इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (I): जनवरी, 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में दवा मानकों की पुस्तक- 'इंडियन फार्माकोपिया' को मान्यता दी है?

    उत्तर : अफगानिस्तान। इस्लामिक गणराज्य अफगानिस्तान ने औपचारिक रूप से इंडियन फार्माकोपिया (IP) को मान्यता दी है। यह दवाओं के लिये मानकों की एक प्रतिष्ठित पुस्तक है। अब इसका उपयोग अफगानिस्तान में स्वास्थ्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये किया जाएगा। यह औषध एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और नियम 1945 के अनुसार मानकों की आधिकारिक मान्यता प्राप्त पुस्तक है। यह पुस्तक पहचान, शुद्धता और शक्ति के संदर्भ में भारत में निर्मित और विपणन की जाने वाली दवाओं के मानकों को निर्दिष्ट करती है। दवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिये इसे भारतीय फार्माकोपिया आयोग (Indian Pharmacopoeia Commission) द्वारा नए मोनोग्राफ के समावेशन और मौजूदा मोनोग्राफ को अपडेट कर एक आधिकारिक दस्तावेज के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में सशस्त्र बलों की छठी शाखा के रूप में ‘स्पेसकॉम’ की शुरुआत की है?

    उत्तर : संयुक्त राज्य अमेरिका। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों की छठी शाखा के रूप में अमेरिकी अंतरिक्ष बल (U.S. Space Force-USSF) की स्थापना का निर्देश देते हुए राष्ट्रीय रक्षा प्राधिकरण अधिनियम, 2020 (National Defense Authorization Act, 2020) पर हस्ताक्षर किये। USSF की स्थापना सितंबर 2019 में पहले Spacecom नामक एक नए पेंटागन कमांड के लॉन्च के बाद हुई। सेना, वायु सेना, नौसेना, मरीन और तटरक्षक बल के बाद USSF अमेरिकी सेना की छठी औपचारिक सेना होगी। इसका मुख्यालय पेंटागन में होगा। इसमें वायु सेना के लगभग 16,000 सैनिक और असैनिक कर्मचारी शामिल होंगे।

  • 3. इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) का मुख्यालय कहाँ स्थित है?

    उत्तर : जेद्दा, सऊदी अरब। OIC की स्थापना मोरक्को के रबात में 25 सितंबर, 1969 को हुए ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन के निर्णय के बाद एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन के रूप में हुई थी। OIC संयुक्त राष्ट्र के बाद दूसरा सबसे बड़ा अंतर-सरकारी संगठन है तथा इसके सदस्य देशों की संख्या 57 है। इसका प्रशासनिक केंद्र (मुख्यालय) जेद्दा, सऊदी अरब में स्थित है। भारत OIC का सदस्य देश नहीं है। पहली बार मार्च 2019 में OIC ने भारत को 'गेस्ट ऑफ़ ऑनर' के तौर पर विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिये आमंत्रित किया था। पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान OIC के संस्थापक सदस्य देश हैं।

  • 4. उस देश की पहचान कीजिये जो हाल ही में ‘फेनफोन’ (Phanfone) नामक टाइफून से प्रभावित हुआ:

    उत्तर : फिलीपींस। 25 दिसंबर, 2019 को टाइफून फेनफोन फिलीपींस के तट से से टकराया। टायफून फेनफोन को फिलीपींस की स्थानीय भाषा में उर्सुला (Ursula) के रूप में जाना जाता है। यह टाइफून कम्मुरी के बाद दूसरा टाइफून है जो हाल ही में फिलीपींस के तट से टकराया।

  • 5. भारत ने किस देश के साथ तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंद्र 2019’ का आयोजन किया?

    उत्तर : रूस। 10 से 19 दिसंबर, 2019 तक भारत और रूस की तीनों सेनाओं के दूसरे संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंद्र-2019’ का आयोजन बबीना (झांसी के निकट), पुणे और गोवा में किया गया। सैन्य अभ्यास की ‘इंद्र’ (INDRA) शृंखला की शुरुआत वर्ष 2003 में हुई थी। इसे दोनों देशों के बीच बारी-बारी से एकल सेवा अभ्यास के रूप में आयोजित किया जाता था। हालाँकि तीनों सेनाओं के बीच पहला संयुक्त अभ्यास वर्ष 2017 में आयोजित किया गया था। इस सैन्य अभ्यास के माध्यम से दोनों देश संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत आतंकवाद का सामना करने के लिये संयुक्त रूप से विकसित प्रथाओं के साथ-साथ एक-दूसरे की सर्वोत्तम प्रथाओं का अनुकरण करने में सक्षम होंगे।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2