इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 07 अगस्त, 2020

  • 07 Aug 2020
  • 7 min read

प्रदीप कुमार जोशी

शिक्षाविद् प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी को संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission-UPSC) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि प्रदीप कुमार जोशी वर्तमान में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के सदस्य के तौर पर कार्य कर रहे हैं, उनकी इस नियुक्ति से आयोग के सदस्य का एक पद रिक्त हो गया है। वर्तमान में भीम सेन बस्सी, एयर मार्शल ए. एस. भोंसले (सेवानिवृत्त), सुजाता मेहता, मनोज सोनी, स्मिता नागराज, एम. साथियावती भारत भूषण व्यास, टी. सी. ए. अनंत और राजीव नयन चौबे UPSC के सदस्य के तौर पर नियुक्त हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष के तौर पर प्रदीप कुमार जोशी, अरविंद सक्सेना का स्थान लेंगे। इससे पूर्व प्रदीप कुमार जोशी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग में बतौर अध्यक्ष कार्य कर चुके हैं और उन्हें मई 2015 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। आयोग के अध्यक्ष के तौर पर उनका कार्यकाल 12 मई, 2021 को समाप्त होगा। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) भारत के नौकरशाहों और राजनयिकों का चयन करने के लिये सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है।

गिरीश चंद्र मुर्मू 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू को भारत का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (Comptroller Auditor General-CAG) नियुक्त किया है। गिरीश चंद्र मुर्मू, राजीव महर्षि का स्थान लेंगे, जो कि 7 अगस्त, 2020 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। गिरीश चंद्र मुर्मू भारत के 14वें नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) होंगे। गौरतलब है कि इससे पूर्व गिरीश चंद्र मुर्मू ने जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का नया उप-राज्यपाल (Lieutenant Governor) नियुक्त किया था। गिरीश चंद्र मुर्मू का जन्म 21 नवंबर,1959 को ओडिशा के मयूरभंज ज़िले के एक गाँव में हुआ था। वर्ष 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व अधिकारी गिरीश चंद्र मुर्मू को अक्तूबर, 2019 में जम्मू-कश्मीर के विशेष राज्य के दर्जे की समाप्ति के बाद राज्यपाल के तौर पर नियुक्त किया गया था। इससे पूर्व गिरीश चंद्र मुर्मू गुजरात के गृह विभाग में और राज्य में नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। भारत का नियंत्रक और महालेखापरीक्षक (CAG) भारत के संविधान के तहत एक स्वतंत्र प्राधिकरण है। यह भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग (Indian Audit & Accounts Department) का प्रमुख और सार्वजनिक क्षेत्र का प्रमुख संरक्षक है।

किसान रेल

भारतीय रेलवे ने एक महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुए देश की पहली किसान स्‍पेशल पार्सल ट्रेन यानी ‘किसान रेल’ की शुरुआत की है। किसान रेल का प्रयोग फल-सब्जियों, मछली-मांस और दूध जैसी जल्द खराब होने वाली वस्तुओं के परिवहन के लिये किया जाएगा। यह ट्रेन महाराष्ट्र और बिहार के बीच संचालित की जाएगी और फल तथा सब्जियों जैसी खराब होने वाली वस्तुओं को ले जाने वाली अपनी तरह की पहली ट्रेन होगी। इस संबंध में जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, किसान रेल ट्रेन साप्ताहिक आधार पर चलाई जाएगी। रेल मंत्री के अनुसार, किसान रेल का उद्देश्य खेती करने वालों की आमदनी दोगुनी करना है। किसान रेल में वातानुकूलित डिब्बे निर्मित किये गए हैं और इसके माध्यम से देश भर में मछली, मांस और दूध सहित जल्द खराब होने वाली कई खाद्य योग्य वस्तुओं को निर्बाध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुँचाया जाएगा। गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खराब होने वाली वस्‍तुओं की सप्‍लाई चेन उपलब्‍ध कराने के लिये इस वर्ष के बजट में किसान रेल शुरू करने की घोषणा की थी। 

अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी के लोकप्रिय लघु वीडियो साझाकरण एप टिकटॉक (TiKTok) और वी-चैट (WeChat) पर अमरीका में प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश पर हस्‍ताक्षर कर दिये हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, ये एप्स राष्‍ट्रीय सुरक्षा और अमेरिका की अर्थव्‍यवस्‍था के लिये बड़ा खतरा है। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित प्रतिबंध संबंधी उक्त आदेश 45 दिनों के बाद से लागू होंगे। कई विशेषज्ञ मान रहे हैं कि 45 दिनों का यह समय मुख्य तौर पर अमेरिका की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) को एक अन्य अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से दिया गया है, ध्यातव्य है कि बीते कई दिनों से अमेरिका द्वारा चीन की इंटरनेट कंपनी बाइटडांस (ByteDance), जिसके पास टिकटॉक का मालिकाना हक है, पर अपने व्यवसाय को अमेरिका की प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) को सौंपने का दबाव बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि टिकटॉक एक लघु वीडियो साझा करने की सुविधा प्रदान करने वाला एक प्रसिद्ध प्लेटफॉर्म है, जिसके पास अमेरिका में लगभग 100 मिलियन सक्रिय उपयोगकर्त्ता थे। इस एप के सबसे अधिक उपयोगकर्त्ता भारत में मौजूद थे, किंतु बीते दिनों सरकार ने इस एप पर प्रतिबंध लगा दिया था

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow