इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 06 अप्रैल, 2022

  • 06 Apr 2022
  • 6 min read

ग्रैमी अवार्ड

हाल ही में वर्ष 2022 के 64वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कारों (64th Annual Grammy Awards) का आयोजन लास वेगास, नेवादा में स्थित AGM ग्रैंड गार्डन एरिना में किया गया। इसमें इस वर्ष दो भारतीय संगीतकार (फालू और रिकी केज) भी ग्रैमी अवार्ड विजेताओं में शामिल थे। भारतीय-अमेरिकी गायिका-गीतकार फालू ने सर्वश्रेष्ठ बच्चों के संगीत एल्बम की श्रेणी में अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता। फालू न्यूयॉर्क की एक संगीतकार हैं तथा उन्होंने स्लमडॉग मिलियनेयर फिल्म में ए.आर. रहमान के साथ काम किया है। मुंबई में प्रसिद्ध मुखर गुरु और सारंगी उस्ताद सुल्तान खान से उन्होंने अपना प्रारंभिक संगीत प्रशिक्षण प्राप्त किया था। संगीतकार रिकी केज ने भी अपना दूसरा ग्रैमी पुरस्कार जीता, रिकी केज और स्टीवर्ट कोपलैंड ने सर्वश्रेष्ठ न्यू एज एल्बम की श्रेणी में पुरस्कार जीता। रिकी केज ने अपना पहला ग्रैमी अवॉर्ड वर्ष 2015 में जीता था।

अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क योजना

हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क योजना (International Air Connectivity Scheme- IACS) शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य भारत के कुछ राज्यों से  चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों के साथ हवाई संपर्क को बढ़ावा देना है ताकि सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके। अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क योजना राज्य सरकारों द्वारा समर्थित है। मणिपुर, असम और त्रिपुरा की राज्य सरकारों ने गुवाहाटी, इंफाल तथा अगरतला को ढाका, बैंकॉक, यांगून, काठमांडू, मांडले,चटगांँव, हनोई व कुनमिंग जैसे अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ने हेतु  पहले ही मार्गों की पहचान कर ली है। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार, हवाई अड्डों का उन्नयन और विकास एक लंबी व निरंतर प्रक्रिया है तथा ज़्यादातर यातायात की मांग, वाणिज्यिक व्यवहार्यता, भूमि की उपलब्धता आदि के आधार पर संबंधित हवाई अड्डे के ऑपरेटर्स द्वारा किया जाता है।

हुरुन रिचेस्ट सेल्फ वूमेन इन द वर्ल्ड 2022

हाल ही में हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा हुरुन रिचेस्ट सेल्फ वूमेन इन द वर्ल्ड 2022 की सूची जारी की गई है। इस सूची के अनुसार, वर्तमान में दुनिया में 124 स्व-निर्मित महिला अरबपति (Self-Made Women Billionaires) हैं। सूची में दो-तिहाई महिलाएंँ चीन की हैं, उसके बाद अमेरिका और ब्रिटेन की महिलाओं का स्थान है। बीजिंग की एक प्रॉपर्टी डेवलपर वू यजुन (Wu Yajun) ने इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है जिनकी अनुमानित संपत्ति 17 बिलियन डाॅलर है। भारतीय महिलाओं में नायका की सीईओ और संस्थापक फाल्गुनी नायर को 7.6 अरब डॉलर के साथ शीर्ष 10 सबसे अमीर महिलाओं की सूची में रखा गया है। राधा वेम्बू 3.9 बिलियन डाॅलर के साथ भारत की दूसरी सबसे अमीर स्व-निर्मित महिला अरबपति हैं। वेम्बू ज़ोहो की उत्पाद प्रबंधक हैं। हुरुन सूची में उन्हें 25वें स्थान पर रखा गया है। बायोकॉन की संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष किरण मजूमदार-शॉ को 3.8 बिलियन डाॅलर की संपत्ति के साथ इस सूची में 26वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। यह हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा प्रकाशित इस सूची का 12वांँ संस्करण है।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स

हाल ही में श्री कांतीरवा स्टेडियम, बंगलूरू में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 का लोगो, शुभंकर, जर्सी और एंथम लॉन्च किया गया। यह इवेंट 24 अप्रैल, 2022 से कर्नाटक में आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2020 में ओडिशा द्वारा आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के बाद यह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (KIUG) का दूसरा आयोजन होगा। इस अवसर पर मेजबान राज्य कर्नाटक द्वारा गेम्स पर लाइव अपडेट देने के लिये एक खेलो इंडिया एप भी लॉन्च किया गया। कर्नाटक के राज्यपाल टी.सी. गहलोत ने गेम्स के लोगो और आधिकारिक शुभंकर- वीरा (एक हाथी) को लॉन्च किया तथा केद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गेम्स की आधिकारिक जर्सी के साथ-साथ चंदन शेट्टी और निखिल जोशी द्वारा गाए गए एंथम को भी लॉन्च किया।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow