इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 25 नवंबर, 2021

  • 25 Nov 2021
  • 5 min read

आईएनएस ‘वेला’

स्वदेशी रूप से निर्मित स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बी ‘वेला’ को हाल ही में आधिकारिक तौर पर नौसेना में कमीशन कर लिया गया है। इस पनडुब्बी का निर्माण ‘मैसर्स नेवल ग्रुप’ (फ्राँस) के सहयोग से ‘मझगाँव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड’ (मुंबई) द्वारा किया गया है। ‘मझगाँव डॉक लिमिटेड’ शिपयार्ड रक्षा मंत्रालय के तहत एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है। ध्यातव्य है भारतीय नौसेना के कार्यक्रम ‘प्रोजेक्ट-75’ के तहत छह ‘स्कॉर्पीन श्रेणी’ की ‘अटैक सबमरीन’ का निर्माण किया जाना है। कलवरी, खंदेरी और करंज के बाद आईएनएस वेला इस शृंखला की चौथी पनडुब्बी है। इसके निर्माण के विभिन्न चरणों के दौरान रक्षा उत्पादन विभाग (रक्षा मंत्रालय) और भारतीय नौसेना द्वारा समर्थन प्रदान करना है। मई 2019 में लॉन्च की गई सबमरीन ‘वेला’ ने कोविड-प्रेरित प्रतिबंधों के बावजूद हथियार और सेंसर परीक्षणों सहित सभी प्रमुख बंदरगाह एवं समुद्री परीक्षणों को पूरा कर लिया है। ‘प्रोजेक्ट-75’ के तहत शामिल स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियाँ ‘डीज़ल-इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम’ द्वारा संचालित होती हैं। स्कॉर्पीन सर्वाधिक परिष्कृत पनडुब्बियों में से एक है, जो एंटी-सरफेस शिप वॉरफेयर, पनडुब्बी-रोधी युद्ध, खुफिया जानकारी एकत्र करने और क्षेत्र विशिष्ट निगरानी जैसे मिशनों को पूरा करने में सक्षम है। 

अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस

महिलाओं पर होने वाली हिंसा को रोकने के लिये प्रतिवर्ष 25 नवंबर को विश्व भर में ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस’ (International Day for the Elimination of Violence against Women) मनाया जाता है। इस दिवस के आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकना और महिलाओं को उनके बुनियादी मानवाधिकारों एवं लैंगिक समानता के विषय में जागरूक करना है। महिला अधिकार कार्यकर्त्ताओं द्वारा वर्ष 1981 से प्रतिवर्ष 25 नवंबर को लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ लड़ने हेतु इस दिवस का आयोजन किया जाता है। 07 फरवरी, 2000 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक संकल्प पारित किया, जिसमें 25 नवंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस’ के रूप में नामित किया गया। इस दिवस का आयोजन ‘मिराबाई बहनों’ (डोमिनिकन गणराज्य की तीन राजनीतिक कार्यकर्त्ता) के सम्मान में किया जाता है, जिन्हें वर्ष 1960 में देश के शासक ‘राफेल ट्रुजिलो’ के आदेश पर बेरहमी से मार दिया गया था। संयुक्त राष्ट्र महिला (UN Women) द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार, विश्व भर में लगभग 15 मिलियन किशोर लड़कियाँ (15-19 आयु वर्ग) अपने जीवन में कभी-न-कभी यौन उत्पीड़न का शिकार होती हैं। वहीं विश्व भर में लगभग 650 मिलियन महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की आयु से पूर्व हुआ है।

‘सागर शक्ति’ युद्धाभ्यास

हाल ही में कच्छ प्रायद्वीप के क्रीक सेक्टर में ‘सागर शक्ति’ युद्धाभ्यास का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना, भारतीय तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल और गुजरात पुलिस ने हिस्सा लिया। इस अभ्यास का आयोजन भारतीय सेना की दक्षिणी कमान द्वारा किया गया और इसका प्राथमिक उद्देश्य वास्तविक समय के परिदृश्य में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की युद्ध की तैयारी का परीक्षण करना था। इस अभ्यास में एकीकृत तरीके से थल, जल और वायु क्षेत्र में किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिये सुरक्षा बलों को तैयार करना शामिल था। यह अभ्यास ऐसे समय में आयोजित किया गया, जब भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में विकसित हो रहे सुरक्षा परिदृश्यों के मद्देनज़र अपनी समुद्री युद्ध क्षमता को बढ़ाया है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2