रैपिड फायर
भारत पूर्वानुमान प्रणाली
- 27 May 2025
- 3 min read
स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) स्वदेशी रूप से विकसित भारत पूर्वानुमान प्रणाली (BFS) को अपनाने जा रहा है, जो 6 कि.मी. x 6 कि.मी. स्थानिक रिज़ॉल्यूशन पर पूर्वानुमान लगाने में सक्षम भारत का पहला उच्च-रिज़ॉल्यूशन मौसम मॉडल है।
- भारत पूर्वानुमान प्रणाली (BFS) पुणे स्थित भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) द्वारा विकसित की गई है और इसे भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा लागू किया जाएगा।
- BFS भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की वर्तमान 12 कि.मी. x 12 कि.मी. रिज़ॉल्यूशन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार करता है, जिससे स्थानीयकृत चरम मौसम घटनाओं, जैसे कि मेघ प्रस्फोट और फ्लैश फ्लड, का अधिक सटीक पता लगाया जा सकेगा।
- वर्तमान की 144 वर्ग किलोमीटर की विश्लेषण इकाई की सीमा को घटाकर 36 वर्ग किलोमीटर किया जाएगा, जिससे सूक्ष्म स्तर पर बेहतर मौसम पूर्वानुमान संभव हो सकेगा।
- BFS मॉडल से, विशेषकर ज़िला और उप-ज़िला स्तर पर चक्रवात, अधिक वर्षा और मानसून की विविधता के पूर्वानुमान की सटीकता में सुधार की अपेक्षा है।
- BFS का परीक्षण वर्ष 2022 से प्रयोगात्मक मोड में किया जा रहा है और अब इसे उच्च प्रदर्शन संगणना सहायता के साथ राष्ट्रीय स्तर पर संचालन के लिये विस्तारित किया जा रहा है।
- वर्तमान में, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) मानसून मिशन के तहत विकसित और भारतीय मानसून पूर्वानुमान के लिये अमेरिकी मॉडल से अनुकूलित कूपल्ड फोरकास्टिंग सिस्टम (CFS) का उपयोग करता है।
- यह वैश्विक पूर्वानुमान प्रणाली (GFS) भी संचालित करता है, जो एक संयुक्त महासागर-वायुमंडल मॉडल है और घंटे से लेकर मौसमी स्तर तक के पूर्वानुमान प्रदान करता है।
और पढ़ें: भारत अपने साझेदार देशों में प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियाँ विकसित कर रहा है