ध्यान दें:



State PCS Current Affairs


राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स

रेमन मैग्सेसे पुरस्कार 2025

  • 01 Sep 2025
  • 24 min read

चर्चा में क्यों?

भारत के ग्रामीण और शैक्षिक रूप से वंचित क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा हेतु सामुदायिक तथा सरकारी संसाधन जुटाने के लिये समर्पित भारतीय गैर-लाभकारी संगठन 'फाउंडेशन टू एजुकेट गर्ल्स ग्लोबली' को वर्ष 2025 का रेमन मैग्सेसे पुरस्कार प्रदान किया गया है।

  • अन्य पुरस्कार विजेताओं में मालदीव की शाहिना अली को उनके पर्यावरण संबंधी कार्य के लिये तथा फिलीपींस के फ्लावियानो एंटोनियो एल. विलानुएवा को गरीबों और हाशिये पर पड़े लोगों के उत्थान के प्रयासों के लिये सम्मानित किया गया है।

मुख्य बिंदु 

  • एजुकेट गर्ल्स के बारे में: 
    • इसे फाउंडेशन टू एजुकेट गर्ल्स ग्लोबली के नाम से भी जाना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 2007 में सफीना हुसैन द्वारा की गई थी। 
    • यह एशिया में नोबेल पुरस्कार के समकक्ष इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने वाला पहला भारतीय संगठन है।
  • उद्देश्य: 
    • इस संगठन की शुरुआत राजस्थान से हुई, जिसका उद्देश्य स्कूल न जाने वाली बालिकाओं को कक्षाओं में नामांकन कर महिला निरक्षरता को दूर करना तथा उच्च शिक्षा और रोज़गार तक उनकी सहायता करना है।
  • मिशन: 
    • फाउंडेशन का मुख्य मिशन “वन गर्ल एट अ टाइम” है, जो ज़मीनी स्तर के प्रयासों, सामुदायिक प्रोत्साहन तथा साझेदारी पर आधारित है। 
    • इसका उद्देश्य गरीबी, घरेलू कार्य जैसे अवरोधों को दूर कर समाज में बालिका शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
  • पहल: 
    • वर्ष 2015 में एजुकेट गर्ल्स ने शिक्षा क्षेत्र में विश्व का पहला विकास प्रभाव बॉण्ड (DIB) शुरू किया, जिसमें वित्तीय सहायता को मापने योग्य परिणामों से जोड़ा गया। इस पहल से 30,000 गाँवों की 20 लाख से अधिक बालिकाएँ लाभान्वित हुईं।
    • संगठन ने 15-29 वर्ष की युवा महिलाओं के लिये एक ओपन स्कूलिंग कार्यक्रम ‘प्रगति’ की भी शुरुआत की, जिसमें प्रतिभागियों की संख्या 300 से बढ़कर 31,500 हो गई। इस पहल ने उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने में महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

रेमन मैग्सेसे पुरस्कार

  • वर्ष 1958 में स्थापित रेमन मैग्सेसे पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित करता है जिन्होंने जटिल सामाजिक मुद्दों को संबोधित करते हुए एशिया तथा विश्व स्तर पर मानव विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
    • पुरस्कार विजेताओं का चयन प्रतिवर्ष रेमन मैग्सेसे पुरस्कार फाउंडेशन (RMAF) द्वारा किया जाता है और उन्हें पदक, प्रमाण-पत्र तथा नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
  • 67वाँ रेमन मैग्सेसे पुरस्कार समारोह 7 नवंबर, 2025 को मनीला के मेट्रोपॉलिटन थिएटर में आयोजित किया जाएगा।
  • उद्देश्य: 
    • यह पुरस्कार जाति, लिंग या धर्म से परे निःस्वार्थ सेवा और भावना की महानता को मान्यता देने के लिये बनाया गया था तथा एशिया में परिवर्तनकारी नेतृत्व तथा साहस का उत्सव मनाता है।
  • श्रेणियाँ: 
    • वर्ष 1958 से 2008 तक यह पुरस्कार छह श्रेणियों में प्रदान किया गया:
      • सरकारी सेवा
      • सार्वजनिक सेवा
      • सामुदायिक नेतृत्व
      • पत्रकारिता, साहित्य और रचनात्मक संचार कला
      • शांति और अंतर्राष्ट्रीय समझ
      • उभरता नेतृत्व (40 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के लिये)
    • वर्ष 2009 के बाद से यह पुरस्कार किसी निश्चित श्रेणी में नहीं दिया जाता, केवल इमर्जेंट लीडरशिप को छोड़कर, जो फोर्ड फाउंडेशन के सहयोग से जारी है।

close
Share Page
images-2
images-2