इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 फरवरी, 2022

  • 24 Feb 2022
  • 7 min read

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAYG) 

हाल ही में केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण डैशबोर्ड लॉन्च किया गया। यह डैशबोर्ड प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की कड़ी निगरानी करने में मदद करेगा। इसका उपयोग PMAYG के हितधारकों द्वारा योजना की निगरानी एवं प्रबंधन हेतु किया जाएगा जिससे योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। योजना की निगरानी के लिये गांँवों के सरपंचों से लेकर निर्वाचन क्षेत्रों के सांसदों तक डैशबोर्ड का लिंक पहुंँचाया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2022 तक ‘सभी के लिये आवास’ के उद्देश्य को प्राप्त करने हेतु 1 अप्रैल, 2016 को पूर्ववर्ती इंदिरा आवास योजना (Indira Awaas Yojana-IAY) का पुनर्गठन कर उसे  प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) कर दिया गया था। योजना का उद्देश्य मार्च 2022 तक सभी ग्रामीण आवासहीन परिवारों और कच्चे तथा जीर्ण-शीर्ण घरों में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के साथ पक्के घर उपलब्ध कराना है। इसके लाभार्थियों में एससी/एसटी, मुक्त बंधुआ मज़दूर और गैर-एससी/एसटी श्रेणियाँ, विधवाओं या कार्रवाई में मारे गए रक्षाकर्मियों के परिजन, पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त सदस्य, विकलांग व्यक्ति तथा अल्पसंख्यक शामिल हैं।

महिला सुरक्षा दस्ते

हाल ही में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर शहर में दो महिला सुरक्षा दस्ते (Women Safety Squad) तैनात किये हैं। प्रत्येक दस्ते में 5 महिला पुलिस अधिकारी या कर्मचारी शामिल होंगी तथा दोनों दस्तों का नेतृत्व इंस्पेक्टर खालिदा परवीन (Khalida Parveen) द्वारा किया जाएगा। इन दस्तों को संकट के समय महिलाओं की मदद हेतु शुरू किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग सेंटर्स और ऐसे अन्य स्थानों पर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इन दस्तों द्वारा दिन के दौरान शिक्षण संस्थानों सहित पूरे शहर में गश्त की जाएगी। श्रीनगर पुलिस ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित मुद्दों के लिये 24×7 समर्थित महिला हेल्पलाइन नंबर भी लॉन्च किया है। 

विश्व क्षय रोग दिवस

प्रत्येक वर्ष 24 मार्च को दुनिया भर में विश्व क्षय रोग दिवस मनाया जाता है। इस दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को इस बीमारी के विषय में जागरूक करना और क्षय रोग की रोकथाम के लिये कदम उठाना है। वर्ष 2022 के लिये विश्व क्षय रोग दिवस की थीम ‘‘Invest to End TB. Save Lives’ है। विश्व क्षय रोग दिवस को ‘विश्व स्वास्थ्य संगठन’ (WHO) जैसे संगठनों का समर्थन प्राप्त है। क्षय रोग माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरक्लोसिस नामक जीवाणु के कारण होता है, जो कि मुख्यतः फेफड़ों को प्रभावित करता है। इससे बचाव अथवा रोकथाम संभव है। यह हवा के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे में फैलता है। आँकड़ों के अनुसार,, विश्व की एक-चौथाई जनसंख्या लेटेंट टीबी (Latent TB) से ग्रस्त है। लेटेंट टीबी का अर्थ है कि लोग टीबी के जीवाणु से संक्रमित तो हो जाते हैं, किंतु उन्हें यह रोग नहीं होता है और वे इसका संचरण अन्य व्यक्तियों तक नहीं कर सकते हैं। टीबी के जीवाणु से संक्रमित व्यक्ति के टीबी से ग्रसित होने की संभावना 5-15 प्रतिशत तक ही होती है। 

केंद्रीय उत्पाद शुल्क दिवस

प्रतिवर्ष 24 फरवरी को केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड (Central Board of Indirect Taxes and Customs-CBIC) द्वारा देश भर में केंद्रीय उत्पाद शुल्क दिवस (Central Excise Day) मनाया जाता है। इस दिवस को देश के प्रति केंद्रीय उत्पाद व सीमा शुल्क बोर्ड की सेवा में योगदान देने के लिये मनाया जाता है। इस दिवस के माध्यम से केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड के अफसरों के प्रति उनकी सेवाओं के लिये सम्मान व्यक्त किया जाता है। इसके द्वारा अफसरों को इमानदारी व निष्ठा से सेवा का निर्वहन करने के लिये प्रोत्साहित किया जाता है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड वित्त मंत्रालय के अधीन राजस्व विभाग का एक अंग है। जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। यह बोर्ड सीमा शुल्क, केंद्रीय उत्पाद शुल्क, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर और IGST (Integrated Goods and Service Tax) संग्रह का कार्य करता है। सीमा शुल्क, केंद्रीय उत्पाद शुल्क, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर और IGST तथा नारकोटिक्स से जुड़े तस्करी तथा प्रशासन संबंधी मुद्दे CBIC के विस्तार क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। पूर्व में इसका नाम केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड था।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2