इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 30 नवंबर, 2021

  • 30 Nov 2021
  • 6 min read

'स्ट्रीट' परियोजना

केरल पर्यटन जल्द ही सात जिलों में चुनिंदा स्थानों पर 'स्ट्रीट' परियोजना शुरू करेगा। 'स्ट्रीट' (STREET) ‘सस्टेनेबल, टेंज़िबल, रिस्पॉन्सिबल, एक्सपेरिमेंटल, एथनिक, टूरिज़्म हब’ के लिये एक संक्षिप्त शब्द है। यह परियोजना आगंतुकों को विशिष्ट स्थानों की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव करने में मदद करेगी। ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म मिशन’ द्वारा परिकल्पित परियोजना, ‘संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन’ (UNWTO) के 'समावेशी विकास हेतु पर्यटन' के नारे से प्रेरित है। इस परियोजना में ग्रीन स्ट्रीट, कल्चरल स्ट्रीट, विलेज लाइफ एक्सपीरियंस स्ट्रीट, एक्सपेरिमेंटल टूरिज़्म स्ट्रीट, एग्री-टूरिज़्म स्ट्रीट, वाटर स्ट्रीट और आर्ट स्ट्रीट जैसे विषय शामिल हैं। ये सड़कें प्रत्येक स्थान की विशिष्टताओं के अनुरूप होंगी और अनुभवात्मक पर्यटन पर ध्यान केंद्रित करेंगी। इसका उद्देश्य यात्रियों के समक्ष राज्य की विशिष्ट पहचान प्रस्तुत करना है। यह परियोजना पर्यटन क्षेत्र में विकास हेतु एक बड़ी क्षमता प्रदान करती है और राज्य में महत्त्वपूर्ण परिवर्तनों की शुरुआत करेगी। ‘स्ट्रीट’ परियोजना को सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मोड में लागू किया जाएगा और इसमें स्थानीय निकाय एवं इन स्थानों के निवासी हितधारकों के रूप में शामिल होंगे। स्थानीय निकायों के साथ संयुक्त उद्यम परियोजनाओं की भी परिकल्पना की गई है। प्रत्येक चुने हुए स्थान पर कम-से-कम ऐसी तीन स्ट्रीट्स को विकसित किया जाएगा।

पराग अग्रवाल

भारत के प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ पराग अग्रवाल को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘ट्वीटर’ का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। हाल ही में ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डोर्जी ने कंपनी के मुख्य कार्यकारी पद से इस्तीफा दे दिया था। ज्ञात हो कि जैक डोर्जी ‘ट्विटर’ के साथ-साथ भुगतान कंपनी ‘स्कवॉयर’ के भी मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ पराग अग्रवाल, दुनिया की शीर्ष प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रमुख का पद संभालने वाले भारतीय मूल के सुंदर पिचाई और सत्‍या नडेला की सूची में शामिल हो गए हैं। पराग अग्रवाल ने ‘सूचना प्रोद्योगिकी संस्थान-बम्‍बई’ से कम्‍प्‍यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में स्‍नातक की डिग्री हासिल की है, जबकि उन्होंने अमेरिका के ‘स्‍टैनफोर्ड विश्‍वविद्यालय’ से पीएचडी की है। पराग अग्रवाल, वर्ष 2011 में ट्विटर में शामिल हुए और वर्ष 2017 से वे ट्विटर के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। 

ट्राइब्स इंडिया कॉन्क्लेव

अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों को समृद्ध आदिवासी विरासत से परिचित कराने हेतु नई दिल्ली स्थित ‘दिल्ली हाट’ में ‘ट्राइब्स इंडिया आदि महोत्सव’ में एक ‘ट्राइब्स इंडिया कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया गया। इस कॉन्क्लेव  का आयोजन ‘ट्राइफेड’ द्वारा केंद्रीय विदेश मंत्रालय के सहयोग से किया गया था। इस कार्यक्रम में भारत में 20 से अधिक विदेशी मिशनों के लगभग 100 राजनयिकों के अलावा विदेश मंत्रालय और अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा इस कॉन्क्लेव में ‘संयुक्त राष्ट्र’ जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। ‘आदि महोत्सव’ एक राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव है, जिसे जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं ‘भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ’ (ट्राइफेड) द्वारा संयुक्त तौर पर आयोजित किया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2017 में की गई थी और तब से इसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। ‘ट्राइफेड’ जनजातीय कार्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत राष्ट्रीय स्तर का एक शीर्ष संगठन है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। ‘ट्राइफेड’ की स्थापना वर्ष 1987 में जनजातीय कार्य मंत्रालय के तत्त्वावधान में राष्ट्रीय नोडल एजेंसी के रूप में की गई थी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2