दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 27 दिसंबर, 2022

  • 27 Dec 2022
  • 6 min read

मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह 2020 

केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री ने 26 दिसंबर, 2022 को भोपाल में मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह 2020 के लिये खेल हस्तियों को सम्‍मानित किया। मलखंभ के लिये वैष्णवी कहार को स्व. प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार 2020 दिया गया। पद्मश्री तथा पूर्व अध्यक्ष इंदौर टेबल टेनिस संघ के अभय छजलानी को लाईफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार 2020 के लिये चुना गया है। इसके अलावा समारोह में विश्वामित्र पुरस्कार, विक्रम पुरस्कार व एकलव्य पुरस्कार भी शामिल हैं, साथ ही केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री ने खेलो इंडिया युवा खेल 2022 के लोगो का भी अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री चौहान ने घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में पदक प्राप्‍त करने वाले राज्‍य के खिलाडियों को उप-पुलिस अधीक्षक, उप-कलेक्‍टर के पद पर नियुक्‍त किया जाएगा। खेलो इंडिया खेल में पदक प्राप्‍त करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपए दिये जाएंगे। भोपाल में बरखेड़ा नाथु के निकट एक अंतर्राष्ट्रीय स्‍टेडियम बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में 15 अगस्‍त, 2023 तक देश में एक हज़ार खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे। खेलो इंडिया युवा खेल की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। अब तक दिल्ली, महाराष्ट्र, असम, हरियाणा में इसका आयोजन हो चुका है। 5वें खेलो इंडिया युवा खेल 2023 की मेज़बानी मध्य प्रदेश को मिली है। इसका आयोजन जनवरी-फरवरी, 2023 में किया जाएगा। खेलो इंडिया युवा खेल का आयोजन मध्य प्रदेश के 8 शहरों में किया जाएगा, इसका एक खेल दिल्ली में खेला जाएगा।

मेथनॉल उत्पादन हेतु एनटीपीसी-टेक्निमोंट में समझौता

हाल ही में भारत की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन कंपनी ‘नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (NTPC Limited) ने इटली स्थित मैयर टेक्निमोंट (Maire Tecnimont) समूह की भारतीय सहायक कंपनी टेक्निमोंट प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये हैं। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भारत में NTPC की परियोजना में वाणिज्यिक पैमाने पर हरित मेथनॉल उत्पादन की सुविधा विकसित करने की संभावना का संयुक्त रूप से मूल्यांकन करना और पता लगाना है। इस हरित मेथनॉल परियोजना में NTPC के विद्युत संयंत्रों से कार्बन प्राप्त करना तथा इसे हरित ईंधन में परिवर्तित करना शामिल है। हरित मेथनॉल में अनुप्रयोगों की एक विस्तृत शृंखला है। इसमें रासायनिक उद्योगों के लिये आधार सामग्री के रूप में उपयोग, नवीकरणीय विद्युत का भंडारण एवं परिवहन ईंधन के रूप में भी उपयोग करना शामिल है। इसे समुद्री ईंधन अनुप्रयोगों के लिये एक स्थानापन्न ईंधन भी माना जाता है। प्रायोगिक पैमाने पर हरित मेथनॉल परियोजना स्थिरता एवं नवीकरणीय ऊर्जा को लेकर NTPC की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। यह समझौता भारत में ऊर्जा के रूपांतरण में महत्त्वपूर्ण योगदान देगा।

महामारी की तैयारी का अंतर्राष्ट्रीय दिवस

संयुक्त राष्ट्र और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 27 दिसंबर को महामारी की तैयारी का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day For Epidemic Preparedness) के रूप में चिह्नित किया। पहली बार महामारी की तैयारी का अंतर्राष्ट्रीय दिवस 27 दिसंबर, 2020 को मनाया गया था। इस दिवस का उद्देश्य सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाना, वैज्ञानिक ज्ञान का प्रसार और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है। इससे भविष्य में COVID-19 जैसी परिस्थितियों को रोकने में मदद मिलेगी। COVID-19 का मानव जीवन पर विनाशकारी प्रभाव पड़ा है। लोगों की सुरक्षा के लिये मज़बूत स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण की आवश्यकता है। महामारी में ज़्यादातर संक्रामक रोग शामिल हैं। इसमें कैंसर एवं हृदय रोग तथा अन्य गैर-संचारी रोग शामिल नहीं हैं। महामारी रोग की वह स्थिति है जो कम समय के भीतर बड़े पैमाने पर लोगों में तेज़ी से फैलती है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow