इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 14 Sep, 2020
  • 20 min read
प्रारंभिक परीक्षा

प्रिलिम्स फैक्ट्स: 14 सितंबर, 2020

इंडियन ब्रेन टेम्प्लेट्स

Indian Brain Templates

‘राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान’ (National Institute of Mental Health and Neuro-Sciences- NIMHANS) के न्यूरोसाइंटिस्टों की एक टीम द्वारा विकसित ‘इंडियन ब्रेन टेम्प्लेट्स’ (Indian Brain Templates- IBT) और एक मस्तिष्क एटलस का उपयोग करके जल्द ही भारत में न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन एवं मनोचिकित्सक अपने मरीज़ों के मस्तिष्क संरचना का मानचित्र बना सकते हैं और उसका सटीक आकलन कर सकते हैं।

Human-Brain-Functions

प्रमुख बिंदु:

  • न्यूरोसाइंटिस्ट्स ने भारतीय मरीज़ों के 500 से अधिक ब्रेन स्कैन का अध्ययन किया जिनमें भारतीय मस्तिष्कों के पाँच सेट एवं पाँच वर्ष तक के बच्चों के लिये एक मस्तिष्क एटलस (बचपन से वयस्कता) तक को कवर करने के लिये विकसित किया है।
  • मॉन्ट्रियल न्यूरोलॉजिकल इंडेक्स’ (Montreal Neurological Index-MNI) टेम्पलेट जिसे वर्तमान में उपयोग किया जाता है वह काॅकेशियन दिमाग (Caucasian Brains) पर आधारित है।

काॅकेशियन जाति (Caucasian Race):

  • काॅकेशियन जाति, मानव जाति का एक पुराना वर्ग समूह है जो ऐतिहासिक प्रजाति वर्गीकरण पर आधारित है।
  • इस समूह में आमतौर पर यूरोप, पश्चिमी एशिया, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, उत्तरी अफ्रीका एवं हॉर्न ऑफ अफ्रीका की आबादी शामिल है।
  • 18वीं शताब्दी में यूरोपीय विद्वानों का मानना था कि मानव प्रजाति का उद्गम काॅकेशस पर्वत क्षेत्र में हुआ था। इसी काॅकेशस पर्वत के नाम पर काॅकेशियन जाति का नामकरण किया गया।      

‘राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान’ (NIMHANS): 

  • यह मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में मरीज़ देखभाल एवं अकादमिक खोज के लिये एक बहु-विषयक संस्थान है।
  • यह कर्नाटक के बंगलुरु में स्थित एक प्रमुख चिकित्सा संस्थान है।
  • यह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत स्वायत्त रूप से संचालित राष्ट्रीय महत्त्व का संस्थान है।
  • एमएनआई टेम्पलेट (MNI Template) उत्तरी अमेरिका में शहरी आबादी के सिर्फ एक छोटे से भाग के औसतन 152 स्वस्थ्य मस्तिष्क स्कैन द्वारा बनाया गया था।
  • किंतु काॅकेशियन मस्तिष्क, एशियाई मस्तिष्क से अलग है। जबकि कुछ देशों में मस्तिष्क को मापने के लिये अपने-अपने पैमाने हैं और भारत अभी भी काॅकेशियान मस्तिष्क के टेम्पलेट पर निर्भर है।
  • ‘इंडियन ब्रेन टेम्प्लेट्स’ (IBT) और मस्तिष्क एटलस से संबंधित शोध को ह्यूमन ब्रेन मैपिंग’ (Human Brain Mapping) पत्रिका में प्रकाशित किया गया था।

लाभ:

  • ‘इंडियन ब्रेन टेम्प्लेट्स’ एवं मस्तिष्क एटलस, स्ट्रोक, मस्तिष्क ट्यूमर एवं विक्षिप्तता (Dementia) जैसे न्यूरोलॉजिकल विकारों वाले रोगियों का अधिक सटीक संदर्भित मानचित्र प्रदान करेंगे। 
  • ये टेम्प्लेट एवं एटलस मानव मस्तिष्क एवं मनोवैज्ञानिक कार्यों के अध्ययन में संबंधित जानकारी को और अधिक उपयोगी बनाने में मदद करेंगे।
  • इससे ‘अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर’ (Attention Deficit Hyperactivity Disorder- ADHD), आत्मकेंद्रित, पदार्थ निर्भरता, सिज़ोफ्रेनिया जैसी मनोरोग संबंधी बीमारियों के बारे में चिकित्सकों को समझने में आसानी होगी।


हिंदी दिवस- 2020

Hindi Diwas- 2020

प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को देशभर में हिंदी दिवस (Hindi Diwas) मनाया जाता है।  

Hindi-Day

प्रमुख बिंदु:

  • भारत में 14 सितंबर, 1949 संविधान सभा ने भारत संघ की आधिकारिक भाषा के रूप में हिंदी भाषा को स्वीकृति दी जिसे भारत के संविधान द्वारा अनुमोदित किया गया था जो 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था।
    • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 के तहत देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया गया।
  • हालाँकि हिंदी एवं अंग्रेज़ी दोनों को आज़ादी के बाद भारत की भाषा के रूप में चुना गया और संविधान सभा ने देवनागरी लिपि वाली हिंदी के साथ ही अंग्रेज़ी को भी आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया किंतु वर्ष 1949 में 14 सितंबर के दिन संविधान सभा ने हिंदी को ही भारत की राजभाषा घोषित किया। 
  • राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के आग्रह पर वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।
    • पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया था। 
  • हिंदी विश्व में सबसे अधिक बोली जाने वाली पाँच भाषाओं में से एक है।
  • उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है।


सिंगापुर कन्वेंशन ऑन मिडिएशन

Singapore Convention on Mediation

12 सितंबर, 2020 को व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा देने के लिये निपटान ढाँचा जिसे सिंगापुर कन्वेंशन ऑन मिडिएशन (Singapore Convention on Mediation) भी कहा जाता है, लागू हो गयाl   

Singpore-Convention

प्रमुख बिंदु:

यह भारत एवं विश्व के अन्य देशों जो इस अभिसमय पर हस्ताक्षरकर्त्ता देश हैं, में व्यवसायों से जुड़े कॉर्पोरेट विवादों की मध्यस्थता करने हेतु एक अधिक प्रभावी तरीका प्रदान करेगाl 

इसे ‘यूनाइटेड नेशंस कंवेंशन ऑन इंटरनेशनल सेटलमेंट एग्रीमेंट रिज़ल्टिंग फ्रॉम मेडिएशन’ (United Nations Convention on International Settlement Agreements Resulting from Mediation) के नाम से भी जाना जाता है। यह सिंगापुर के नाम पर होने वाली संयुक्त राष्ट्र की पहली संधि भी है। 

इस अभिसमय के तहत सामंजस्य एवं सरलीकृत प्रवर्तन ढाँचा समय एवं कानूनी लागतों में बचत को बढ़ावा देगा जो अनिश्चितता के समय व्यवसायों के लिये महत्वपूर्ण है जैसे- वर्तमान COVID-19 महामारी के दौरान।

1 सितंबर, 2020 तक इस अभिसमय पर 53 हस्ताक्षरकर्त्ता देश हैं जिनमें भारत, चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका भी शामिल हैं। 

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 20 दिसंबर, 2018 को अंतर्राष्ट्रीय समाधान समझौतों पर संयुक्त राष्ट्र संधि को अपनाया था।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने यह अधिकृत किया था कि यह कन्वेंशन 7 अगस्त, 2019 को सिंगापुर में होने वाले एक समारोह तक हस्ताक्षर के लिये खुला रहेगा और इसे ‘सिंगापुर कन्वेंशन ऑन मिडिएशन (Singapore Convention on Mediation) के रूप में जाना जाएगा।

यह संधि मध्यस्थता के परिणामस्वरूप होने वाले अंतर्राष्ट्रीय समाधान समझौतों को लागू करने के लिये एक समान और कुशल तंत्र उपलब्ध कराती है।

यह अभिसमय मध्यस्थता के माध्यम से कॉर्पोरेट विवादों का त्वरित निपटान करके भारत को अपनी व्यापार साख को बढ़ावा देने में मदद करेगा।     

इस अभिसमय के लागू होने के बाद भारत एवं दुनियाभर के व्यवसायों में मध्यस्थता के माध्यम से सीमा पार विवादों को हल करने में अधिक निश्चितता होगी।


कृष्णा-गोदावरी (केजी) बेसिन

Krishna-Godavari (KG) basin

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का एक स्वायत्त संस्थान ‘अघरकर रिसर्च इंस्टीट्यूट’ (Agharkar Research Institute- ARI) के शोधकर्त्ताओं द्वारा किये गये एक हालिया अध्ययन में यह पाया गया है कि कृष्णा-गोदावरी (केजी) बेसिन [Krishna-Godavari (KG) basin] में जमा मीथेन हाइड्रेट बायोजेनिक (Biogenic) मूल के हैं।

प्रमुख बिंदु: 

यह अध्ययन DST-SERB युवा वैज्ञानिक परियोजना के एक भाग के रूप में आयोजित किया गया था जिसका शीर्षक ‘एलुसिडेटिंग द कम्युनिटी स्ट्रक्चर ऑफ मेंथोजेनिक आर्चेए इन मीथेन हाइड्रेट’ (Elucidating The Community Structure of Methanogenic Archaea in Methane Hydrate) था। 

मीथेन हाइड्रेट का निर्माण उस समय होता है जब महासागरों में उच्च दबाव एवं कम तापमान पर हाइड्रोजन-बांडेड जल एवं मीथेन गैस एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं।

मीथेन एक स्वच्छ एवं किफायती ईंधन है। माना जाता है कि एक घन मीटर मीथेन हाइड्रेट में 160-180 घन मीटर मीथेन होता है।

केजी बेसिन में मीथेन हाइड्रेट्स में मौजूद मीथेन दुनिया भर में उपलब्ध जीवाश्म ईंधन भंडार का दोगुना है। 

शोधकर्त्ताओं के अनुसार, कृष्णा-गोदावरी (केजी) बेसिन और अंडमान एवं महानदी के तट के पास बायोजेनिक मूल के मीथेन हाइड्रेट का निक्षेपण संबद्ध मिथोजेनिक समूह के अध्ययन के लिये आवश्यक है।

शोधकर्त्ताओं के अनुसार, अभी तक मीथेन हाइड्रेट वाले तलछट से जुड़े मिथेनोजेनिक (Methanogenic) समुदायों से संबंधित अत्यंत कम अन्वेषण हुए हैं। 

आण्विक एवं संवर्द्धन तकनीकों का उपयोग करने वाले इस अध्ययन से केजी बेसिन में अधिकतम मिथेनोजेनिक विविधता का पता चला है जो अंडमान द्वीपीय तट एवं महानदी बेसिनों की तुलना में यहाँ (केजी बेसिन) बायोजेनिक मीथेन के अधिक स्रोत होने की पुष्टि करता है। 

इस बेसिन में जमा होने वाला मीथेन हाइड्रेट एक समृद्ध स्रोत है जो मीथेन (एक प्राकृतिक गैस) की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

मीथेन हाइड्रेट से संबंधित इस शोध को 'मरीन जीनोमिक्स' (Marine Genomics) नामक जर्नल में प्रकाशित किया गया है।


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 14 सितंबर, 2020

रघुवंश प्रसाद सिंह

13 सितंबर, 2020 को पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वर्ष 2004 और वर्ष 2009 के बीच ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में रघुवंश प्रसाद सिंह ने भारत सरकार की महत्त्वकांक्षी योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम अर्थात् मनरेगा (MGNREGA) की सफलता के पीछे महत्त्वपूर्ण व्यक्तियों में से एक थे।  रघुवंश प्रसाद सिंह का जन्म 06 जन्म, 1946 को बिहार के वैशाली ज़िले में हुआ था। रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत वर्ष 1973-77 में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी (SSP) में सचिव के तौर पर की थी, जिसके बाद वर्ष 1977 में वे बिहार विधानसभा के सदस्य बने और उन्होंने अपने राजनैतिक कैरियर के दौरान कई बार बेलसंड विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्त्व किया। वर्ष 1996 में लोकसभा में अपने राजनैतिक कैरियर की शुरुआत करने से पूर्व उन्होंने बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष के तौर पर भी कार्य किया। वे वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचित हुए और उन्हें केंद्रीय पशुपालन और डेयरी उद्योग राज्‍यमंत्री बनाया गया। ध्यातव्य है कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने पाँचवीं बार जीत दर्ज की थी।

नाओमी ओसाका

जापान की टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका (Naomi Osaka) ने यूएस ओपन के फाइनल मुकाबले में बेलारूस की टेनिस खिलाड़ी विक्टोरिया एज़ारेंका को हराकर अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम जीत लिया है। 22 वर्षीय नाओमी ओसाका इस ऐतिहासिक जीत के साथ विश्व रैंकिग में तीसरे नंबर पर पहुँच गई हैं। नाओमी ओसाका पहली एशियाई खिलाड़ी (पुरुष अथवा महिला) बन गई हैं जिन्होंने तीन ग्रैंड स्लैम अपने नाम किये हैं। यूएस ओपन चार ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट में से एक है, अन्य तीन ग्रैंड स्लैम- फ्रेंच ओपन, विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन हैं। ये ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) द्वारा संचालित किया जाता हैं।

कल्पना चावला

अमेरिका की एयरोस्पेस और रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी नॉर्थरोप ग्रुम्मन (Northrop Grumman) ने अपने एक वाणिज्यिक कार्गो अंतरिक्ष यान का नाम नासा (NASA) की अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला (Kalpana Chawla) के नाम पर रखने की घोषणा की है। ध्यातव्य है कि अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की पहली महिला के रूप में कल्पना चावला का इतिहास में एक विशिष्ट स्थान है। कल्पना चावला का जन्म 17 मार्च, 1962 को हरियाणा के करनाल में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1982 में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से वैमानिकी इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की, जिसके बाद वे अपनी आगे की पढाई के लिये अमेरिका चली गईं। वर्ष 1984 में उन्होंने टेक्सास विश्वविद्यालय से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की और वर्ष 1988 मे अमेरिका के कोलोराडो विश्वविद्यालय से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में ही पीएचडी (PhD) डिग्री हासिल की। इसके बाद एक शोधकर्त्ता के रूप में उन्होंने वर्ष 1988 में नासा (NASA) के साथ अपने कैरियर की शुरुआत की। अप्रैल 1991 में अमेरिकी नागरिक बनने के पश्चात् उन्हें वर्ष 1994 में नासा (NASA) में बतौर अंतरिक्ष यात्री (Astronauts) चुन लिया गया। नवंबर 1996 में उन्हें अंतरिक्ष शटल मिशन STS-87 में मिशन विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया, जिसके साथ ही वे अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाली भारतीय मूल की पहली महिला बन गई। वर्ष 2001 में कल्पना चावला को अंतरिक्ष शटल मिशन STS-107 के चालक दल का सदस्य बनाने का अवसर प्राप्त हुआ। इसी मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण कल्पना चावला की मृत्यु हो गई।

योशीहिदे सुगा

योशीहिदे सुगा को जापान के सत्तारूढ़ दल लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के नए प्रमुख के रूप में चुना गया है। जापान के वर्तमान प्रधानमंत्री शिंजो आबे के उत्तराधिकारी के रूप में योशीहिदे सुगा को 377 वोट मिले हैं। ध्यातव्य है कि जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने बीते माह स्वास्थ्य समस्याओं के कारण इस्तीफा देने की घोषणा की थी। योशीहिदे सुगा वर्तमान में शिंजो आबे की सरकार में मुख्य कैबिनेट सचिव के तौर पर कार्य कर रहे हैं। योशीहिदे सुगा स्वयं को एक सुधारवादी के रूप में प्रस्तुत करते हैं, जिन्होंने नौकरशाही की क्षेत्रीय बाधाओं को तोड़कर नीतियों को लागू करने में सफलता हासिल की है। अपने राजनीतिक कौशल की तुलना में योशीहिदे सुगा ने काफी कम विदेश यात्राएँ की हैं, जिसके कारण उनका राजनयिक कौशल अभी स्पष्ट नहीं है, हालाँकि उम्मीद के अनुसार, वे भी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की प्राथमिकताओं के मुताबिक ही कार्य करेंगे। कोरोना वायरस (COVID-19) महामारी और आर्थिक गिरावट के अलावा, योशीहिदे सुगा को चीन सहित कई अन्य चुनौतियों का भी सामना करना पड़ेगा।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow