इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 22 जून, 2022

  • 22 Jun 2022
  • 4 min read

कोंकण रेलवे नेटवर्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय रेलवे के कोंकण रेलवे मार्ग के 100% विद्युतीकरण को समर्पित करेंगे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा रत्नागिरी, मडगांँव और उडुपी से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर चलने वाली ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंँगे। कोंकण रेलवे का संचालन कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KRCL) द्वारा किया जाता है।इसका मुख्यालय नवी मुंबई, महाराष्ट्र में स्थित है। 23 मार्च, 1993 को उडुपी और मैंगलोर के बीच कोंकण रेलवे ट्रैक पर पहली यात्री ट्रेन का संचालन किया गया था। संचालन के प्रारंभिक वर्षों के दौरान, पहाड़ी कोंकण क्षेत्र में कई दुर्घटनाएँ हुईं जिस कारण कोंकण रेलवे को टक्कर रोधी उपकरणों, रोल-ऑन/रोल-ऑफ और स्काई बस जैसी नई तकनीक को लागू करने हेतु प्रेरित किया गया। KRCL एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जिसका मुख्यालय नवी मुंबई में है। यह कोंकण रेलवे का संचालन करता है। यह रेलवे से संबंधित अन्य परियोजनाओं को भी चलाता है।

द्रोपदी मुर्मूू

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव के लिये नामित किया है। अगर वे चुनाव जीतती हैं तो वे भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। उनका जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के मयूरभंज ज़िले में हुआ था। वे आदिवासी समाज से संबंधित हैं। उन्हें वर्ष 1997 में रायरंगपुर नगरपंचायत का कौंसिलर चुना गया था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया है। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल गठबंधन सरकार के दौरान, वह 6 मार्च, 2000 से 6 अगस्त, 2002 तक वाणिज्य और परिवहन (स्वतंत्र प्रभार) और 6 अगस्त, 2002 से 16 मई, 2004 तक मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास राज्य मंत्री थीं। उन्हें 2007 में ओडिशा विधानसभा द्वारा सर्वश्रेष्ठ विधायक के लिये नीलकंठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह झारखंड की पहली महिला राज्यपाल थीं। वह किसी भारतीय राज्य में राज्यपाल के रूप में नियुक्त होने वाली ओडिशा की पहली महिला आदिवासी नेता थीं। वे वर्ष 2015 से 2019 तक झारखण्ड की राज्यपाल रहीं। वह भारत के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिये भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार हैं।

खुव्सगुल झील राष्ट्रीय उद्यान

हाल ही में मंगोलिया के खुव्सगुल झील राष्ट्रीय उद्यान (Khuvsgul Lake National Park) को यूनेस्को द्वारा बायोस्फीयर रिज़र्व के विश्व नेटवर्क (World Network of Biosphere Reserves) में शामिल किया गया है। यह निर्णय इंटरनेशनल को-ओर्डिनिंग काउंसिल ऑफ मेन एंड बायोस्फियर प्रोग्राम (International Co-Ordinating Council Of Man And Biosphere Programme) के 34वें सत्र के दौरान लिया गया। यह कार्यक्रम फ्रांँस के पेरिस में हो रहा है। खुव्सगुल झील उत्तरी मंगोलियाई प्रांत खुव्सगुल में रूस की सीमा के पास स्थित है। यह मंगोलिया के मीठे पानी का 70% स्रोत है तथा समुद्र तल से लगभग 1645 मीटर की ऊंँचाई पर स्थित है जो 135 किमी लंबी और 262 मीटर गहरी झील है। क्षेत्रफल की दृष्टि से यह मंगोलिया की दूसरी सबसे बड़ी झील है तथा रूस में स्थित बैकाल झील से लगभग 200 किमी. पश्चिम में स्थित है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2