इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 28 जून, 2023

  • 28 Jun 2023
  • 5 min read

हेलेन केलर दिवस

“आशावाद (Optimism) वह विश्वास है जो उपलब्धि की ओर ले जाता है, आशा के बिना कुछ भी नहीं किया जा सकता”- हेलेन केलर। भारत में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने 27 जून, 2023 को हेलेन केलर दिवस मनाया, जिसमें हेलेन केलर के उल्लेखनीय जीवन और उपलब्धियों को याद किया गया, जो अपने बहरेपन और अंधेपन पर काबू पाकर लाखों लोगों के लिये प्रेरणा बनीं। अपनी अक्षमताओं के बावजूद केलर के दृढ़ संकल्प और दृढ़ता ने उन्हें एक प्रसिद्ध लेखिका, "अमेरिकन फाउंडेशन फॉर द ब्लाइंड" की संस्थापक तथा दिव्यांग व्यक्तियों के लिये एक भावुक समर्थक बनने के लिये प्रेरित किया। वर्ष 1903 में प्रकाशित उनकी आत्मकथा, "द स्टोरी ऑफ माई लाइफ" उनकी सबसे प्रसिद्ध कृतियों में से एक है। अन्य उल्लेखनीय प्रकाशनों में "आशावाद," "द वर्ल्ड आई लिव इन" और "माई रिलिजन" शामिल हैं।
और पढ़ें…भारत में दिव्यांगजन

राष्ट्रीय निकास परीक्षा

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने हाल ही में राष्ट्रीय निकास परीक्षा (National Exit Test) की घोषणा की, जो दो-चरणीय मेडिकल लाइसेंसधारी परीक्षा के रूप में कार्य करेगी और विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (FMGE) तथा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- स्नातकोत्तर (NEET-PG) की जगह लेगी। राष्ट्रीय निकास परीक्षा (NExT) के पहले बैच में वर्ष 2019 में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश पाने वाले छात्र होंगे। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग भारत में एक वैधानिक निकाय है जिसे सरकार द्वारा वर्ष 2019 में राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद (Medical Council of India- MCI) को बदलने के लिये स्थापित किया गया था।
और पढ़े… राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, राष्ट्रीय निकास परीक्षा

राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों को प्रतिष्ठित सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किया

हाल ही में भारत के राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में सशस्त्र बलों तथा भारतीय तटरक्षक बल के 84 सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों को विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किये। इन पुरस्कारों में 52 अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM), 3 उत्तम युद्ध सेवा पदक (UYSM) तथा 28 परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) शामिल हैं। सशस्त्र बलों में असाधारण विशिष्ट सेवा के लिये अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) से सम्मानित किया जाता है। उत्कृष्ट सेवा के अनेक उदाहरणों को AVSM में एक बार शामिल किया जाता है। उत्तम युद्ध सेवा पदक (UYSM) युद्ध या विशिष्ट सैन्य अभियानों के दौरान असाधारण परिचालन सेवा को दर्शाता है। परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) सशस्त्र बलों में सर्वोच्च क्रम की विशिष्ट सेवा को दर्शाता है। इस पुरस्कार से उन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने अपने कर्तव्यों के प्रति असाधारण प्रतिबद्धता एवं समर्पण को प्रदर्शित किया है।
और पढ़ें… वीरता पुरस्कार

जन्म और मृत्यु पंजीकरण के लिये आधार प्रमाणीकरण

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से अधिकृत होने के जाने बाद गृह मंत्रालय ने महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त को जन्म और मृत्यु पंजीकरण के लिये आधार प्रमाणीकरण का उपयोग करने की अनुमति दी है। जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम के तहत नियुक्त महापंजीयक अब जन्म और मृत्यु के लिये रिपोर्टिंग फॉर्म में दिये गए आधार नंबरों को स्वैच्छिक रूप से सत्यापित कर सकेंगे। इस प्रमाणीकरण प्रक्रिया का उद्देश्य बच्चों, माता-पिता, और जीवनसाथी आदि की पहचान स्थापित करना है। महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त एक सरकारी पद है जो जन्म, मृत्यु और विवाह जैसी महत्त्वपूर्ण घटनाओं के पंजीकरण की देख-रेख के लिये ज़िम्मेदार है। सटीक जनसांख्यिकीय डेटा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय जनगणना संपन्न कराने में इसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2