इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 19 अक्तूबर, 2022

  • 19 Oct 2022
  • 5 min read

बुकर पुरस्‍कार 2022

17 अक्तूबर, 2022 को लंदन में एक समारोह के दौरान श्रीलंका के लेखक शेहान करुणातिलका (Shehan Karunatilaka) को प्रतिष्ठित ‘बुकर पुरस्‍कार’, 2022 से सम्मानित किया गया। उन्‍हें यह पुरस्‍कार उनके उपन्‍यास ‘द सेवन मून्स ऑफ माली अल्मेडा’ (The Seven Moons of Maali Almeida) के लिये प्रदान किया गया है। 47 वर्षीय करुणातिलका श्रीलंका के दूसरे उपन्‍यासकार हैं, जिन्‍हें बुकर पुरस्‍कार से सम्मानित किया गया है। इससे पूर्व वर्ष 1992 में माइकल ओन्‍डाट्से को यह पुरस्कार उनके उपन्यास ‘द इंग्लिश पेशेंट’ के लिये मिला था। बुकर पुरस्कार, 2022 के जूरी के अध्यक्ष नील मैकग्रेगर ने कहा कि ‘द सेवन मून्स ऑफ माली अल्मेडा’ में लेखक की महत्वाकाँक्षा का दायरा और इसके कथानक को प्रस्तुत करने का तरीका प्रशंसनीय है। ‘सॉर्ट ऑफ बुक्स’ द्वारा प्रकाशित ‘द सेवन मून्स ऑफ माली अल्मेडा’, गृहयुद्ध से घिरे श्रीलंका की जानलेवा तबाही की जाँच के बीच में मृत्यु के बाद के जीवन की पड़ताल करती है। बुकर पुरस्‍कार विश्‍व के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्‍कारों में से एक है। यह पुरस्‍कार प्रत्येक वर्ष ब्रिटेन और आयरलैंड में प्रकाशित अंग्रेज़ी भाषा के साहित्य हेतु प्रदान किया जाता है। लेखक को पुरस्कार स्वरुप 50 हज़ार पाउंड की धनराशि प्राप्त होती है।

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस तीन दिन (19-21 अक्तूबर) की भारत  यात्रा पर 19 अक्तूबर, 2022 को मुंबई पहुँचे। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव गुतेरस ने मुंबई के ताज पैलेस होटल में 26/11 के आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धाजंलि अर्पित किया। गुतेरस 20 अक्तूबर को गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री के साथ मिशन लाइफ पुस्तिका, लोगो और टैगलाइन का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा भारतीय विदेश मंत्री, संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव गुतेरस के साथ द्विपक्षीय चर्चा में वैश्विक मुद्दों, जी-20 देशों के सम्‍मेलन में भारत की अध्‍यक्षता सहित संयुक्‍त राष्‍ट्र के साथ भारत के सहयोग पर चर्चा करेंगे। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव भारत के पहले सौर ऊर्जा गाँव मोढेरका दौरा भी करेंगे। वे मोढेरा के सूर्य मंदिर भी जाएंगे। गुतेरस की जनवरी 2022 में दूसरी बार अपना पदभार संभालने के बाद यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले वे अक्‍तूबर 2018 में भारत की यात्रा पर आए थे।

दिव्यांगजनों के लिये 'सामाजिक अधिकारिता शिविर'

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ADIP योजना के तहत 'दिव्यांगजनों' को सहायता उपकरण वितरित करने हेतु एक 'सामाजिक अधिकारिता शिविर' का आयोजन दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाद्वारा एलिम्को, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले विभाग के सहयोग से 17 अक्तूबर को राजस्थान में अलवर शहर में किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिये वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगों की सेवा करके उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने के लिये सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण पर कार्य कर रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने दिव्यांग व्यक्ति अधिकार अधिनियम 2016 को लागू किया है, जो अब दिव्यांगों की श्रेणी को 7 से बढ़ाकर 21 करने का प्रावधान देता है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में दिव्यांगजनों का आरक्षण 3 से बढ़ाकर 5 प्रतिशत और सरकारी नौकरियों में उनका आरक्षण 3 प्रतिशत से 4 प्रतिशत कर दिया गया है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow