राजस्थान
केंद्र सरकार ने राजस्थान में ‘भारत-विस्तार’ प्लेटफॉर्म लॉन्च किया
- 20 Feb 2026
- 15 min read
चर्चा में क्यों?
कृषि और किसान कल्याण के केंद्रीय मंत्री, शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान के जयपुर में किसानों के लिये ‘भारत‑विस्तार’, एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) संचालित डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया।
मुख्य बिंदु:
- डिजिटल प्लेटफॉर्म: भारत-विस्तार (कृषि संसाधनों तक पहुँच के लिये आभासी रूप से एकीकृत प्रणाली) एक बहुभाषी और AI आधारित प्लेटफॉर्म है।
- यह मौसम के पूर्वानुमान, बाज़ार की कीमतों, फसल संबंधी सलाह, कीटों की चेतावनी, मृदा स्वास्थ्य की जानकारी और सरकारी योजनाओं को एक ही सुलभ इंटरफेस (पहुँच योग्य मंच) में एकीकृत करता है।
- सुलभता: प्लेटफॉर्म वॉइस-फर्स्ट तकनीक का उपयोग करता है, जिससे किसान हेल्पलाइन 155261, वॉइस कमांड या टेक्स्ट चैटबॉट्स के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, यहाँ तक कि फीचर फोन पर भी।
- प्रारंभ में यह हिंदी और अंग्रेज़ी में उपलब्ध है तथा आगे इसे 11 अन्य भाषाओं में विस्तारित करने की योजना है।
- किसान पहचान (Farmer ID): एक डिजिटल किसान पहचान पत्र में किसान का डेटा संग्रहित होगा और यह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी सेवाओं से एकीकृत होगा।
- मुख्य क्षेत्र: प्लेटफॉर्म किसानों को बुवाई, कटाई और विपणन के निर्णयों में सहायता प्रदान करने के लिये डिज़ाइन किया गया है।
- यह वैज्ञानिक फसल प्रबंधन मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है और रियल-टाइम डेटा के माध्यम से आय सुधार में सहायता करता है।
- सीमित इंटरनेट या डिजिटल साक्षरता वाले क्षेत्रों के किसानों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित करता है।
- प्रभाव: यह किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने, कृषि-तकनीक MSMEs का समर्थन करने तथा डेटा-आधारित, जलवायु-स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
- सरकारी विज़न: यह पहल डिजिटल इंडिया और कृषि के लिये AI मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य कृषि प्रथाओं का आधुनिकीकरण तथा ग्रामीण भारत में सूचना अंतर को कम करना है।
|
और पढ़ें: भारत-विस्तार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड,, MSME, AI |