रैपिड फायर
अंडमान और निकोबार की जनजातियों की गणना
- 14 Jul 2025
- 4 min read
स्रोत: द हिंदू
भारत की नियोजित 16वीं जनगणना (वर्ष 2026-27) में अंडमान और निकोबार (A & N) द्वीप समूह की छह प्रमुख स्वदेशी जनजातियों अर्थात् ग्रेट अंडमानी, ओंगे, जारवा, सेंटिनली, शोम्पेन और निकोबारी की गणना शामिल होगी। निकोबारी लोगों को छोड़कर, अन्य सभी को विशेष रूप से कमज़ोर जनजातीय समूहों (PVTG) के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
- ग्रेट अंडमानी: कभी अंडमान द्वीपसमूह की सबसे बड़ी जनजाति रही ग्रेट अंडमानी जनजाति की संख्या अब घटकर केवल 43 (जनगणना 2001) रह गई है, और वे अब स्ट्रेट द्वीप पर बसे हुए हैं।
- ऐतिहासिक रूप से, उन्हें एबरडीन की लड़ाई (वर्ष 1859) में ब्रिटिश हस्तक्षेप का विरोध करने के लिये जाने जाते हैं।
- वे अब खानाबदोश नहीं रहे, यद्यपि कभी-कभार शिकार और मत्स्यन करते हैं।
- ओंगे: भारत की सबसे आदिम शिकारी-संग्राहक जनजातियों में से एक, लिटिल अंडमान में, मुख्य रूप से डुगोंग क्रीक और साउथ बे में निवास करती है।
- वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार, ओंगेस एक अर्द्ध-खानाबदोश जनजाति है जिसकी जनसंख्या 96 है। पारंपरिक रूप से प्रकृति पर निर्भर रहने वाले ये लोग अब सरकारी सहायता प्राप्त करते हैं और अपने डोंगी निर्माण तथा शिल्पकला (Canoe-Making And Crafts) के लिये जाने जाते हैं।
- जारवा: वे मध्य और दक्षिण अंडमान के पश्चिमी तट पर रहने वाली एक खानाबदोश, शिकार-संग्रहकर्त्ता जनजाति हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, उनकी जनसंख्या 380 है।
- सेंटिनली: यह एक शिकार और संग्रह करने वाली जनजाति है, जो उत्तरी सेंटिनल द्वीप पर निवास करती है और बाहरी लोगों के प्रति शत्रुतापूर्ण रहती है। हालाँकि वर्ष 1991 में इनके बीच कुछ समय के लिये मैत्रीपूर्ण संपर्क हुआ था, लेकिन ये लोग ज़्यादातर बातचीत से बचते हैं। वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार, इनकी जनसंख्या 39 थी।
- शोम्पेन: शोम्पेन में मंगोलॉयड विशेषताएँ हैं, जो अन्य नीग्रोइड विशेषताओं वाली जनजातियों (जैसे ग्रेट अंडमानी, ओन्गे, जारवा और सेंटिनली) से भिन्न हैं।
- शोम्पेन लोग ग्रेट निकोबार में निवास करते हैं, वे मावा शोम्पेन (Mawa Shompens) [तटीय, नदी घाटी के निवासी] और प्रतिरोधी शोम्पेन (Hostile Shompens) [आंतरिक वन क्षेत्र] में विभाजित हैं।
- वे अत्यधिक एकाकी, अर्द्ध-खानाबदोश शिकारी-संग्राहक हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आँकड़ों के अनुसार, शोम्पेन जनजाति की अनुमानित जनसंख्या 229 थी।
- निकोबारी: निकोबारी जनजाति निकोबार द्वीपसमूह के 19 द्वीपों में निवास करती है। इनकी उत्पत्ति मंगोलवंशीय मानी जाती है और इनकी जनसंख्या 27,000 से अधिक है। इनकी सामाजिक संरचना छह भौगोलिक समूहों में विभाजित है तथा यह तुहेत नामक पितृसत्तात्मक संयुक्त परिवार प्रणाली का पालन करती है, जिसमें भूमि और संसाधनों का स्वामित्व सामूहिक होता है।