-
1. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ सिमिलिपाल टाइगर रिज़र्व स्थित है– जो दुनिया के एकमात्र मेलेनिस्टिक बाघों का निवास स्थान है और हाल ही में इसे भारत का 107वाँ राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया है।
उत्तर : ओडिशा ओडिशा सरकार ने भितरकनिका के बाद सिमिलिपाल टाइगर रिज़र्व को राज्य का दूसरा राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया है। इस घोषणा के साथ ही सिमिलिपाल भारत का 107वाँ राष्ट्रीय उद्यान बन गया है, जो देश के जैवविविधता संरक्षण प्रयासों में योगदान दे रहा है।
-
2. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ रामेश्वरम और भारत की मुख्य भूमि के बीच संपर्क बढ़ाने के लिये भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी ब्रिज, न्यू पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया गया।
उत्तर : तमिलनाडु तमिलनाडु में भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी ब्रिज, न्यू पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया गया। यह रामेश्वरम शहर और भारत की मुख्य भूमि के बीच संपर्क को बेहतर बनाता है, जिससे यात्रियों और वस्तु परिवहन दोनों के लिये यात्रा अधिक कुशल हो जाएगी।
-
3. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ यूनेस्को द्वारा नामित किला स्थित है, जो कभी यादवों, तुगलकों, बहमनियों और कुछ समय के लिये मराठों सहित कई राजवंशों की राजधानी हुआ करता था।
उत्तर : महाराष्ट्र महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर ज़िले में दौलताबाद किले में लगी आग के कारण भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI) को यूनेस्को द्वारा नामित इस धरोहर स्थल को हुई क्षति का आकलन करने और आपदा प्रबंधन की योजना बनाने के लिये बाध्य होना पड़ा है। यह स्थल कभी यादवों, तुगलकों, बहमनी और कुछ समय के लिये मराठों सहित कई राजवंशों की राजधानी हुआ करता था।
-
4. उत्तर पश्चिमी भारत और दक्षिण पूर्वी पाकिस्तान में फैले रेगिस्तान का पता लगाएं, जो सिंधु नदी और अरावली पर्वतमाला से घिरा है।
उत्तर : थार रेगिस्तान थार रेगिस्तान भारतीय उपमहाद्वीप पर रेतीली पहाड़ियों का एक शुष्क क्षेत्र है। यह उत्तर-पश्चिमी भारत (राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा) और दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान (सिंध और पंजाब प्रांत) में 200,000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है।
-
5. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य स्थित है, जिसे एक महत्त्वपूर्ण पक्षी विहार और जैवविविधता क्षेत्र (IBA) के रूप में नामित किया गया है तथा चीता पुनर्वास परियोजना में भी शामिल है।
उत्तर : मध्य प्रदेश गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में (राजस्थान की सीमा से लगे) स्थित है। यह 368 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है जो चीता पुनर्वास परियोजना में शामिल स्थलों में से एक है, जिसका उद्देश्य कुनो राष्ट्रीय उद्यान से कुछ चीतों को स्थानांतरित करके उनके आवास का विस्तार करना है।