इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 13 सितंबर, 2023

  • 13 Sep 2023
  • 6 min read

राष्ट्रपति ने किया किसानों के अधिकारों और पारंपरिक बीज किस्मों की रक्षा का आह्वान

  • भारत के राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में किसानों के अधिकारों पर पहली वैश्विक संगोष्ठी का उद्घाटन किया, इसका आयोजन खाद्य और कृषि के लिये पादप आनुवंशिक संसाधनों पर अंतर्राष्ट्रीय संधि (International Treaty on Plant Genetic Resources for Food and Agriculture- ITPGRFA) तथा खाद्य एवं कृषि संगठन (Food and Agriculture Organization- FAO) द्वारा किसानों के अधिकारों पर चर्चा करने के लिये किया गया था।
  • इसमें 'अन्नदाता' (भोजन प्रदाता) के रूप में किसानों की प्रमुख भूमिका पर प्रकाश डाला गया तथा उनके अधिकारों व भविष्य को सुरक्षा प्रदान करने पर चर्चा की गई
    • विश्व के केवल 2.4% भूमि क्षेत्र के साथ भारत में ज्ञात सभी पादपों व पशुओं की प्रजातियों का 7-8% पाया जाता है। यह कृषक वर्ग के प्रयासों का परिणाम है जिन्होंनें मनुष्यों और पशुओं के लिये पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्थानीय किस्मों के संरक्षण का कार्य, जंगली पौधों को उपयोगी बनाने और फसल की पारंपरिक किस्मों की खेती की
  • राष्ट्रपति ने पौधों की नई किस्मों को विकसित करने वाले सभी किसानों के प्रयासों को मान्यता देने के लिये प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिवॉर्ड 2021-22 भी प्रदान किया।
  • इस पुरस्कार में एक प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और 1,50,000 रुपए की नकद राशि शामिल है

और पढ़ें…प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिवॉर्ड

विश्व ड्यूकेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी दिवस

विश्व ड्यूकेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (DMD) दिवस प्रत्येक वर्ष 7 सितंबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य DMD के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा इस दुर्लभ अपक्षयी बीमारी से प्रभावित व्यक्तियों के जीवन में सुधार करना है।

  • इस वर्ष के विश्व DMD दिवस की थीम "ड्यूकेन: ब्रेकिंग बैरियर्स" है।
  • DMD एक दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति है जो मांसपेशियों को धीरे-धीरे कमज़ोर करती है तथा प्रत्येक पाँच हज़ार लड़कों में से लगभग एक को प्रभावित करती है।
    • यह स्थिति X- क्रोमोसोम उत्परिवर्तन के परिणामस्वरूप होती है तथा चलने में कठिनाइयों का कारण बनती है, इसके बाद अन्य शारीरिक गतिविधियों को करने में असुविधा होती है।
    • अंततः DMD श्वास और हृदय क्रिया जैसे महत्त्वपूर्ण कार्यों को प्रभावित करता है क्योंकि हृदय भी एक मांसपेशी है।
      • वर्तमान में, DMD का कोई ज्ञात उपचार नहीं है। इसके उपचार का उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिये लक्षणों को नियंत्रित करना है।
  • सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के आधीन दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग (DEPwD), DMD के बारे में जागरूकता पैदा करने में सक्रिय रूप से शामिल है।

रक्षा मंत्री ने 90 सीमा अवसंरचना परियोजनाओं का किया उद्घाटन 

रक्षा मंत्री ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control -LAC) पर हर मौसम में कनेक्टिविटी और सैन्य तैयारी बढ़ाने के लिये कुल 90 सीमा बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

  • उनमें से उल्लेखनीय अरुणाचल प्रदेश में नेचिफू सुरंग है, जो रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण तवांग सेक्टर को वार्षिक रूप से कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
  • इसके अतिरिक्त विश्व की सबसे ऊँची सुरंग शिंकू ला सुरंग का निर्माण, हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति क्षेत्र को हर मौसम में कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

लीबिया में विनाशकारी बाढ़

हाल ही में पूर्वी लीबिया में विनाशकारी बाढ़ की घटना देखी गई, तूफान डेनियल के कारण आई इस बाढ़ के कारण व्यापक जन-धन की हानि हुई। 

  • दशकों के युद्ध और एक केंद्रीय सरकार की कमी के अभाव के कारण देश के बुनियादी ढाँचे को काफी क्षति पहुँची है और हाल की मूसलाधार बारिश ने देश की स्थिति को अतिसंवेदनशील बना दिया है।
  • संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, लीबिया एकमात्र ऐसा देश है जिसके पास कोई जलवायु रणनीति नहीं है।
  • यह आपदा लीबिया में स्थिरता, एकता और व्यापक शासन की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करती है, क्योंकि देश आंतरिक अशांति से लेकर प्रवासियों के शोषण तथा तेल राजस्व विवादों तक कई संकटों से जूझ रहा है।

और पढ़ें…लीबिया में संघर्ष, बारहमासी आपदा - बाढ़

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2