इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (22 March)

  • 22 Mar 2019
  • 10 min read
  • मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स ज़िले के मासिनराम क्षेत्र में दुनिया की सबसे गहरी सैंडस्टोन केव (गुफा) क्रेम पुरी (Krem Puri) की खोज के एक साल बाद अब देश में सबसे गहरी शाफ्ट केव का पता चला है। पिछले माह Caving in the Abode of the Clouds Expedition के 28वें संस्करण की खोज प्रक्रिया के दौरान क्रेम उम लाडॉ (Krem Um Ladaw) नामक देश की इस सबसे गहरी शाफ्ट केव का पता चला। गौरतलब है कि 24,583 मीटर लंबी Krem Puri गुफा को विश्व में सबसे लंबी बलुआ पत्थर की गुफा के रूप में जाना जाता है। मेघालय में इंडिया की सबसे लंबी गुफाएँ हैं। अनुमान है कि मेघालय में 1580 से भी अधिक भूमिगत गुफाओं का नेटवर्क है, जिसमें से 980 का ही पता चल पाया है। ये गुफाएँ जयंतिया, खासी और गारो हिल्स में 427 किमी. इलाके में फैली हैं। भारत की 10 सबसे लंबी और गहरी गुफाओं में से 9 मेघालय में हैं।
  • 20 मार्च को दुनियाभर में विश्व गौरैया दिवस (World Sparrow Day) मनाया गया। गौरैया के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। इसके अलावा शहरी वातावरण में रहने वाले आम पक्षियों के प्रति जागरूकता लाना भी इस दिवस को मनाने का एक उद्देश्य है। गौरैया की लगातार कम होती जा रही तादाद के मद्देनज़र 2010 में पहली बार यह दिवस मनाया गया था। 2012 में दिल्ली की राज्य सरकार ने गौरैया को दिल्ली का राजकीय पक्षी घोषित किया था। ब्रिटेन की 'रॉयल सोसायटी ऑफ प्रोटेक्शन ऑफ बर्ड्स' ने भारत से लेकर विश्व के विभिन्न हिस्सों में अनुसंधानकर्त्ताओं द्वारा किए गए अध्ययनों के आधार पर गौरैया को 'रेड लिस्ट' में डाला है। गौरैया की संख्या में यह कमी शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में देखी गई है। गौरेया 'पासेराडेई' (Passeridae)  परिवार की सदस्य है। 
  • आपदा सहनशील आधारभूत ढाँचा 2019 पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला (International Workshop on Disaster Resilient Infrastructure-IWDRI) का आयोजन हाल ही में नई दिल्ली में हुआ। इसमें 33 देशों के विकास और आपदा जोखिम विशेषज्ञ, बहुपक्षीय विकास बैंक, संयुक्त राष्ट्र संघ, निजी क्षेत्र, शैक्षणिक विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और अन्य भागीदारों ने हिस्सा लिया। इस कार्यशाला में आपदा सहनशील आधारभूत ढाँचे के लिये प्रस्तावित गठबंधन Coalition for Disaster Resilient Infrastructure-CDRI) को विश्व स्तर पर ले जाने पर भी चर्चा हुई। इस कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने संयुक्त रूप से संयुक्त राष्ट्र आपदा जोखिम कम करने संबंधी कार्यालय और ग्लोबल कमीशन ऑन एडॉप्शन, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम और विश्व बैंक के साथ मिलकर किया। गौरतलब है कि CDRI की परिकल्पना सूचना के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण भागीदारी के रूप में की गई है। भारत ने नई दिल्ली में 2016 में आयोजित एशियन आपदा जोखिम कम करने पर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के तुरंत बाद CDRI के सृजन की घोषणा की थी।
  • 26 मार्च से 8 अप्रैल 2019 तक भारत और श्रीलंका के बीच 2018-19 संयुक्त अभ्यास मित्र शक्ति-6 श्रीलंका में आयोजित किया जा रहा है। गौरतलब है कि यह अभ्यास सैन्य कूटनीति तथा भारत और श्रीलंका की सेनाओं के मध्य बातचीत के एक हिस्से के रूप में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष अभ्यास में भारतीय सेना की बिहार रेजीमेंट की पहली बटालियन की टुकड़ियाँ और श्रीलंका की तरफ से गेमुनु वाच बटालियन की टुकड़ियाँ भाग लेंगी। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के मध्य घनिष्ठ संबंधों को और बढ़ावा देना तथा कमान के तहत दोनों देशों के सैनिक दस्तों की संयुक्त अभ्यास कमांडर योग्यता को बढ़ाना है। इस अभ्यास में संयुक्त राष्ट्र आदेश के तहत अंतर्राष्ट्रीय विद्रोह की रोकथाम और आतंकवादी माहौल का मुकाबला करने के लिये युक्तिपूर्ण परिचालनों को शामिल किया जाता है।
  • इटली ने चीन के बेल्ट रोड इनिशिएटिव में शामिल होने का फैसला किया है। इससे चीन को अपने इस ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का पश्चिमी यूरोप में विस्तार करने में मदद मिलेगी। चीन के बेल्ट रोड इनिशिएटिव का उद्देश्य अपने आर्थिक हितों को विस्तार देकर दुनिया को प्रभावित करना है। इटली सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले G7 समूह का पहला सदस्य है, जो चीन की इस पहल में शामिल होने जा रहा है। इटली के प्रधानमंत्री गुइसेप कोंटे ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के इटली दौरे के दौरान इस संबंध में एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये। इटली ने अर्थव्यवस्था के लिहाज़ से इसे ज़रूरी कदम बताया। दूसरी तरफ भारत ने अगले महीने होने जा रहे दूसरे बेल्ट एंड रोड फोरम में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। इससे पहले विवादित चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के मुद्दे पर विरोध जताते हुए भारत ने 2017 में हुए पहले बेल्ट एंड रोड फोरम का भी बहिष्कार किया था।
  • कज़ाखस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव ने लगभग 30 वर्षों तक देश के सत्ता शीर्ष पर रहने के बाद इस्तीफा दे दिया। आपको बता दें कि 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद मध्य एशिया के इस देश में राष्ट्रपति पद पर नज़रबायेव काबिज़ रहे । इसके बाद संसद के अध्यक्ष कासिम-जोमार्त तोकायेव को देश के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई। साथ ही कज़ाखस्तान की सीनेट ने नज़रबायेव की पुत्री दारिगा नज़रबायेव को संसद का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। एक अन्य महत्त्वपूर्ण फैसले में देश की राजधानी अस्ताना का नाम बदलकर निवर्तमान राष्ट्रपति के सम्मान में राजधानी अस्ताना का नाम नूरसुसुल्तान करने का एलान किया गया। इससे पहले तेल संपन्न इस देश की राजधानी अस्ताना में हवाई अड्डे का नाम 2017 में बदलकर नूरसुल्तान रख दिया गया था।
  • अमेरिका द्वारा अपना पहला एक्सास्केल सुपरकंप्यूटर 2021 तक बना लेने की संभावना है। अमेरिकी ऊर्जा विभाग के अनुसार, देश का पहला 'एक्सास्केल सुपरकंप्यूटर' 2021 तक बनकर तैयार हो जाएगा जो प्रति सेकंड एक अरब से अधिक गणनाएँ करने में सक्षम होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमताओं वाला यह सुपरकंप्यूटर अब तक के बने सबसे पावरफुल सिस्टम से सात गुना तेज़ी से काम करेगा। सुपरकंप्यूटर की स्पीड को फ्लॉप प्रति सेकंड में मापा जाता है। आधुनिक कंप्यूटर कई टेराफ्लॉप्स प्रति सेकंड की स्पीड के साथ करोड़ों की संख्या में गणना करने में सक्षम हैं।
  • भारत ने हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात के अबु धाबी में संपन्न हुए स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स में 85 स्वर्ण, 154 रजत और 129 कांस्य पदकों सहित कुल 368 पदक जीते। इन खेलों में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। नौंवीं बार स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स में हिस्सा लेते हुए भारत ने 284 एथलीट उतारे थे। भारत ने पॉवरलिफ्टिंग में सबसे ज़्यादा 20 स्वर्ण, 33 रजत और 43 कांस्य सहित कुल 96 पदक जीते। रोलर स्केटिंग में भारत ने 13 स्वर्ण, 20 रजत और 16 कांस्य सहित 49 पदक जीते। साइक्लिंग में भारत ने 11 स्वर्ण, 14 रजत और 20 कांस्य सहित 45 पदक जीते। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्द्धाओं में भारत को 5 स्वर्ण, 24 रजत और 10 कांस्य पदक मिले। अगले स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स का आयोजन 2021 में स्वीडन में किया जाना प्रस्तावित है।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow