दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 04 मार्च, 2020

  • 04 Mar 2020
  • 3 min read

क्रिप्टोकरेंसी

सर्वोच्च न्यायालय ने क्रिप्टोकरेंसी पर लगी रोक को हटा दिया है। ध्यातव्य है कि अप्रैल 2018 में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने क्रिप्टोकरेंसी के व्यापार पर रोक लगा दी थी, किंतु अब सर्वोच्च न्यायालय ने RBI द्वारा जारी आदेश को खारिज कर क्रिप्टोकरेंसी पर रोक को हटा दिया है। गौरतलब है कि भारत सरकार क्रिप्टोकरेंसी के क्रय, विक्रय, वितरण, माइनिंग पर रोक लगाने के लिये ड्राफ्ट विधेयक भी तैयार कर चुकी है। सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्णय का अर्थ है कि अब देश में क्रिप्टोकरेंसी का लेन-देन शुरू हो सकेगा। क्रिप्टोकरेंसी क्रिप्टोग्राफी प्रोग्राम पर आधारित एक वर्चुअल करेंसी या ऑनलाइन मुद्रा है। यह पीयर-टू-पीयर कैश सिस्टम है। इसे डिजिटल वालेट में रखा जा सकता है। दरअसल क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल के लिये बैंक या किसी अन्य वित्तीय संस्थान की आवश्यकता नहीं होती।

संजय कुमार पांडा

अनुभवी राजनयिक संजय कुमार पांडा को तुर्की में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। पांडा 1991 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी हैं और वर्तमान में वह सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूत के रूप में कार्य कर रहे हैं। तुर्की में संजय कुमार पांडा की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारत और तुर्की के संबंधों में तनाव बना हुआ है। 370 पर प्रतिक्रिया के पश्चात् भारत ने तुर्की को भारत के आंतरिक मामलों से अलग रहने को कहा था।

स्वामी विवेकानंद स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार

असम में वन संरक्षण में बहुमूल्य योगदान देने वाले और फॉरेस्ट मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर पर्यावरणविद् जादव मोलाई पायेंग को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने स्वामी विवेकानंद स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार पूर्वोत्तर भारत से जुड़े विषयों पर कार्य करने वाली संस्था माय होम इंडिया के तत्वावधान में आयोजित स्वामी विवेकानंद स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। असम के जोरहट के निवासी जादव पायेंग को फॉरेस्ट मैन ऑफ इंडिया और पर्यावरण कार्यकर्त्ता के रूप में जाना जाता है। जादव मोलाई पायेंग ने अपने जीवन के 30 वर्ष पर्यावरण संरक्षण में बिताए हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow