उत्तराखंड
उत्तराखंड में FM रेडियो स्टेशन लॉन्च
- 26 May 2025
- 5 min read
चर्चा में क्यों?
भारतीय सेना ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले में 'पंचशूल पल्स' नाम से अपना पहला FM रेडियो स्टेशन लॉन्च किया है। इसका उद्घाटन सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) ने किया।
मुख्य बिंदु
- रेडियो स्टेशन के बारे में:
- भारतीय सेना की स्थानीय पंचशूल ब्रिगेड के साथ इसके जुड़ाव को दर्शाने के लिये इस स्टेशन का नाम 'पंचशूल पल्स' रखा गया है।
- इसे ऑपरेशन सद्भावना के एक भाग के रूप में संचालित किया जाता है, जो सामरिक रूप से महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में नागरिकों के साथ रचनात्मक संबंध बनाने के लिये सेना की एक दीर्घकालिक पहल है।
- ऑपरेशन सद्भावना 1990 के दशक में भारतीय सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आतंकवाद से प्रभावित समुदायों की सहायता के लिये शुरू की गई एक मानवीय पहल है।
- यह वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अनुरूप है, जो भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास, संपर्क और जागरूकता पर ज़ोर देता है।
- यह स्टेशन 88.4 FM आवृत्ति पर प्रसारित होता है, जिसे 12 किमी. के दायरे तक सुना जा सकता है।
- पहल के उद्देश्य:
- इसका उद्देश्य सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक आदान-प्रदान के लिये एक मंच के रूप में कार्य करके नागरिक-सैन्य सहयोग को बढ़ाना है।
- यह स्टेशन सीमावर्ती क्षेत्र के व्यक्तियों के योगदान और बलिदान के बारे में जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास करता है।
- रेडियो कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएँ:
- कार्यक्रम में स्थानीय इतिहास, संस्कृति और सामाजिक प्रथाओं पर विशेष ज़ोर दिया जाता है।
- इसमें कृषि और बागवानी पर सामग्री शामिल है, जो इस क्षेत्र में प्रमुख व्यवसाय हैं।
- इस स्टेशन पर उस क्षेत्र के शहीदों और बहादुर सैनिकों की उपलब्धियों का उत्सव मनाने वाली कहानियाँ प्रसारित की गईं।
- इसमें स्थानीय खिलाड़ियों तथा सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्रों में कार्यरत व्यक्तियों की उपलब्धियों को भी उजागर किया गया है।
वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम (VVP)
- कार्यक्रम के बारे में: इस कार्यक्रम को 15 फरवरी 2023 को अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड और लद्दाख (UT) सहित राज्यों के 46 ब्लॉकों में 19 ज़िलों में भारत की उत्तरी सीमा पर गाँवों के समग्र विकास के लिये एक केंद्र प्रायोजित योजना के रूप में अनुमोदित किया गया था।
- लक्षित क्षेत्र: पर्यटन, सांस्कृतिक संवर्द्धन, कौशल विकास, उद्यमिता के साथ-साथ कृषि, बागवानी और औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों की खेती के माध्यम से आजीविका सृजन को बढ़ावा दिया जाएगा।
- यह कार्यक्रम सड़क संपर्क, आवास, नवीकरणीय ऊर्जा आदि के माध्यम से बुनियादी ढाँचे में सुधार के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, स्वच्छता और सामुदायिक केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएँ प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
- उद्देश्य: बेहतर बुनियादी ढाँचा और आजीविका के अवसर प्रदान करके, सीमा सुरक्षा और सतत् स्थानीय विकास को बढ़ाकर निवासियों को सीमावर्ती गाँवों में रहने के लिये प्रोत्साहित करना।
- यह कार्यक्रम सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम (BADP) का पूरक है, जो 16 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के 0-10 किमी. के भीतर सीमावर्ती गाँवों में बुनियादी ढाँचे की कमी को पूरा करता है।
- वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-II (VVP-II):
- VVP- II को वित्त वर्ष 2024-25 से 2028-29 के लिये ₹6,839 करोड़ के बजट के साथ अंतर्राष्ट्रीय भूमि सीमाओं (उत्तरी सीमा को छोड़कर) के साथ गाँवों को विकसित करने के लिये लॉन्च किया गया है।