इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 01 Dec, 2021
  • 6 min read
विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 01 दिसंबर, 2021

सीमा सुरक्षा बल

प्रतिवर्ष 1 दिसंबर को ‘सीमा सुरक्षा बल’ (BSF) का स्थापना दिवस मनाया जाता है। भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद भारतीय सीमाओं की रक्षा करने के विशेष उद्देश्य के मद्देनज़र वर्ष 1965 में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की स्थापना की गई थी। यह गृह मंत्रालय (MHA) के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत भारत के पाँच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में से एक है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 2.65 लाख से अधिक रक्षा कर्मी पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं पर तैनात हैं। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को नक्सल विरोधी अभियानों, भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा, भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) पर तैनात किया गया है। इसके अंतर्गत एक एयर विंग, मरीन विंग, एक आर्टिलरी रेजिमेंट और कमांडो यूनिट शामिल है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा अपने अत्याधुनिक जहाज़ों के माध्यम से अरब सागर में सर क्रेक और बंगाल की खाड़ी में सुंदरबन डेल्टा की सुरक्षा की जाती है। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल (BSF) आवश्यकता पड़ने पर प्राकृतिक आपदा के दौरान मानवीय जीवन को बचाने का कार्य भी करता है। साथ ही इसके प्रशिक्षित कर्मियों को संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भी भेजा जाता है। अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल हैं: केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सशस्त्र सीमा बल (SSB)।

सिरीवेनेला सीताराम शास्त्री

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध तेलुगू फिल्म गीतकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित ‘सिरीवेनेला सीताराम शास्त्री’ के निधन पर दुख व्यक्त किया। 25 मई, 1955 को आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले में जन्मे सीताराम शास्त्री सुप्रसिद्ध कवि और तेलुगू फिल्म जगत के प्रसिद्ध गीतकार थे, जिन्हें उनकी प्रतिभा के लिये कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, इनमें आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा दिये गए 11 ‘नंदी पुरस्कार’ और चार फिल्मफेयर पुरस्कार भी शामिल हैं। फिल्म जगत और साहित्य में उनके योगदान के लिये उन्हें 2019 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने गीतकार के तौर पर अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत वर्ष 1984 की फिल्म ‘जननी जन्मभूमि’ के साथ की थी। इसके पश्चात् उन्होंने लगभग तीन दशक लंबे अपने कॅरियर में 3000 गानों में योगदान दिया।

नगालैंड स्थापना दिवस

1 दिसंबर, 2021 को नगालैंड का 59वाँ स्थापना दिवस मनाया गया। नगालैंड 1 दिसंबर, 1963 को भारतीय संघ के 16वें राज्य के रुप में अस्तित्व में आया था। नगालैंड पूर्व में म्याँमार, उत्तर में अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम में असम तथा दक्षिण में मणिपुर से घिरा हुआ है। नगालैंड तथा म्याँमार के बीच सरामती पर्वत शृंखला प्राकृतिक सीमा बनाती है जो नगालैंड की सबसे ऊँची पहाड़ी भी है। राज्य की लगभग 70% जनसंख्या कृषि पर निर्भर है तथा यहाँ की मुख्य खाद्य फसल धान है, इसके अलावा कुल कृषि के 70% भाग पर धान की खेती की जाती है। यहाँ खेती की स्लेश तथा बर्न प्रणाली प्रचलित है जिसे स्थानीय स्तर पर झूम खेती कहा जाता है। राज्य का दीमापुर ज़िला पूरे देश से रेल एवं हवाई यातायात से जुड़ा है। नगालैंड में प्रत्येक वर्ष दिसंबर माह के पहले सप्ताह में ‘हॉर्नबिल उत्सव’ का आयोजन किया जाता है। 

पेट्र फियाला

हाल ही में पेट्र फियाला को चेक गणराज्य का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। वर्ष 2014 से ‘कंज़र्वेटिव सिविक डेमोक्रेटिक पार्टी’ का नेतृत्व कर रहे 57 वर्षीय पेट्र फियाला ने वर्ष 2012-13 में चेक गणराज्य के शिक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया है। पेट्र फियाला को कोरोना महामारी और उससे प्रेरित आर्थिक मंदी जैसी चुनौतियों का सामना करना है। चेक गणराज्य, मध्य यूरोप में स्थित एक लैंडलॉक्ड देश है। इसकी सीमा ऑस्ट्रिया, जर्मनी, पोलैंड और स्लोवाकिया से लगती है।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow