इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

सुकापईका नदी

  • 25 Oct 2022
  • 7 min read

राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) के हालिया निर्देश के बाद ओडिशा सरकार द्वारा सुकापईका नदी, जो कि 70 साल पहले सूख गई थी, के पुनरुद्धार योजना पर कार्य शुरू किया गया है।

सुकापईका नदी के प्रमुख तथ्य क्या हैं?

  • सुकापईका नदी ओडिशा की प्रमुख नदी महानदी की कई नदी शाखाओं में से एक है।
  • यह कटक ज़िले के अयातपुर गाँव में महानदी से अलग होती है और उसी ज़िले के तारापुर में मुख्य नदी में मिलने से पहले लगभग 40 किलोमीटर तक बहती है।
  • सुकापईका नदी बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने और नदी के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी में प्रवाह को बनाए रखने के लिये महानदी की एक महत्त्वपूर्ण नदी प्रणाली है।

महानदी से संबंधित प्रमुख बिंदु क्या हैं?

  • महानदी की नदी प्रणाली से संबंधित प्रमुख तथ्य:
    • महानदी नदी प्रणाली गोदावरी और कृष्णा के बाद प्रायद्वीपीय भारत की तीसरी सबसे बड़ी और ओडिशा राज्य की सबसे बड़ी नदी है।
    • नदी का जलग्रहण क्षेत्र छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र तक विस्तृत है।
    • इस नदी की द्रोणी उत्तर में मध्य भारत की पहाड़ियों, दक्षिण और पूर्व में पूर्वी घाटों तथा पश्चिम में मैकाल पर्वत शृंखलाओं से घिरी हुई है।
  • उद्गम स्थान:
    • इसका उद्गम स्थल छत्तीसगढ़ के धमतरी ज़िले में सिहावा के नज़दीक है।
  • प्रमुख सहायक नदियाँ:
    • शिवनाथ, हसदेव, मांड और ईब महानदी की बाईं ओर, जबकि ओंग, तेल तथा जोंक इसकी दाईं ओर की सहायक नदियाँ हैं।
  • महानदी पर प्रमुख बाँध/ परियोजनाएँ:
    • हीराकुंड बाँध: यह भारत का सबसे लंबा बाँध है।
    • रविशंकर सागर, दुधावा जलाशय, सोंदूर जलाशय, हसदेव बांगो और तांडुला अन्य प्रमुख परियोजनाएँ हैं।
  • उद्योग:
    • अपने समृद्ध खनिज संसाधन और पर्याप्त विद्युत् संसाधन के कारण महानदी घाटी में एक अनुकूल औद्योगिक वातावरण है।
      • भिलाई में लौह एवं इस्पात संयंत्र
      • हीराकुंड और कोरबा में एल्युमीनियम के कारखाने
      • कटक के पास पेपर मिल
      • सुंदरगढ़ में सीमेंट का कारखाना
    • मुख्य रूप से कृषि उत्पादों पर आधारित अन्य उद्योग चीनी और कपड़ा मिल उद्योग हैं।
    • कोयला, लोहा और मैंगनीज़ का खनन अन्य औद्योगिक गतिविधियाँ हैं।

mahanadi-river-basin

 UPSC सिविल सेवा परीक्षा विगत वर्ष के प्रश्न: 

प्रश्न. निम्नलिखित नदियों पर विचार कीजिये: (2014)

  1. बराक
  2. लोहित
  3. सुबनसिरी

उपर्युक्त में से कौन-सी नदी/नदियाँ अरुणाचल प्रदेश से होकर बहती है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (b)

  • बराक नदी मणिपुर की पहाड़ियों से निकलती है और लखीपुर के पास मैदानी क्षेत्रों में प्रवेश करती है। यह नदी भारत में नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और असम राज्यों से होकर बहती है तथा बांग्लादेश के रास्ते बंगाल की खाड़ी में गिरती है। इसे भारत के अंतर्देशीय जलमार्गों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है। अतः कथन 1 सही नहीं है।
  • अरुणाचल प्रदेश से बहने वाली प्रमुख नदियाँ: सुबनसिरी, लोहित/ तेलू आर, दिहांग/सियांग
  • लोहित ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी है। नदी तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र से निकलती है, जहाँ इसे ज़ायु नदी के नाम से जाना जाता है। यह पर्वतीय क्षेत्र से निकलती है और भारत में अरुणाचल प्रदेश के माध्यम से 200 किलोमीटर तक असम के मैदानी क्षेत्रों में प्रवाहित होती है, जहाँ इसे लोहित नदी के नाम से जाना जाता है। अत: कथन 2 सही है।
  • सुबनसिरी तिब्बत के पर्वतीय क्षेत्र से निकलती है। सुबनसिरी की कुल लंबाई लगभग 442 किलोमीटर है, जिसमें से 192 किलोमीटर अरुणाचल प्रदेश में और 190 किलोमीटर असम में और बाकी हिस्सा तिब्बत में पड़ता है। अत: कथन 3 सही है।
  • अतः विकल्प (b) सही उत्तर है।

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2014)

आर्द्रभूमि नदियों का संगम
1. हरिके आर्द्रभूमि ब्यास और सतलुज नदी का संगम
2. केवलादेव घाना बनास राष्ट्रीय उद्यान और चंबल नदी का संगम
3. कोल्लेरू झील मुसी और कृष्णा नदी का संगम

 उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सुमेलित है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (a)

  • हरिके आर्द्रभूमि उत्तरी भारत की सबसे बड़ी मानव निर्मित आर्द्रभूमियों में से एक है। सतलुज और ब्यास नदियों के संगम के पास नदी पर बाँध के निर्माण के बाद 1952 में यह अस्तित्व में आया। 1990 में रामसर सम्मलेन के तहत इसे आर्द्रभूमि का दर्ज़ा दिया गया था। अत: युग्म 1 सुमेलित है।
  • केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान राजस्थान के भरतपुर ज़िले में गंभीर और बाणगंगा नदियों के संगम पर स्थित है। अत: युग्म 2 सुमेलित नहीं है।
  • कोल्लेरू झील कृष्णा और गोदावरी डेल्टा के बीच स्थित है। कोल्लेरू दो ज़िलों-कृष्णा तथा पश्चिम गोदावरी में विस्तृत है। अत: युग्म 3 सुमेलित नहीं है।
  • अतः विकल्प (a) सही उत्तर है।

स्रोत: द हिंदू

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2