दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 07 जनवरी, 2020

  • 07 Jan 2020
  • 3 min read

मिशन इन्द्रधनुष 2.0

टीकाकरण अभियान को गति देने और कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूट न जाए इसके लिये 07 जनवरी 2020 से मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 272 ज़िलों में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बिहार और उत्तर प्रदेश के 650 ब्लॉक पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा क्योंकि इन प्रखंडों में टीकाकरण की दर कम है। मिशन इंद्रधनुष 2.0 के तहत गर्भवती महिलाओं सहित नवजात बच्चे से लेकर 2 साल तक के बच्चों का पूर्ण टीकाकरण किया जाएगा। इस अभियान के तहत बारह बीमारियों से बचाव के लिये टीके लगाए जाएंगे।


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान

सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने 07 जनवरी 2020 को राष्ट्रीय मीडिया केंद्र (नई दिल्ली) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 30 मीडिया संगठनों को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार समाज के फायदे के लिये योग को प्रोत्साहित करने वाले मीडिया संगठनों को दिया गया है। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों- रेडियो, टीवी और प्रिंट मीडिया में दिया गया।


पी. मंगेश चंद्रन

भारत के पी. मंगेश चंद्रन ने इंग्लैंड के हेस्टिंग्स में 9 दौर में अजेय रहते हुए प्रतिष्ठित 95वें हेस्टिंग्स अंतर्राष्ट्रीय शतरंज कॉन्ग्रेस का खिताब जीत लिया है। ग्रैंडमास्टर चंद्रन ने 06 जनवरी 2020 को अंतिम दौर में भारत के ही ग्रैंडमास्टर जी.ए. स्टेनी के साथ ड्रा खेलते हुए 9वें दौर में साढ़े सात अंक अर्जित कर खिताब अपने नाम किया। ज्ञात हो कि चंद्रन ने 8वें दौर में भारत के ही ग्रैंडमास्टर दीप सेनगुप्ता को हराया था। स्टेनी साढ़े छह अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे, जबकि भारत की महिला ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली छह अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहीं।


आपदा राहत फंड

भारत सरकार ने देश के 7 राज्यों के लिये 5,908 करोड़ रुपए का आपदा राहत फंड मंज़ूर किया है। इनमें कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि ये राज्य बाढ़ और भूस्खलन से काफी प्रभावित थे। इस फंड में 75 प्रतिशत योगदान केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा, जबकि राज्यों द्वारा 25 प्रतिशत योगदान दिया जाएगा।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow