मध्य प्रदेश
उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र
- 09 Jul 2025
- 3 min read
चर्चा में क्यों?
सरकार ब्रॉडकास्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड नेटवर्क डेवलपमेंट (BIND) योजना के तहत उज्जैन में एक नया आकाशवाणी केंद्र स्थापित करने जा रही है।
- यह पहल राज्य के वंचित और आकांक्षी ज़िलों में मीडिया बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने के लिये चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।
मुख्य बिंदु
BIND योजना के बारे में:
- देश के सार्वजनिक प्रसारक के रूप में प्रसार भारती, दूरदर्शन (DD) और आकाशवाणी (AIR) के माध्यम से देश के दूरदराज़ क्षेत्रों में लोगों के लिये सूचना, शिक्षा, मनोरंजन और जुड़ाव का सबसे महत्त्वपूर्ण माध्यम है।
- प्रसार भारती ने कोविड महामारी के दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य संदेशों के प्रसारण तथा जनता को जागरूक करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- यह योजना प्रसार भारती को उसके प्रसारण बुनियादी ढाँचे के विस्तार और उन्नयन, विषय-वस्तु विकास और संगठन से संबंधित सिविल कार्यों पर होने वाले खर्चों के लिये वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
महत्त्व:
- सार्वजनिक प्रसारण के दायरे को बढ़ाने के अतिरिक्त, इस परियोजना में प्रसारण उपकरणों की आपूर्ति और स्थापना से जुड़े विनिर्माण और सेवाओं के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोज़गार सृजित करने की क्षमता है।
- आकाशवाणी और दूरदर्शन के लिये विषय-वस्तु निर्माण और विषय-वस्तु नवाचार के अंतर्गत टीवी/रेडियो उत्पादन, प्रसारण तथा मीडिया-संबंधित सेवाओं में विभिन्न मीडिया क्षेत्रों से जुड़े विविध अनुभव वाले व्यक्तियों के लिये अप्रत्यक्ष रोज़गार की संभावनाएँ हैं।
प्रसार भारती
- प्रसार भारती एक वैधानिक स्वायत्त निकाय है। यह देश का लोक सेवा प्रसारक है।
- इसकी स्थापना प्रसार भारती अधिनियम,1997 के तहत की गई थी।
- प्रसार भारती निगम का मुख्य उद्देश्य दूरदर्शन और आकाशवाणी को स्वायत्तता प्रदान करना है ताकि "जनता को शिक्षित और उसका मनोरंजन किया जा सके"।
दूरदर्शन
- दूरदर्शन भारत सरकार द्वारा स्थापित एक स्वायत्त सार्वजनिक सेवा प्रसारक है, जो प्रसार भारती के दो प्रभागों में से एक है। दूसरा प्रभाग ऑल इंडिया रेडियो (AIR) है।
- इसे पहली बार 15 सितंबर 1959 को सार्वजनिक सेवा प्रसारण सेवा के रूप में प्रसारित किया गया था।
- वर्ष 1965 में यह दिल्ली में प्रसारण करने वाला, सुबह और शाम के शो का दैनिक प्रसारण करने वाला प्रसारणकर्ता बन गया।
- 1 अप्रैल 1976 को यह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन आ गया और वर्ष 1982 में दूरदर्शन राष्ट्रीय प्रसारक बन गया।