इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 15 Oct, 2020
  • 19 min read
प्रारंभिक परीक्षा

प्रिलिम्स फैक्ट्स: 15 अक्तूबर, 2020

‘थैलेसीमिया बाल सेवा योजना’ का दूसरा चरण

Second Phase of ‘Thalassemia Bal Sewa Yojna’

15 अक्तूबर, 2020 को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने थैलेसीमिया (Thalassemia) बीमारी से ग्रस्त शोषित समाज के रोगियों के लिये ‘थैलेसीमिया बाल सेवा योजना’ (Thalassemia Bal Sewa Yojna) के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

Thalassemia- Bal-Sewa-Yojna

प्रमुख बिंदु:

  • थैलेसीमिया बाल सेवा योजना की शुरुआत वर्ष 2017 में की गई थी। 
  • यह कोल इंडिया का ‘कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी’ (Corporate Social Responsibility-CSR) के तहत वित्तपोषित ‘हेमाटोपोएटिक स्टेम सेल ट्रांसप्लांटेशन’ (Hematopoietic Stem Cell Transplantation- HSCT) कार्यक्रम है।

हेमाटोपोएटिक स्टेम सेल ट्रांसप्लांटेशन (HSCT):

  • HSCT ‘मल्टीपोटेंट हेमाटोपोएटिक स्टेम कोशिकाओं’ (Multipotent Hematopoietic Stem Cells) का प्रत्यारोपण है जो आमतौर पर अस्थि मज्जा, परिधीय रक्त (Peripheral Blood) या गर्भनाल रक्त (Umbilical Cord Blood) से प्राप्त होता है।
  • यह [ऑटोलॉगस (Autologous) अर्थात् रोगी की स्वयं की स्टेम कोशिकाओं का उपयोग किया जाता है], [एलोजेनिक (Allogeneic) अर्थात् स्टेम कोशिकाएँ एक दाता द्वारा प्रदान की जाती हैं], सिनजेनिक [(Syngeneic) अर्थात् स्टेम कोशिकाएँ एक समान जुड़वाँ दाता द्वारा प्रदान की जाती हैं] हो सकता है।
  • इस कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया एवं सिकल सेल (Sickle Cell) जैसे हीमोग्लोबिनोपैथी (Haemoglobinopathies) रोग के इलाज से वंचित परिवारों को जीवन में एक बार इलाज कराने का अवसर प्रदान करना है।
  • इस पहल का लक्ष्य कुल 200 रोगियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना था जो प्रति HSCT 10 लाख रुपए से अधिक नहीं होगी। 
  • भारत में विभिन्न हीमोग्लोबिनोपैथी रोग के छुपे हुए वाहकों की व्यापकता पर मौजूद आँकड़े बताते हैं कि यह बीटा-थैलेसीमिया के लिये 2.9-4.6% है , जबकि जनजातीय आबादी के बीच सिकल सेल एनीमिया के लिये यह 40% तक हो सकता है।
  • वर्ष 2020 से अप्लास्टिक एनीमिया (Aplastic Anaemia) के कुल 200 रोगियों को शामिल करने के लिये इस योजना का विस्तार किया गया है।


एमएसीएस 6478  

MACS 6478

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के तहत एक स्वायत्त संस्थान ‘आगरकर अनुसंधान संस्‍थान’ (Agharkar Research Institute- ARI) के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित एमएसीएस 6478 (MACS 6478) नामक गेहूँ की किस्‍म से महाराष्ट्र के किसानों की फसल पैदावार दोगुनी हो गई है।

MACS-6478

प्रमुख बिंदु:

  • महाराष्ट्र के सतारा ज़िले में कोरेगाँव तहसील के एक गाँव के किसानों को एमएसीएस 6478 के उपयोग से 45-60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त हुई है, जबकि पहले लोक 1 (Lok 1), एचडी 2189 (HD 2189) एवं अन्य पुरानी किस्मों के कारण औसत उपज 25-30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर प्राप्त होती थी।  

परिपक्वता अवधि:

  • नव विकसित गेहूँ की किस्म को उच्च उपज वाला एस्टिवम (High Yielding Aestivum) भी कहा जाता है। 
  • गेहूँ की यह किस्म 110 दिनों में परिपक्व हो जाती है।
  • गेहूँ की यह किस्म पत्ती एवं तने संबंधी अधिकांश रोगों के लिये प्रतिरोधी होती है।

विशेषताएँ: 

  • एम्बर (Amber) रंग के मध्यम आकार के गेहूँ की इस किस्म में 14% प्रोटीन, 44.1 पीपीएम (Parts Per Million) जस्ता और 42.8 पीपीएम आयरन होता है जो कि अन्य किस्मों से अधिक है।

शोध संबंधी प्रकाशन: 

  • गेहूँ की इस किस्म पर एक शोध पत्र ‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ करेंट माइक्रोबायोलॉजी एंड एप्लाइड साइंसेज़’ (International Journal of Current Microbiology and Applied Sciences) में प्रकाशित हुआ है।


बोम्मई गोलू की नवरात्रि परंपरा

Navratri Tradition of ‘Bommai Golu’

COVID-19 के कारण दक्षिण भारतीय परिवारों में ‘बोम्मई गोलू’ (Bommai Golu) की नवरात्रि परंपरा इस वर्ष ऑनलाइन मनाई जाएगी।

Navratri-Tradition-of-Bommai-Golu

प्रमुख बिंदु: 

  • भारत में नवरात्रि का त्योंहार विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है। 
    • नवरात्रि के अवसर पर दिल्ली में ‘रामलीला’, पश्चिम बंगाल में ‘दुर्गा पूजा उत्सव’, गुजरात में ‘गरबा नृत्य’ का आयोजन किया जाता है। 
    • जबकि दक्षिण भारत में इस अवसर पर बोम्मई गोलू (Bommai Golu) या नवरात्रि गोलू (Navratri Golu) का आयोजन किया जाता है अर्थात् हस्तनिर्मित गुड़ियों का कलात्मक प्रदर्शन।
  • तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मनाए जाने वाले इन त्योहारों में देवी-देवताओं, पुरुषों, जानवरों और बच्चों के रूप में निर्मित गुड़ियों का एक सेट शामिल किया जाता है। प्रत्येक सेट एक कहानी को प्रतिबिंबित करता है। 
    • तमिल भाषा में बोम्मई गोलू या कोलू (Kolu) का अर्थ है ‘दिव्य उपस्थिति’ (Divine Presence)। 
    • तेलुगु भाषा में बोम्माला कोलुवु (Bommala Koluvu) का अर्थ है ‘कोर्ट ऑफ टॉयज़’ (Court of Toys)। 
    • कन्नड़ भाषा में बॉम्बे हब्बा (Bombe Habba) का अर्थ ‘गुड़िया महोत्सव’ (Doll Festival) है।
  • नवरात्रि गोलू के माध्यम से प्राचीन काल की भारतीय कहानियों का प्रदर्शन किया जाता है जो रामायण, पुराणों और दशावतारम जैसे ग्रंथों से संबंधित होती हैं।

Dasavatharam-Golu-order

  • दक्षिण भारतीय नवरात्रि परंपरा में गुड़िया (बोम्मई गोलू) को प्रदर्शित करने के लिये  इन्हें विषम संख्या में स्थापित किया जाता है तथा मेहमानों को एक साथ गाने के लिये आमंत्रित किया जाता है और वे इस अवसर पर आपस में पाइपिंग हॉट सुंडल (Piping Hot Sundal) के कटोरे को साझा करते हैं। 
    • प्रदर्शन के लिये उपलब्ध गुड़ियों की संख्या के आधार पर यह संख्या 1 से 11 तक भिन्न-भिन्न हो सकती है।
      • कई परिवार इसे नौ चरणों में रखते हैं प्रत्येक चरण नवरात्रि के नौ दिनों का प्रतिनिधित्त्व करता है।
      • कुछ तीन, पाँच या सात चरण में भी रखते हैं। ये चरण एक सजावटी कपड़े से ढके हुए होते हैं और उस पर  गुड़िया रखी जाती है।
  • पहले चरण को कलश से सजाया जाता है। पानी से भरे इस कलश को आम के पत्तों से सजाया जाता है और इसके ऊपर एक नारियल रखा जाता है। इसे देवी दुर्गा का प्रतिनिधित्व करने वाला माना जाता है।
  • बोम्मई गोलू को नवरात्रि के तीसरे और नौ दिनों के बीच स्थापित किया जाता है तथा दिन में दो बार ‘गुड़ियों के समूह’ की पूजा की जाती है।
  • प्रमुख हिंदू मंदिर जैसे- मीनाक्षी मंदिर (तमिलनाडु) प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के अवसर पर बड़े पैमाने पर गोलू (गुड़िया) का प्रदर्शन करता है।

महत्त्व: 

  • कोलू (Kolu) या गोलू (Golu) का भारत में कृषि एवं हस्तशिल्प व्यवसायों के साथ एक महत्त्वपूर्ण संबंध है।
  • इस त्योहार के आर्थिक पहलू के अलावा यह सामाजिक रूप से भी एक महत्त्वपूर्ण त्योहार है। इस उत्सव के दौरान दक्षिण भारत में लोग एक-दूसरे से आपस में मिलते हैं।


कामधेनु दीपावली अभियान 

Kamdhenu Deepawali Abhiyan

राष्ट्रीय कामधेनु आयोग (Rashtriya Kamdhenu Aayog- RKA) ने इस वर्ष दीपावली त्योहार के अवसर पर ‘कामधेनु दीपावली अभियान’ (Kamdhenu Deepawali Abhiyan) मनाने के लिये एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है।

Kamdhenu-Deepawali-Abhiyan

प्रमुख बिंदु: 

  • ‘कामधेनु दीपावली अभियान’ का उद्देश्य गाय के गोबर से निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देना है।
    • गाय के गोबर से बने उत्पादों में दीपक, मोमबत्तियाँ, अगरबत्ती, पेपरवेट, देवी-देवताओं की मूर्तियाँ आदि शामिल हैं।
  • RKA का उद्देश्य इस बार दीवाली पर गोबर से निर्मित 33 करोड़ दीपक जलाने के लिये 11 करोड़ परिवारों तक पहुँचना है।

राष्ट्रीय कामधेनु आयोग

(Rashtriya Kamdhenu Aayog- RKA):

  • RKA की घोषणा केंद्रीय बजट 2019-20 में की गई थी।
  • RKA की स्थापना केंद्र सरकार द्वारा 6 फरवरी, 2019 को की गई थी। 
  • RKA भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय (Ministry of Fisheries, Animal Husbandry & Dairying) के अंतर्गत आता है। 
  • इसका उद्देश्य देश में गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा और संवर्द्धन के साथ उनकी संख्या बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना है।

विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 15 अक्तूबर , 2020

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन 

हाल ही में तीन अंतरिक्ष यात्रियों की एक जोड़ी ने अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग कर केवल तीन घंटों में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (International Space Station-ISS) पर पहुँचाने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। नासा के अंतरिक्ष यात्री केट रूबिंस (Kate Rubins) और रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस (Roscosmos) के सर्गेई रेजिकोव (Sergey Ryzhiko) और कुद-सेवरचकोव (Sergey Kud-Sverchko), ने 14 अक्तूबर, 2020 को कजाखस्तान के बैकोनुर (Baikonur) से उड़ान भरी थी। ध्यातव्य है कि इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर जाने के लिये तकरीबन दोगुना समय लगता था। इस प्रकार ‘SoyuzMS17’ अंतरिक्ष यान विश्व का पहला ऐसा अंतरिक्ष यान बन गया है जिसने पृथ्वी की कक्षा के केवल दो चक्कर लगाए हैं। अंतरिक्ष स्‍टेशन एक ऐसा अंतरिक्ष यान होता है जिसमें चालक दल के सदस्‍यों के रहने की सुविधा होती है। इसे इस तरह से तैयार किया जाता है कि वह लंबे समय तक अंतरिक्ष में रह सके इसके अलावा इसमें अन्‍य अंतरिक्ष यान भी जुड़ सकते हैं। अभी तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (International Space Station-ISS) जिसे वर्ष 1998 में अंतरिक्ष में स्‍थापित किया गया था विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय है। यह पृथ्वी की निम्न कक्षा में स्थापित सबसे बड़ा मानव निर्मित निकाय है।

अक्कीतम अच्युतन नंबूदिरी

15 अक्तूबर, 2020 को मलयालम के प्रसिद्ध कवि और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता अक्कीतम अच्युतन नंबूदिरी का 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। 18 मार्च, 1926 को केरल में जन्मे अच्युतन नंबूदिरी ने बचपन में ही संस्कृत, संगीत और ज्योतिष की शिक्षा प्राप्त कर ली थी। ये एकमात्र जीवित कवि थे जिन्हें मलयालम का महाकवि (महान कवि) कहा जाता था। अपने कॅरियर के शुरुआती वर्षों में अक्कीतम अच्युतन नंबूदिरी का कम्युनिस्ट विचारक ई.एम.एस. नंबूदरीपाद (E.M.S. Namboodiripad) के साथ घनिष्ठ संबंध था। अपने संपूर्ण लेखन कॅरियर में उन्होंने कुल 47 किताबें लिखी थीं, जिनमें कविता, नाटक, लघु कहानी, निबंध और अनुवाद आदि शामिल थे। उन्होंने मासिक पत्रिका मंगलोदयम (Mangalodayam) एवं साप्ताहिक पत्रिका योगक्षेमम् (Yogakshemam) का सह-संपादक भी किया था। वर्ष 2017 में इन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अच्युतन नंबूदिरी को वर्ष 2019 के लिये ज्ञानपीठ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान

दिल्ली सरकार ने हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिये ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान (Red Light On, Gaadi Off) की शुरुआत की है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में तकरीबन 1 करोड़ पंजीकृत वाहन हैं, और यदि इनमें से 30-40 लाख वाहन भी एक दिन में सड़कों पर आते हैं और रेड लाइट होने पर इंजन बंद करते हैं तो इससे वायु प्रदूषण कम करने में काफी मदद मिल सकती है। एक अनुमान के अनुसार, यदि 10 लाख वाहन भी रेड लाइट पर इंजन बंद करते हैं, तो एक वर्ष के भीतर पीएम 10 (PM 10) के उत्सर्जन में 1.5 टन और पीएम 2.5 (PM 2.5) के उत्सर्जन में 0.4 टन की कमी हो सकती है। ध्यातव्य है कि दिल्ली में सर्दियों के मौसम में खास तौर पर प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसके कारण दिल्ली के आम निवासियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने एक वृक्षारोपण नीति भी लागू की है। 

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम

राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्तूबर, 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2002 से वर्ष 2007 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया। वे न केवल एक सुविख्यात एयरोस्पेस वैज्ञानिक थे, बल्कि एक महान शिक्षक भी थे, जिन्होंने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ काम किया था। डॉ. कलाम वर्ष 1962 में ‘भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन’ से जुड़े और वहाँ उन्हें प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तौर पर भारत का पहला स्वदेशी उपग्रह (SLV- lll) प्रक्षेपास्त्र बनाने का श्रेय हासिल है। अब्दुल कलाम भारत के मिसाइल कार्यक्रम के जनक माने जाते हैं, वे ‘आम जनमानस के राष्ट्रपति’ के तौर पर प्रसिद्ध हैं। डॉ. कलाम ने अपने ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ के दर्शन से भारत समेत दुनिया भर के लाखों युवाओं को प्रेरित किया है। संयुक्त राष्ट्र (UN) डॉ. कलाम के जन्म दिवस को चिह्नित करते हुए वर्ष 2010 में 15 अक्तूबर को विश्व छात्र दिवस के रूप में नामित किया था। 

सपना वो नहीं है जो आप नींद में देखते हो। 
सपना वो होता है जो आपको सोने नहीं देता।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2