झारखंड
शिबू सोरेन के लिये भारत रत्न की मांग
- 29 Aug 2025
- 9 min read
चर्चा में क्यों?
अगस्त 2025 में, झारखंड विधानसभा ने एक प्रमुख आदिवासी नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के लिये भारत रत्न की सिफारिश करने का प्रस्ताव पारित किया।
मुख्य बिंदु
- शिबू सोरेन के बारे में:
- उनका जन्म 11 जनवरी, 1944 को रामगढ़, झारखंड (पूर्व में बिहार) में हुआ था तथा 4 अगस्त, 2025 को उनका निधन हो गया।
- वे देशोम गुरुजी के नाम से प्रसिद्ध थे और संथाल जनजाति समुदाय से संबंध रखते थे।
- राजनीतिक विरासत:
- उन्होंने वर्ष 1972 में A.K. रॉय और बिनोद बिहारी महतो के साथ मिलकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सह-स्थापना की, जिसका उद्देश्य झारखंड के लोगों के लिये अलग जनजातीय राज्य का निर्माण करना था।
- वे वर्ष 2000 में झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में प्रमुख व्यक्ति थे।
- उन्होंने 38 वर्षों से अधिक समय तक JMM का नेतृत्व किया और झारखंड के राजनीतिक परिदृश्य को व्यापक रूप से प्रभावित किया
- उन्होंने तीन बार (2005, 2008 और 2009-2010) झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
- इसके अतिरिक्त, वे आठ बार लोकसभा सदस्य के रूप में चुने गए और तीन बार राज्यसभा में सांसद रहे।
- उन्होंने केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में भी कार्य किया।