंट, इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित IMF, WTO, OECD, वर्ल्ड बैंक और इस तरह की अन्य संस्थाओं के प्रमुख इसमें हिस्सा लेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों तथा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन घरेलू कारणों की वज़ह से हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
  • नेपाल के केंद्रीय बैंक (नेपाल राष्ट्र बैंक) ने अपने देश में 2000 रुपए, 500 रुपए और 200 रुपए के भारतीय करेंसी नोटों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। नेपाल राष्ट्र बैंक ने एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि नए नियमों के तहत नेपाली नागरिक इन नोटों को भारत के अलावा अन्य देशों में नहीं ले जा सकते। इसी तरह, नेपालियों को अन्य देशों से भी ऐसे नोट लाने की अनुमति नहीं दी गई है। हालाँकि, 100 रुपए या उससे कम मूल्य के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
  • अमेरिका में भारतीय मूल की पहली महिला सीनेटर कमला हैरिस 2020 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिये डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से दावेदारी पेश करेंगी। उन्होंने अपने अभियान की थीम रखी है 'कमला हैरिस फॉर द पीपल'
  • चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिसटिक्स के अनुसार 2018 में चीन की विकास दर 6.6 फीसदी रही, जो पिछले 28 वर्षों में सबसे कम है। 2017 में विकास दर 6.8 फीसदी रही थी। अमेरिका के साथ चल रहे ट्रेड वॉर को इसकी मुख्य वज़ह बताया जा रहा है। अमेरिका ने चीन से आयात होने वाले करीब आधे सामानों पर टैरिफ लगा दिया है। आपको बता दें कि इससे पहले 1990 में चीन की विकास दर 3.9 फीसदी रही थी।
  • चंद्रमा पर खोजबीन के लिये अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और चीन की अंतरिक्ष एजेंसी मिलकर अभियान चलाने की तैयारी में हैं। इस अभियान से चंद्रमा पर इंसानों की बस्ती बसाने और बाहरी अंतरिक्ष के सुदूर क्षेत्रों की खोज के लिये भविष्य के मिशन की तैयारी के प्रयासों को और गति मिलेगी। नासा इस मुद्दे पर चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन से यान चांग-4 से भेजे जाने वाले डेटा को खंगालने की संभावना तलाश रही है। गौरतलब है कि चीन का यह यान इसी महीने चंद्रमा की सतह पर उतरा है।
  • 12 दिवसीय खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2019 पुणे में संपन्न हुए। पदक तालिका में महाराष्ट्र पहले, हरियाणा दूसरे और दिल्ली तीसरे स्थान पर रहे। भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित इन खेलों में 29 राज्यों और 7 केंद्रशासित प्रदेशों के 6000 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें अंडर-17 और अंडर-21 वर्ग में कुल 18 खेलों का आयोजन किया गया। इन खेलों की थीम ‘5 मिनट और’ रखी गई थी। आपको बता दें कि 2018 के खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा टॉप पर रहा था।
  • भारत रत्न से सम्मानित वैज्ञानिक सी.एन.आर. राव को प्रथम शेख सौद अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये चुना गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की संस्था सेंटर फॉर एडवांस मैटेरियल द्वारा उन्हें यह पुरस्कार मैटेरियल रिसर्च के लिये दिया जाएगा। पुरस्कार के लिये उनका चयन एक कमेटी ने सर्वसम्मति से किया है। पुरस्कार के रूप में एक प्रशस्ति-पत्र, मेडल और एक लाख डॉलर दिये जाएंगे। उन्हें यह पुरस्कार 25 फरवरी को UAE के रास अल खैमा में एडवांस मैटेरियल्स पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में वहाँ के शासक शेख सौद द्वारा दिया जाएगा।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2